Female Fan Takes Selfie With Neeraj Chopra, Asks For Number, See Neeraj Reply, Watch Video – Amar Ujala Hindi News Live


भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा के दुनिया भर में काफी फैंस हैं। बेल्जियम के ब्रसेल्स में उन्होंने डायमंड लीग फाइनल में हिस्सा लिया। हालांकि, नीरज एक सेंटीमीटर के अंतर से खिताब से चूक गए, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग जरा भी कम नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दो महिला फैंस उनके साथ फोटो खिंचवाने की मांग करती नजर आईं।

नीरज ने दोनों को निराश नहीं किया और एक-एक करके तस्वीर खिंचवाई। हालांकि, इसके बाद उनमें से एक फैन ने नीरज से फोन नंबर मांगा। नीरज ने विनम्रता से अनुरोध को अस्वीकार कर दिया, जिससे वह फैन थोड़ा निराश भी हो गई। इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। नीरज की विनम्रता की हर कोई तारीफ कर रहा है।




Trending Videos

इससे पहले ब्रसेल्स में हुए डायमंड लीग के फाइनल में भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद नीरज ने एक पोस्ट के जरिये बताया था कि उनके हाथ में फ्रैक्चर था और इसके बावजूद वह खेलने उतरे और दूसरे स्थान पर रहे। इस पोस्ट में नीरज ने यह भी बताया था कि उनका यह सीजन खत्म हुआ और अब अगले सीजन में वह मजबूती के साथ वापसी करेंगे। इस पोस्ट पर फैंस की कई प्रतिक्रियाएं आईं और सबने नीरज के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की। इस पोस्ट पर पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वालीं शूटर मनु भाकर की प्रतिक्रिया भी आई। 


मनु ने नीरज को बधाई दी और चोटों से जल्द उबरने की भी कामना की। उन्होंने एक्स पर नीरज की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘2024 में शानदार सीजन के लिए नीरज को बधाई। आने वाले वर्षों में आपके शीघ्र स्वस्थ होने और अधिक सफलता की कामना करती हूं।’ दरअसल, मनु का नाम कुछ समय पहले पेरिस ओलंपिक रजत पदक और टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा से जोड़ा जा रहा था। हालांकि, उनके परिवार से इसका खंडन आ चुका है। मनु एक शो के दौरान नीरज को लेकर सवाल पूछे जाने पर नाराज हो गई थीं और इवेंट छोड़कर चली गई थीं। 


अपने पोस्ट में नीरज ने लिखा था: “जैसे-जैसे 2024 का सीजन समाप्त हो रहा है, मैं उन सब चीजों को याद कर रहा हूं जो मैंने साल भर में सीखा है जिसमें सुधार, असफलताओं, मानसिकता और बहुत कुछ है। सोमवार को अभ्यास के दौरान मुझे चोट लग गई और एक्स-रे से पता चला कि मेरे बाएं हाथ की चौथी मेटाकार्पल हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। यह एक और दर्दनाक चुनौती थी। लेकिन अपनी टीम की मदद से मैं ब्रसेल्स में भाग लेने में सक्षम हो गया। यह साल की आखिरी प्रतियोगिता थी और मैं ट्रैक पर अपना सीजन समाप्त करना चाहता था। जबकि मैं अपनी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका, मुझे लगता है कि यह एक ऐसा सीजन था जिसमें मैंने बहुत कुछ सीखा। मैं अब पूरी तरह से फिट होकर वापसी के लिए और खेलने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *