Dainik Bhaskar News Headlines; Sukhdev Singh Gogamedi Shooter Arrest Update,Ramveer , Pandit Dhirendra Shastri , | कांग्रेस सांसद के ठिकानों से जब्ती ₹300 करोड़ पहुंची; धीरेंद्र शास्त्री को जान से मारने की धमकी

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Sukhdev Singh Gogamedi Shooter Arrest Update,Ramveer , Pandit Dhirendra Shastri ,

28 मिनट पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों से मिले 300 करोड़ रुपए से जुड़ी रही। आयकर विभाग अभी भी नोटों की गिनती कर रहा है। उधर, राजपूत करणी सेना अध्यक्ष गोगामेड़ी हत्याकांड में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हम आपको आगे बताएंगे कि बाबा धीरेंद्र शास्त्री को जान से मारने की धमकी किसने दी…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. पटना में गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में ईस्टर्न जोनल काउंसिल की बैठक होगी।
  2. दुबई में अंडर 19 एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. झारखंड के कांग्रेस सांसद के ठिकानों से 300 करोड़ मिले, नोट गिनने में 2 दिन और लगेंगे

पहला फुटेज रांची में धीरज साहू के घर का है। दूसरा फुटेज ओडिशा के टिटलागढ़ के ऑफिस का है। जहां 6 दिसंबर को 30 अलमारियों में कैश मिला।

पहला फुटेज रांची में धीरज साहू के घर का है। दूसरा फुटेज ओडिशा के टिटलागढ़ के ऑफिस का है। जहां 6 दिसंबर को 30 अलमारियों में कैश मिला।

झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज साहू और उनके करीबियों के ठिकानों पर 6 दिसंबर को पड़ी आयकर विभाग की रेड अभी भी जारी है। अब तक 300 करोड़ से ज्यादा का कैश मिल चुका है। अधिकारियों का कहना है कि किसी सिंगल ऑपरेशन में बरामद हुई, ये अब तक की सबसे बड़ी रकम है। नोट गिनने में 2 दिन और लगेंगे।

ये खबर अहम क्यों है: कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों में इतना कैश मिला है कि गिनती 5 दिन से जारी है। पार्टी ने भी अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। जयराम रमेश ने कहा कि धीरज साहू के बिजनेस से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। कैश के बारे में सिर्फ वही बता सकते हैं और उन्हें यह स्पष्ट भी करना चाहिए। पार्टी अध्यक्ष खड़गे ने भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी से धीरज साहू के केस की रिपोर्ट मांगी है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. पंडित धीरेंद्र शास्त्री को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से भेजा ईमेल

बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री को मारने की धमकी देने वाले शख्स को MP पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लॉरेन्स बिश्नोई गैंग के नाम से मेल भेजकर 10 लाख रुपए की मांग की थी। इसके लिए उसने धीरेंद्र शास्त्री को एक दिन का समय दिया था। आरोपी बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है, जिसे पटना से गिरफ्तार किया गया है।

ये खबर अहम क्यों है: धीरेंद्र शास्त्री को धमकी भरा मेल 19 अक्टूबर को मिला था। पहले ईमेल पर कोई जवाब नहीं मिलने पर आरोपी ने 22 अक्टूबर को दूसरा ईमेल भेजा। मामले में 20 अक्टूबर को ही पुलिस को शिकायत दे दी गई थी। अधिकारियों का कहना है कि इलेक्शन की वजह से थोड़ा लेट हो गए, नहीं तो आरोपी पहले ही पकड़ लिया जाता।
हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री को इससे पहले जनवरी में भी जान से मारने की धमकी मिली थी। अमर सिंह नाम के व्यक्ति ने उनके चचेरे भाई को फोन कर कहा था कि शास्त्री की तेरहवीं की तैयारी कर लो।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. करणी सेना अध्यक्ष हत्याकांड में 4 गिरफ्तार, 3 चंडीगढ़ के होटल में छिपे थे

आरोपी रामवीर दूसरे आरोपी नितिन फौजी का दोस्त है। दोनों आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ में 12वीं क्लास में एक साथ पढ़े हैं।

आरोपी रामवीर दूसरे आरोपी नितिन फौजी का दोस्त है। दोनों आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ में 12वीं क्लास में एक साथ पढ़े हैं।

राजस्थान पुलिस ने करणी सेना अध्यक्ष हत्याकांड में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रामवीर को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। वहीं, रोहित राठौड़ और नितिन को चंडीगढ़ से अरेस्ट किया गया है। रोहित-नितिन के साथ एक और व्यक्ति है, जिसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। तीनों सेक्टर 22 A के एक होटल में छिपे थे। न्यूज एजेंसी ANI ने दिल्ली पुलिस के हवाले से यह जानकारी दी है।

हरियाणा से गिरफ्तार रामवीर ने ही शूटर्स की मदद की थी। सुखबीर की हत्या के बाद रामवीर ने अपनी बाइक से रोहित और नितिन फौजी को बगरू टोल प्लाजा ले गया था। यहां से दोनों बदमाश दिल्ली पहुंचे और फिर फरार हो गए थे।

ये खबर अहम क्यों है: 5 दिसंबर को 2 बदमाशों ने घर में घुसकर गोगामेड़ी की हत्या कर दी थी। इस दौरान उनका गार्ड अजीत सिंह भी घायल हो गया था। हत्या के विरोध में कई जिलों में प्रदर्शन हुए। अगले दिन राजस्थान बंद रखा गया था। दोनों बदमाशों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. तीन राज्यों में CM चुनने के लिए BJP का मंथन जारी, कल हो सकती है मुख्यमंत्रियों के नाम की घोषणा

तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री चुनने के लिए भाजपा का मंथन अभी भी जारी है। छत्तीसगढ़ में इसको लेकर आज दोपहर 12 बजे विधायक दल की बैठक होगी। वहीं, MP-राजस्थान में ये मीटिंग कल होगी। तीनों राज्यों में नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक, विधायकों से CM को लेकर राय लेंगे। इसके बाद ही भाजपा नामों की घोषणा करेगी।

ये खबर अहम क्यों है: CM के नामों का ऐलान न करने पर कांग्रेस ने BJP पर निशाना साधा है। अशोक गहलोत ने कहा कि ये 7 दिन में मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं कर पा रहे और बात करते हैं कि पार्टी में अनुशासन है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जवाब में कहा कि हम सोमवार को अशोक गहलोत की इच्छा पूरी कर देंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि कल मुख्यमंत्रियों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. फास्ट ट्रैक कोर्ट में पॉक्सो के 2.43 लाख मामले पेंडिंग, सिर्फ 3% केस में सजा

देश के फास्ट ट्रैक कोर्ट में पॉक्सो के 2 लाख 43 हजार मामले पेंडिंग हैं। 2022 में सिर्फ 3% मामलों में ही सजा हुई है। अगर कोई नया केस रिपोर्ट नहीं हुआ तो इन मामलों को निपटाने में 9 साल लग जाएंगे। इंडियन चाइल्ड प्रोटेक्शन फंड नाम की संस्था ने जनवरी 2023 तक के लंबित मामलों की रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में कानून मंत्रालय, महिला-बाल विकास मंत्रालय और नेशनल NCRB का डेटा इस्तेमाल किया गया है।

ये खबर अहम क्यों है: केंद्र सरकार ने 2019 में फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट की योजना को आगे बढ़ाया था। इसका मकसद पॉक्सो के मामलों को एक साल में निपटाने का था। इसके लिए केंद्र ने 1900 करोड़ रुपए का बजट पास किया था। स्टडी में पता चला कि हर फास्ट ट्रैक कोर्ट को हर साल 165 केस निपटाने थे, लेकिन हर साल सिर्फ 28 मामले ही निपट पाए।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. कपिल सिब्बल का दावा- म्यांमार का हिस्सा था असम, CM हिमंत बोले- जिन्हें ज्ञान नहीं वो चुप रहें

सुप्रीम कोर्ट में सिटीजनशिप एक्ट, 1955 के सेक्शन 6A की वैधता पर सुनवाई हुई। इस दौरान वकील कपिल सिब्बल ने दावा किया कि असम म्यांमार का हिस्सा था। इस पर CM हिमंत बिस्वा सरमा ने सिब्बल के दावे पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि जिन्हें इतिहास का ज्ञान नहीं है, उन्हें चुप रहना चाहिए।

ये खबर अहम क्यों है: CM सरमा ने कहा कि असम कभी म्यांमार का हिस्सा नहीं था। भारत की म्यांमार के साथ झड़प हुई थी। इसके अलावा हमारा वहां से कोई रिश्ता नहीं रहा। CM ने आगे कहा कि मैंने ऐसा कोई डेटा नहीं देखा, जिसमें असम को म्यांमार का हिस्सा बताया गया हो।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. काशवी गौतम WPL-2 की सबसे महंगी खिलाड़ी, सदरलैंड को भी ₹2 करोड़ मिले

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के सीजन-2 के लिए ऑक्शन हुआ। इस बार फ्रेंचाइजी टीमों ने 30 खिलाड़ियों को खरीदा। इनमें 9 विदेशी और 21 भारतीय प्लेयर्स शामिल रहीं। करीब साढ़े तीन घंटे चली इस नीलामी प्रकिया में फ्रेंचाइजी टीमों ने 30 प्लेयर्स पर 12.75 करोड़ रुपए खर्च किए। ऑक्शन में 90 प्लेयर्स के नाम पुकारे गए।

ये खबर अहम क्यों है: भारत की काशवी गौतम और वृंदा दिनेश की नीलामी ने सभी को चौंकाया। काशवी गौतम 2 करोड़ और वृंदा 1.30 करोड़ में बिकीं। इन दोनों की बेस प्राइस 10-10 लाख रुपए थी। ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को भी 2 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा, वह सबसे महंगी विदेशी प्लेयर हैं। जबकि डिएंड्रा डोटिन, चमारी अटापट्‌टू, देविका वैद्य, एमी जॉन्स और किम गार्थ अनसोल्ड रहीं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. गाजा के ICU में नवजातों की मौत, सड़े शव मिले: कीड़े-मक्खियां रेंग रहीं, सीजफायर के प्रस्ताव पर अमेरिका का वीटो; 24 घंटे में 310 मौतें (पढ़ें पूरी खबर)
  2. PM बोले-जिनको कोई नहीं पूछता, उनको मोदी पूजता है:विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से चर्चा की, कहा- मेरे लिए गरीब-किसान VIP (पढ़ें पूरी खबर)
  3. MP में BJP को वोट देने पर मुस्लिम महिला को पीटा: शिवराज ने पीड़ित से मुलाकात की, बोली- भैया को मेरी फिक्र, भाजपा को ही वोट दूंगी (पढ़ें पूरी खबर)
  4. तेलंगाना में BJP विधायकों ने सदन में शपथ नहीं ली:AIMIM के अकबरुद्दीन ओवैसी को प्रोटेम स्पीकर बनाने का विरोध, राज्यपाल से मिले (पढ़ें पूरी खबर)
  5. एनिमल सेकेंड फ्राइडे सबसे ज्यादा कमाने वाली हिंदी फिल्म: 21.56 करोड़ का कारोबार किया; अब तक ग्लोबल कलेक्शन 600 करोड़ के पार (पढ़ें पूरी खबर)
  6. अयोध्या में भगवान राम के लिए कमल-आसन तैयार: गर्भगृह का काम पूरा; प्राण-प्रतिष्ठा से पहले झांकी निकलेगी (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

टीचर ने 25 छात्रों की हथेली पर गर्म तेल डाला, टॉयलेट के बाहर गंदगी होने पर दी सजा

स्कूल के टॉयलेट के बाहर गंदगी की सजा बच्चियों को दी गई। आरोप है कि उन्हें गर्म तेल से जलाया गया।

स्कूल के टॉयलेट के बाहर गंदगी की सजा बच्चियों को दी गई। आरोप है कि उन्हें गर्म तेल से जलाया गया।

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव की एक स्कूल में टीचर ने 25 छात्राओं के हाथ गर्म तेल से जला दिए। स्कूल का लेडीज टॉयलेट किसी ने गंदा कर दिया था। इसे देखकर टीचर इतनी आग बबूला हो गईं की, बच्चों की हथेली में गर्म तेल डाल दिया। मामले में हेडमास्टर समेत 3 शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही एक सफाई कर्मचारी को भी बर्खास्त किया गया है। पूरी खबर पढ़ें …

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *