Pm Modi Kuwait Visit Live Updates: Pm Modi Meeting With Prime Minister Of Kuwait Guard Of Honor Know Important – Amar Ujala Hindi News Live

09:50 AM, 22-Dec-2024

जीसीसी क्षेत्र भारत के कुल व्यापार का लगभग छठा हिस्सा

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा साझेदारी केवल आर्थिक संबंधों का एक स्तंभ नहीं है, बल्कि यह विविध और टिकाऊ विकास के लिए एक प्रेरक शक्ति भी है, जो साझा समृद्धि के भविष्य की ओर मार्ग प्रशस्त करती है। मोदी ने कहा कि खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जीसीसी कुवैत सहित छह मध्य पूर्वी देशों का संगठन है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों के साथ भारत के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों पर आधारित हैं। जीसीसी क्षेत्र भारत के कुल व्यापार का लगभग छठा हिस्सा है तथा यहां लगभग एक तिहाई भारतीय प्रवासी रहते हैं।

09:07 AM, 22-Dec-2024

‘पेट्रोकेमिकल’ क्षेत्र सहयोग के लिए एक और आशाजनक अवसर प्रदान करता है’

कुवैत भारत का छठा सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता और चौथा सबसे बड़ा एलपीजी आपूर्तिकर्ता है। पीएम मोदी ने कहा कि आगे सहयोग की अपार संभावनाएं हैं, क्योंकि भारत तीसरा सबसे बड़ा वैश्विक ऊर्जा, तेल और एलपीजी उपभोक्ता बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि कुवैत के पास वैश्विक तेल भंडार का लगभग 6.5 प्रतिशत हिस्सा है। ‘पेट्रोकेमिकल’ क्षेत्र सहयोग के लिए एक और आशाजनक अवसर प्रदान करता है, क्योंकि भारत का तेजी से बढ़ता ‘पेट्रोकेमिकल’ उद्योग 2025 तक 300 अरब अमेरिकी डॉलर का हो जाएगा।

08:52 AM, 22-Dec-2024

गाजा और यूक्रेन में शीघ्र शांति की बहाली पर पीएम का जोर

कुवैत समाचार एजेंसी (केयूएनए) को दिए एक साक्षात्कार में पीएम मोदी ने उन प्रयासों में मदद करने की इच्छा व्यक्त की, जिससे गाजा और यूक्रेन में शीघ्र शांति की बहाली हो सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि युद्ध के मैदान में ऐसे संघर्षों का समाधान नहीं खोजा जा सकता। उन्होंने मतभेदों को दूर करने तथा बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने के लिए हितधारकों के बीच ईमानदार और व्यावहारिक सहभागिता के महत्व पर बल दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने फलस्तीन के लिए एक संप्रभु, स्वतंत्र और सक्षम राज्य की स्थापना के वास्ते बातचीत द्वारा दो-देश समाधान के प्रति भारत के समर्थन को भी दोहराया।

08:38 AM, 22-Dec-2024

संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदलने के लिए तैयार: प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और कुवैत के बीच गहरे और ऐतिहासिक संबंध हैं। दोनों देश पूरे तेल और गैस के क्षेत्र में अवसरों की खोज करके अपने पारंपरिक क्रेता-विक्रेता संबंधों को एक रणनीतिक साझेदारी में बदलने के लिए तैयार हैं। पीएम मोदी शनिवार को दो दिवसीय यात्रा पर कुवैत पहुंचे, जो चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है।

08:06 AM, 22-Dec-2024

खाड़ी देश को ‘मिनी हिंदुस्तान’ कहा

इससे पहले शहर के शेख साद अल-अब्दुल्ला इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक विशेष कार्यक्रम ‘हला मोदी’ में भारतीय समुदाय के एक बड़े समूह को संबोधित करते हुए मोदी ने वैश्विक विकास में प्रवासी समुदाय के योगदान की प्रशंसा की और कहा कि भारत में विश्व की कौशल राजधानी बनने की क्षमता है। पीएम मोदी ने कहा कि हर साल सैकड़ों भारतीय कुवैत आते हैं। आपने कुवैती समाज में भारतीय स्पर्श जोड़ा है। आपने कुवैत के कैनवास को भारतीय कौशल के रंगों से भर दिया है। आपने कुवैत में भारत की प्रतिभा, तकनीक और परंपरा का सार मिला दिया है। प्रधानमंत्री ने खाड़ी देश में देश के विभिन्न कोनों से आए भारतीयों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे ‘मिनी हिंदुस्तान’ कहा। 

08:05 AM, 22-Dec-2024

‘अरेबियन गल्फ कप’ के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए

प्रधानमंत्री शनिवार को जाबेर अल-अहमद अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 26वें ‘अरेबियन गल्फ कप’ के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रधानमंत्री कुवैत के अमीर, युवराज (क्राउन प्रिंस) और प्रधानमंत्री के साथ भव्य उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस कार्यक्रम ने प्रधानमंत्री को कुवैत के नेतृत्व के साथ अनौपचारिक बातचीत करने का अवसर भी प्रदान किया।

07:54 AM, 22-Dec-2024

PM Modi in Kuwait Live: कुवैत के प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे पीएम मोदी; ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया जाएगा

PM Modi Kuwait Visit Live Updates In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुवैत दौरे का आज दूसरा और आखिरी दिन है। वे शनिवार को दो दिवसीय यात्रा पर कुवैत पहुंचे थे। वे कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के आमंत्रण पर कुवैत पहुंचे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *