- Hindi News
- National
- IMD Monsoon Weather Update; Rainfall Alert | Rajasthan MP UP Delhi NCR Kerala Delhi Forecast
नई दिल्ली8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार (9 जुलाई) के लिए मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे और सतारा के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। IMD ने भी मुंबई में 12 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
IMD ने मंगलवार के लिए मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में शहर में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। BMC ने मुंबई के लोगों से अनुरोध किया है कि अगर जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलें। मुंबई में रविवार देर रात 1 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक छह घंटे में 300 मिमी से ज्यादा बारिश हुई थी। इस कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
मौसम विभाग ने आज 7 राज्यों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक शामिल हैं। वहीं 13 राज्यों- नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट है।

देशभर में मौसम का असर…
1. उत्तराखंड: सोमवार को फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा
सोमवार को उत्तराखंड के कई हिस्सों में लगातार बारिश होती रही, जिससे कुमाऊं क्षेत्र में नदियों में बाढ़ आ गई। इससे गांव की तरफ जाने वाले सैकड़ों रास्ते ब्लॉक हो गए और चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों के कई गांवों में जलभराव हो गया।
वहीं भारी बारिश की भविष्यवाणी के चलते रविवार को रोकी गई चार धाम यात्रा सोमवार को फिर से शुरू हो गई। उत्तराखंड में पिछले 4 दिन से जारी तेज बारिश के चलते केदारनाथ, बद्रीनाथ हाईवे समेत 115 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। इससे जगह-जगह 6 हजार श्रद्धालु फंस गए थे।
2. असम: बारिश के चलते 6 और लोगों की मौत, 19 लाख लोग बाढ़ में फंसे
असम में सोमवार को बाढ़ के चलते छह और लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही बाढ़, भूस्खलन और तूफान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है। 27 जिलों में लगभग 19 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में अब तक 137 जंगली जानवरों की जान जा चुकी है। रविवार को यह संख्या 129 थी।
3. हिमाचल प्रदेश: 12 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान
IMD ने हिमाचल प्रदेश में 12 जुलाई तक के लिए भारी बारिश का अनुमान जताया है। IMD ने 11 और 12 जुलाई के लिए ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए भारी बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं।


देशभर से मौसम की तस्वीरें…

राजस्थान के जयपुर में भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।

मुंबई में रविवार-सोमवार की रात हुई भारी बारिश के बाद सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया।

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के खटीमा में भारी बारिश के बाद सड़कों पर भरा पानी।

केरल के कन्नूर में भारी बारिश के बाद घर पर पेड़ गिर गया।

मुंबई में बारिश के बाद पवई लेक ओवरफ्लो हो रही है। लेक में नहाते लोग।

सोमवार की भारी बारिश के बाद मुंबई के चूनाभट्टी रेलवे स्टेशन पर भरा पानी।

कर्नाटक के उडुपी में पानी भरी सड़क से गुजरते लोग।

उत्तराखंड के चंपावत में NDRF ने बाढ़ प्रभावित इलाके से लोगों का रेस्क्यू किया।

उत्तराखंड के देहरादून में भारी बारिश के बाद सड़कों पर भरा पानी।

गुजरात के सूरत के पुनागम में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन रोड का एक हिस्सा ढह गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम…
- 10 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश संभव है।
- 10 जुलाई को उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
- 10 जुलाई को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ स्थानों पर बिजली चमकने की संभावना है।
- पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार के उप-हिमालयी जिलों में 12 जुलाई तक भारी बारिश होने की संभावना है।
राज्यों के मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश: ग्वालियर, चंबल-निमाड़ में भारी बारिश का अलर्ट, निवाड़ी-छिंदवाड़ा में भी पानी गिरेगा

मध्यप्रदेश के ग्वालियर-चंबल में लगातार चौथे दिन भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल में सुबह करीब डेढ़ घंटे बारिश हुई। इंदौर संभाग के जिलों के साथ छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सागर, शाजापुर, राजगढ़, निवाड़ी और सिवनी में भी तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग, भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि प्रदेश में दो सिस्टम एक्टिव हैं। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान: जयपुर सहित 11 जिलों में आज बरसात का यलो अलर्ट; कल से गर्मी-उमस फिर बढ़ेगी

राजस्थान के श्रीगंगानगर में शनिवार (6 जुलाई) की रात से बारिश हो रही है। इससे सुखाड़िया सर्किल पर पानी बह निकला।
राजस्थान में तेज बारिश का दौर अब धीमा पड़ गया है। शनिवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई, जबकि शेष जगह राज्य में मौसम ड्राई (शुष्क) रहा। जयपुर में भी दिनभर बादल रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज (रविवार) पूर्वी राजस्थान के 11 जिलों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें
राजस्थान: जयपुर में सुबह-सुबह बारिश, 5 डिग्री तक गिरा तापमान, आज 9 जिलों में बरसात का अलर्ट

राजस्थान में मानसून की एंट्री के बाद से लगातार बारिश हो रही है। सोमवार सुबह-सुबह जयपुर सहित तमाम इलाकों में रिमझिम बारिश की शुरुआत हुई। कभी तेज तो कभी धीमी बारिश का दौर चलता रहा। उधर, मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश में मानसून की गतिविधियां धीमी होने की संभावना जताई थी। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: 17 जिलों में बारिश का अलर्ट, रोहतास में महादेव खोह वाटरफॉल उफान पर, डरा रहीं गंडक-कोसी

बिहार में पिछले एक सप्ताह से झमाझम बारिश हो रही है। इसके साथ ही नेपाल में भी भारी बारिश हो रही है। इससे गंडक, कोसी समेत कई नदियों का खतरे के निशान से ऊपर है। इससे लोगों को बाढ़ का खतरा सताने लगा है। वहीं, रविवार को रोहतास जिले के कैमूर में भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़: 16 जिलों में हैवी रेन का यलो अलर्ट, 1 जून से 7 जुलाई तक 202.7 मिमी बारिश, जो औसत से 25% कम

छत्तीसगढ़ के 16 जिलों में मौसम विभाग ने हैवी रेन का यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर में सुबह से बारिश हो रही है। दुर्ग, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी,बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा और नारायणपुर में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाब: राज्य में बीते 1 हफ्ते में 64% अधिक बारिश, फिरोजपुर समेत 4 जिलों में सूखे के हालात

पंजाब में पिछले 10 दिनों से मानसून सक्रिय है। इसके बावजूद राज्य के 4 जिलों में सूखे की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, कुछ जिलों में बारिश तेज हो रही है। यहां 30 से 45 डिग्री तक कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि अन्य जिलों में सामान्य और अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस साल मानसून सामान्य से अधिक रहने वाला है। पूरी खबर पढ़ें…
हिमाचल प्रदेश: तीन जिलों में फ्लैश-फ्लड का अलर्ट, जुलाई में नॉर्मल से 66% ज्यादा बादल बरसे

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से तेज बारिश हो रही है। आज तीन जिलों में फ्लैश-फ्लड है। यह चेतावनी कांगड़ा, शिमला और चंबा जिला को दी गई है। इसे देखते हुए लोगों को नदी नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि भारी बारिश के कारण अचानक नदी नालों का जल स्तर बढ़ सकता है। पूरी खबर पढ़ें…

