- Hindi News
- National
- Shivaji Maharaj Statue Collapse; Narayan Rane Vs Aditya Thackeray | Shiv Sena BJP
सिंधुदुर्ग2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
राजकोट किले के बाहर शिवसेना (UBT) और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़े। दोनों ने एक-दूसरे की पार्टी के खिलाफ नारेबाजी भी की।
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में राजकोट किले में 2 दिन पहले गिरी छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा को लेकर राजनीतिक घटनाक्रम तेज हो गए हैं। शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और भाजपा सांसद नारायण राणे अपने-अपने समर्थकों के साथ एक ही समय पर राजकोट के किले (जहां शिवाजी की प्रतिमा थी) पहुंचे। यहां दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए।
बुधवार सुबह आदित्य ठाकरे किले में अपने समर्थकों के साथ चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान नारायण राणे अपने बेटे निलेश राणे और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ राजकोट किला पहुंचे। यहां तैनात पुलिस अधिकारियों से उनकी बहस होने लगी। इसके बाद फोर्ट के अंदर से बाहर आए ठाकरे के समर्थकों से राणे के समर्थक भिड़ गए और धक्का-मुक्की करने लगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ठाकरे कि खिलाफ नारेबाजी की थी, जिससे ठाकरे के समर्थक भड़क गए। घटना के बाद ठाकरे ने कहा- यहां जो हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण था। छत्रपति शिवाजी महाराज के किले पर राजनीति नहीं करनी चाहिए थी।

मुंबई से लगभग 480 किमी दूर सिंधुदुर्ग जिले के मालवन स्थित राजकोट किले में शिवाजी महाराज की 35 फुट की मूर्ति बनी थी।
नेवी जांच कर रही
प्रतिमा गिरने के बाद इंडियन नेवी ने कहा था कि घटना के जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रतिमा गिरने के कारण का जल्द ही पता लगेगा। मूर्ति की मरम्मत और फिर से स्थापना के लिए एक टीम बनाई गई है।
CM बोले- तेज हवा के कारण प्रतिमा गिरी
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी, जिससे प्रतिमा गिर गई। नेवी ने शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा की डिजाइनिंग और कंस्ट्रक्शन कराई थी। हम इसे दुबारा मजबूत तरीके से बनाएंगे। PWD और नेवी के अधिकारी घटना की जांच करेंगे।
PWD मंत्री बोले- नेवी को स्टील में जंग लगने की जानकारी दी थी
महाराष्ट्र सरकार में PWD मंत्री और भाजपा नेता रवींद्र चव्हाण ने बताया कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा की स्थापना के लिए महाराष्ट्र सरकार ने नेवी को 2.36 करोड़ रुपए दिए थे। हालांकि, प्रतिमा बनाने वाले आर्टिस्ट के चयन, उसके डिजाइन की पूरी प्रक्रिया नेवी ने की थी।
चव्हाण ने बताया कि 8 सितंबर, 2023 को प्रतिमा बनाने का ऑर्डर दिया गया था। प्रतिमा में इस्तेमाल किए गए स्टील में जंग लगना शुरू हो गया था। PWD ने पहले ही नेवी के अधिकारियों को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी थी और उनसे ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए थे।

तस्वीर 4 दिसंबर 2023 की है, जब PM ने छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा का उद्घाटन किया था।
ये खबरें भी पढ़ें…
दिल्ली एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 की छत गिरने से 1 की मौत, कांग्रेस बोली- मोदी ने उद्घाटन किया

दिल्ली में 28 जून को भारी बारिश के बीच इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट(IGI) के टर्मिनल-1 पर पार्किंग की छत गिर गई थी। हादसे में कार में बैठे एक कैब ड्राइवर की मौत हो गई, 8 घायल हो गए। हादसे को लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसी साल 10 मार्च को टर्मिनल-1 का उद्घाटन किया था, जिसकी छत गिरने से यह हादसा हुआ। पूरी खबर पढ़ें…
जबलपुर में अफसर की कार पर गिरा एयरपोर्ट का शेड, 3 महीने पहले PM मोदी ने किया था लोकार्पण

दिल्ली की घटना से एक दिन पहले 27 जून को जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट का शेड एक अफसर की कार पर गिर गया। कार की छत पूरी तरह से चपटी हो गई। शेड गिरने से 10 मिनट पहले ही ड्राइवर कार से उतरा था। 450 करोड़ रुपए की लागत से डुमना एयरपोर्ट का विस्तार होने के बाद तीन महीने पहले ही पीएम मोदी ने एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया था। पूरी खबर पढ़ें…
