The nation held the world champion team in high esteem | भास्कर ओपिनियन: विश्व विजेता टीम को देश ने पलकों पर बैठाया

36 मिनट पहलेलेखक: नवनीत गुर्जर, नेशनल एडिटर, दैनिक भास्कर

  • कॉपी लिंक

संसद सत्र ख़त्म हो चुका था। तमाम राजनीतिक बहसों और तर्कों को विराम मिल चुका था। फिर बारी आई क्रिकेट की। क्रिकेटरों की… और क्रिकेट प्रेमियों की। हालाँकि भारत की विजय हुए चार दिन बीत चुके थे। लेकिन टीम इंडिया जब देश लौटी तो लगा ये तो आज की ही बात है। दिल्ली एयरपोर्ट पर टीम का भव्य स्वागत हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल से स्वागत किया। प्रधानमंत्री टीम के एक- एक सदस्य से मिले और क़रीब दो घंटे उनसे बातचीत करते रहे। इसके बाद टीम दिल्ली से मुंबई पहुँची।

विजय रथ पर ट्रॉफी के साथ पंत, कोहली, द्रविड़ और सैमसन।

विजय रथ पर ट्रॉफी के साथ पंत, कोहली, द्रविड़ और सैमसन।

मरीन ड्राइव पर उमड़े जन- समुद्र के आगे मुंबई वाला समुद्र बौना नज़र आ रहा था। क्रिकेट के प्रति ऐसा जोश, ऐसा प्रेम दुनिया के और किसी देश में देखने को नहीं मिलता। यही वजह है कि विश्व क्रिकेट हमेशा भारतीय क्रिकेट टीम के इर्द- गिर्द घूमता रहता है। हमारी टीम की हार में भी क्रिकेट प्रेमी पॉजिटिविटी देखते हैं और जीत में तो उनका उत्साह सातवें आसमान पर पहुँच जाता है।

मुंबई पहुँचकर टीम इंडिया ने अपने भावुक उद्गार दिए। कप्तान रोहित शर्मा ने कहा वे इस ट्रॉफ़ी को आज देश को समर्पित कर रहे हैं। इस पर भारत के बच्चे- बच्चे का अधिकार भी है और हक़ भी। पूर्व कप्तान और फ़ाइनल के मैन ऑफ़ द मैच विराट कोहली ने नंबर वन बॉलर जसप्रीत बुमराह को टीम और देश का हीरो बताया। कहा- देश को जीत का यह तोहफ़ा बुमराह ने दिया है। उसके जैसा क्रिकेटर पीढ़ियों में कभी – कभार ही पैदा होता है। विराट ने कहा बुमराह दुनिया का आठवाँ अजूबा है।

हाथ में तिरंगा थामे टीम बस पर कप्तान रोहित शर्मा।

हाथ में तिरंगा थामे टीम बस पर कप्तान रोहित शर्मा।

लोग भावुक हो उठे। कोई क्रिकेटर खुद को महान नहीं बता रहा था। सब के सब एक- दूसरे की प्रशंसा कर रहे थे। यही सामूहिकता की ताक़त है और निश्चित रूप से यही जीत का मंत्र भी रहा होगा। बाद मे बुमराह ने सबको भावुक कर दिया। कहा-मैं कभी जीत या हार के बाद रोता नहीं हूँ लेकिन इस जीत के बाद मेरे भी आंसू निकल पड़े थे। उल्लेखनीय है कि टी20 विश्व कप जीतने के बाद महान क्रिकेटर रोहित शर्मा और विराट कोहली ने क्रिकेट के इस फ़ॉर्म यानी टी20 से संन्यास ले लिया है। जडेजा भी इन दोनों के नक़्शे कदम पर चल पड़े। अब वे भी टी20 नहीं खलेंगे। इन तीनों के इस फ़ैसले के कारण भी माहौल में भावुकता बढ़ गई थी।

खबरें और भी हैं…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *