NEET Supreme Court hearing live updates : मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी में हुई गड़बड़ियों के चलते एग्जाम रद्द कर दोबारा कराने ( NEET RETEST ) की मांग वाली कई याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट फिर से सुनवाई करेगा। मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच इन याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है। शीर्ष अदालत में मामले की सुनवाई सुबह 10.30 बजे से शुरू होनी थी। लेकिन अब यह दोपहर में होगी। एनटीए, सरकार और सीबीआई ने माना है कि पेपर लीक हुआ है इसलिए आज सुप्रीम कोर्ट बड़ा फैसला सुना सकता है। एक दिन पहले बुधवार को केंद्र सरकार की ओर से नीट पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया गया है। हलफनामे में कहा गया है कि नीट-यूजी परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली नहीं हुई। केंद्र सरकार की ओर से कहा गया है कि वह नीट एग्जाम फिर से कराने के पक्ष में नहीं है। हलफनामे के अनुसार सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि दोषी किसी भी छात्र को कोई लाभ न मिले। सुप्रीम कोर्ट में दायर इस हलफनामे में केंद्र सरकार की ओर से कहा गया कि जुलाई 2024 के तीसरे हफ्ते से काउंसलिंग शुरू होगी। इस दौरान अगर पाया जाता है कि किसी भी छात्र ने गलत तरीके से परीक्षा पास की है तो उसका परीक्षा परिणाम रद्द कर दिया जाएगा। नीट यूजी मामले में केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा कि आईआईटी मद्रास के डेटा एनालिटिक्स कोई असामान्यता या बड़े पैमाने पर गड़बड़ी नहीं दिखाता है।
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि सीबीआई ने भी अपनी रिपोर्ट अदालत को सौंप दी है। इसमें जांच एजेंसी ने कहा है कि नीट का पेपर बड़े पैमाने पर लीक नहीं हुआ है। यह सिर्फ स्थानीय स्तर पर ही लीक हुआ है। सीबीआई ने यह भी कहा कि पेपर सोशल मीडिया पर लीक नहीं हुआ है। स्थानीय स्तर पर पेपर लीक होने की पुष्टि हो गई है।
आपको बता दें कि इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने 8 जुलाई 2024 को एनटीए और सीबीआई से पेपर लीक होने के समय और परीक्षा के बीच की अवधि के बारे में जानकारी मांगी थी। इस बीच एनटीए ने भी सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर दिया है।
NEET Supreme Court hearing live : कहीं दोबारा परीक्षा कराने का आदेश न दे दे कोर्ट
NEET Supreme Court hearing live : उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा था कि यदि नीट-यूजी 2024 की शुचिता नष्ट हो गई है तो दोबारा परीक्षा का आदेश देना होगा। एनटीए, सरकार और सीबीएसई मान चुके हैं कि पेपर लीक हुआ है हालांकि वो स्थानीय स्तर पर हुआ है। बड़े स्तर पर नहीं। सरकार का कहना है कि पूरे देश में परीक्षा रद्द नहीं होनी चाहिए।
NEET 2024 hearing live : नीट पेपर लीक की पुष्टि
NEET 2024 hearing live : एनटीए, सरकार और सीबीआई ने माना है कि पेपर लीक हुआ है इसलिए आज सुप्रीम कोर्ट बड़ा फैसला सुना सकता है। हालांकि तीनों ने कहा है कि पेपर लीक का दायरा काफी सीमित था। यह बड़े पैमाने पर लीक नहीं हुआ। अब देखना होगा कि सुप्रीम कोर्ट फिर से पूरे देश में नीट कराने का आदेश देता है या फिर सिर्फ प्रभावित सेंटरों पर रीएग्जाम का आदेश देता है।
NEET 2024 hearing live : नीट पेपर लीक में दो बड़ी गिरफ्तारी, पटना से सनी और रंजीत को CBI ने दबोचा
NEET 2024 hearing live : नीट पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीबीआई ने पटना से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की शिनाख्त सनी कुमार और रंजीत कुमार के रूप में हुई है। सनी नालंदा का रहने वाला है। जबकि रंजीत गया का रहने वाला है। रंजीत ने अपने बेटे की नीट परीक्षा में सेटिंग कराई थी। हालांकि अभी तक उसके बेटे क गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
NEET 2024 hearing live : नीट पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला कुछ देर में
NEET 2024 hearing live : नीट मामलों को आइटम नंबर 40 से 45 के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। बेंच अब आइटम 33 पर सुनवाई कर रही है।
NEET 2024 hearing live : नीट यूजी के टॉप 1000 उम्मीदवार 800 केंद्रों में फैले हुए हैं
NEET 2024 hearing live : एनटीए के अधिकारी ने कहा, “हमने हजारों उम्मीदवारों के प्रत्येक समूह के स्कोरिंग पैटर्न और उनके मार्क्स वितरण पर गौर किया। जैसे शीर्ष नीट यूजी के टॉप 1000 उम्मीदवार 800 केंद्रों में फैले हुए हैं।” उन्होंने कहा कि शीर्ष 1 लाख उम्मीदवार, जिनके एमबीबीएस या डेंटल सीट पाने की सबसे अधिक संभावना है, 4,750 केंद्रों में से 4,500 केंद्रों से हैं। इन सब बातों से यह आरोप गलत साबित होता है कि टॉपर्स विशिष्ट केंद्रों में केंद्रित थे। उन्होंने कहा, “अगर हम शीर्ष 5,000 उम्मीदवारों जैसे छोटे समूहों की भी जांच करें, तो वे भी 780 केंद्रों से हैं।”
NEET 2024 hearing live : पटना से बाहर बड़े स्तर पर नीट पेपर लीक नहीं
NEET 2024 hearing live : एनटीए ने कहा है कि पटना के 12 केंद्रों से केवल 175 और गोधरा के दो केंद्रों से 8 अभ्यर्थी ही नीट यूजी परीक्षा में 640 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने में सफल रहे। जांच के दायरे में आए गोधरा केंद्रों से किसी भी अभ्यर्थी ने 680 या उससे अधिक अंक प्राप्त नहीं किए, और पटना केंद्रों से केवल 35 उम्मीदवारों ने यह स्कोर प्राप्त किया। एनटीए ने दावा किया है कि नीट का पेपर सिस्टेमैटिक लीक नहीं हुआ है। नीट के अधिकारियों ने बताया कि शीर्ष 1000, 5000 और 10,000 अभ्यर्थी 800 से अधिक एग्जाम सेंटरों से हैं और जरूरी नहीं कि वे जांच के दायरे में आए परीक्षा केंद्रों के समूह से हों। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक एनटीए ने कहा है कि उसके डेटा विश्लेषण से पता चलता है कि पटना से बाहर बड़े लेवल पर पेपर लीक का संकेत नहीं मिला है। एनटीए डेटा एनालिसिस में यह भी कहा गया है कि जिस उम्मीदवार की टेस्ट बुकलेट की जांच की गई थी, उसे केवल 103 अंक मिले थे। टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक एनटीए के एक अधिकारी ने कहा, “बिहार पुलिस ने जिस रोशनी नाम की लड़की की बुकलेट जब्त की थी, उसके 720 में से 103 अंक हैं।”
NEET 2024 hearing live : नीट केस का मामला कुछ देर में सुना जाएगा
NEET 2024 hearing live : सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। अभी आइटम नंबर 18 पर सुनवाई हो रही है। नीट यूजी पेपर लीक केस आइटम नंबर 43 है।
NEET Supreme Court hearing live : नीट पर बोले केंद्रीय मंत्री
नीट मामले पर बोले केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह – कुछ करना पड़ेगा, नहीं तो युवाओं का भरोसा उठ जाएगा।
NEET supreme court hearing live: सीबीआई ने भी बताया कि पेपर बड़े पैमाने पर लीक नहीं हुआ
NEET supreme court hearing live: इंडिया टुडे की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सीबीआई ने शीर्ष कोर्ट को सौंपी अपनी रिपोर्ट में बताया है कि नीट पेपर लीक की घटना स्थानीय स्तर पर हुई है, सोशल मीडिया पर नीट का पेपर सर्कुलेट नहीं हुआ है।
NEET UG supreme court hearing live: सरकार ने आईआईटी से कराया नीट रिजल्ट का विश्लेषण
NEET UG supreme court hearing live: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने नीट परीक्षा परिणाम के डेटा के विश्लेषण के लिए आईआईटी मद्रास से मदद मांगी थी। आईआईटी मद्रास ने साल 2023 व 2024 के शहरवार डाटा में शीर्ष 1.4 लाख रैंक वालों को शामिल किया। परीक्षण यह बताने के लिए पर्याप्त था कि क्या किसी शहर या परीक्षा केंद्र के अभ्यर्थी को गड़बड़ी का लाभ मिला। हालांकि परीक्षण ने साबित किया कि ऐसा नहीं हुआ। किसी खास शहर या केंद्र में बड़े पैमाने पर बच्चों को असाधारण अंक नहीं मिले हैं। यह जरूर सामने आया कि छात्रों के अंकों में उछाल आया है। यह रेंज 550 से 720 के बीच है। लेकिन, इसके लिए पाठ्यक्रम में 25 फीसदी की कटौती को श्रेय दिया जा सकता है। है। साथ ही, उच्च अंक पाने वाले छात्र विभिन्न शहरों और केंद्रों में फैले हैं। इसके साफ संकेत हैं कि उच्च अंक मिलने में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है।
NEET UG live: नीट काउंसलिंग चार चरणों में होगी
NEET UG live: सरकार ने हलफनामे में कहा है कि काउंसलिंग की प्रक्रिया चार चरणों में जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होगी। इस दौरान भी किसी अभ्यर्थी के पेपर लीक या गड़बड़ी में शामिल होने की पुष्टि होती है, तो उसे बाहर किया जा सकता है।
NEET UG live: नीट मामले पर सुनवाई 10.30 बजे संभव
NEET UG live: कुछ ही देर में मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ नीट मामले पर सुनवाई शुरू करेगी। पीठ सुबह 10.30 बजे से सुनवाई शुरू करेगी।
NEET UG live: जांच रिपोर्ट साझा करे सीबीआई
NEET UG live: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पूछा – प्रश्नपत्र लीक की सूचना सबसे पहले कब मिली, इसका पूरा विवरण साझा करें और लीक के साधन का भी पूरी जानकारी दी।
– सीबीआई के अधिकारी जांच की त्वरित रिपोर्ट अदालत में पेश करें, बताएं कि जांच कहां तक पहुंची है। अब तक उन्होंने क्या पाया है गुरुवार को इसकी जानकारी दें।
– परीक्षा रद्द नहीं करना चाहती है, लेकिन वह प्रश्नपत्र लीक होने के बाद इसका लाभ लेने वालों की पहचान कैसे करेगी?
NEET UG live: कोर्ट ने पूछा- नीट पेपर लीक से कितने लोगों को फायदा हुआ
NEET UG live: सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था- नीट यूजी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हुआ, इस पर कोई सवाल नहीं है। हम अनियमितता का प्रभाव जानना चाहते हैं। बहुत से संदेह हैं- जैसे 67 छात्रों को 720 में 720 अंक मिले। हम जानना चाहते हैं कि पेपर लीक से कितने लोगों को फायदा हुआ, केंद्र ने इनके विरुद्ध क्या कार्रवाई की है। कितने गलत लोगों का रिजल्ट रोका गया, इनका भौगोलिक विवरण क्या है।
NEET UG live: नीट परीक्षा रद्द करने से लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ सकता है- केंद्र सरकार
NEET UG live: परीक्षा रद्द करने से लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ सकता है। इसलिए परीक्षा रद्द करने की जरूरत नहीं है। वहीं याचिकाकर्ताओं ने कहा, प्रश्नपत्र लीक होने से परीक्षा की पवित्रता भंग हुई है।
NEET UG live: सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने माना था कि पेपर लीक हुआ है
NEET UG live: सोमवार को नीट मामले से जुड़ी 30 याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) और सीबीआई से कई सवाल पूछे थे। कोर्ट ने माना कि प्रश्न पत्र लीक हुआ है। अगर परीक्षा की पवित्रता प्रभावित हुई है, सोशल मीडिया से प्रश्नपत्र को प्रसारित किया गया है तो दोबारा परीक्षा का आदेश हो सकता है। पीठ में शामिल न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा ने कहा कि एक बात स्पष्ट है कि प्रश्न पत्र लीक हुआ है। अगर हम दोषियों की पहचान नहीं कर पाते हैं तो पुनपरीक्षा का आदेश दिया जा सकता है। अदालत ने ये भी कहा कि पेपर लीक का प्रभाव कितना था, इसी आधार पर दोबारा परीक्षा का निर्णय होगा। अदालत ने सरकार से कहा कि परीक्षा को लेकर क्या हुआ, इसे नकारा नहीं जा सकता। मान लीजिए कि सरकार परीक्षा रद्द नहीं करना चाहती है, लेकिन वह प्रश्नपत्र लीक होने के बाद इसका लाभ लेने वालों की पहचान कैसे करेगी?
NEET UG live: एनटीए और केंद्र सरकार ने हलफनाम में क्या कहा
NEET UG live: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद एनटीए व केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर दिया है। केंद्र सरकार की ओर से कहा गया कि वह नीट एग्जाम फिर से कराने के पक्ष में नहीं है। हलफनामे के अनुसार सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि दोषी किसी भी छात्र को कोई लाभ न मिले। केंद्र सरकार ने कहा कि परीक्षा में कोई बड़े पैमाने पर गड़बड़ी नहीं हुई है। सुप्रीम कोर्ट में दायर इस हलफनामे में केंद्र सरकार की ओर से कहा गया कि जुलाई 2024 के तीसरे हफ्ते से काउंसलिंग शुरू होगी। इस दौरान अगर पाया जाता है कि किसी भी छात्र ने गलत तरीके से परीक्षा पास की है तो उसका परीक्षा परिणाम रद्द कर दिया जाएगा। नीट यूजी मामले में केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा कि आईआईटी मद्रास के डेटा एनालिटिक्स कोई असामान्यता या बड़े पैमाने पर गड़बड़ी नहीं दिखाता है।
NEET UG live: नीट पर टेलीग्राम वीडियो को एनटीए ने बताया फर्जी
NEET UG live: एनटीए ने सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे में नीट पेपर लीक मामले पर कथित टेलीग्राम वीडियो को फर्जी बताया। एनटीए ने कहा कि वह वीडियो 4 मई का दिखाने के लिए एडिट किया गया था। टेलीग्राम चैनल के सभी सदस्य भी फर्जी थे। एनटीए ने कहा कि नीट यूजी मामले में टॉप 100 कैंडिडेट 56 शहरों के 95 सेंटर से हैं, इसलिए कुछ परीक्षा केंद्रों से ही टॉपर का आरोप निराधार है।
NEET UG live: नीट परीक्षा परिणाम के बाद ही उठने लगे थे सवाल
NEET UG live: नीट यूजी परीक्षा 5 मई को हुई थी। इसमें करीब 24 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे. 4 जून को रिजल्ट आया था. इसके बाद से ही इस पर सवाल उठने लगे. परीक्षा में एक साथ 67 टॉप कर गए. सभी को 720 में से 720 नंबर मिले. ऐसा पहली बार हुआ कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों ने 100 फीसदी नंबर पाए। कई संस्थानों में विभिन्न एजेंसियों की जांच जारी है।
NEET UG live: सोमवार को हुई थी नीट पर सुनवाई
NEET UG live: नीट यूजी पेपर लीक मामले पर इससे पहले सोमवार को सुनवाई हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने नीट-यूजी में अनियमितताओं का आरोप लगाने वाली याचिकाओं पर अगली सुनवाई करते हुए एनटीए को भी हलफनामा दायर करने के लिए कहा था। इस मामले में अगली सुनवाई 11 जुलाई 2024 को होगी। सीबीआई ने नीट मामले में कथित पेपर लीक को लेकर मंगलवार (9 जुलाई 2024) को दो और लोगों को पटना से गिरफ्तार किया था। सीबीआई अभी तक इस मामले में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।