IMD good news for North India including Delhi NCR Monsoon Latest Forecast Know Which day Heat wave Condition abolish – Weather today in Hindi – Aaj ka mausam, mausam ki jankari, Temp today in Hindi – दिल्ली समेत उत्तर भारत के लिए IMD ने दी गुड न्यूज, जानें

IMD Monsoon Heat Wave Update :  भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में पूर्वानुमान जताया है कि 18 और 19 जून से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब समेत पूरे उत्तर भारत में प्रचंड लू से राहत मिल सकती है और देर शाम तक बूंदाबांदी हो सकती है। आईएमडी की वैज्ञानिक सोमा सेन के मुताबिक, 18 या 19 जून से बिहार और झारखंड के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बनने की उम्मीद है। इसके अलावा अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाएँ 18 या 19 जून तक पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में कुछ नमी ला सकती है, जिससे प्रचंड लू से राहत मिल सकती है। 

IMD ने कहा है कि इस दिन से उत्तर भारत में धीरे-धीरे लू की स्थिति में कमी और आसमान में बादलों का डेरा छाने की संभावना है। IMD ने कहा है कि इस दौरान रह रहकर बूंदाबांदी भी हो सकती है। इससे लोगों को राहत मिल सकती है। फिलहाल दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत लू की प्रचंड चपेट में है। मौसम विभाग ने दिल्ली में गर्मी को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 5.5 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने लू से लेकर भीषण लू की स्थिति रहने तथा तेज सतही हवाओं के साथ रात में गर्मी होने का अनुमान जताया है।  IMD के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 35 प्रतिशत दर्ज की गई।

बिहार-उत्तर प्रदेश के लिए भी मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश में 20 से 25 जून के बीच मॉनसून आने की संभावना है, जबकि बिहार और झारखंड में इसी हफ्ते तक मॉनसून के दस्तक देने की संभावना जताई गई है। हालांकि, IMD ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों और बिहार के कुछ हिस्सों में 19 जून 2024 को उष्ण लहर से लेकर गंभीर उष्ण लहर यानी प्रचंड गर्मी रहने और हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों में दिन में उष्ण लहर की स्थिति होने की चेतावनी दी है।

मॉनसून पर ताजा अपडेट देते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल मॉनसून की उत्तरी सीमा 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 62 डिग्री पूर्वी देशांतर यानी महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों के कुछ हिस्से, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्से के ऊपर से गुजर रहा है। IMD ने उम्मीद जताई है कि अगले तीन दिनों के दौरान बिहार के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दस्तक दे सकती है। इसके लिए  परिस्थितियाँ अनुकूल बन रही हैं। बता दें कि बिहार में अमूम 12 जून को ही पूर्वी हिस्से में मॉनसून दस्तक देता है लेकिन तीन जून के बाद से मॉनसून बिहार-बंगाल सीमा पर ही ठिठका पड़ा है और आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

मौसम विभाग ने कहा है कि 18 से 20 जून के बीच  पूर्वोत्तर के असम और मेघालय में मध्यम से भारी बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से लेकर अत्यधिक भारी बारिश होनी की संभावना है, जिससे जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। IMD ने कहा है कि दक्षिणी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, दक्षिणी ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।

कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, आंतरिक ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना मौसम विबाग ने जताई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी हिमालय, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश, गरज और धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इस महीने के आखिर तक मॉनसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *