Cyclonic Storm Dana: Indian Coast Guard West Bengal Odisha Kolkata Airport Closed Know All Updates In Hindi – Amar Ujala Hindi News Live

10:32 AM, 24-Oct-2024

‘लोगों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता’

अडानी समूह के ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बंदरगाह बिजनेस डेवलपमेंट के अध्यक्ष सुब्रत त्रिपाठी ने कहा कि ‘आज के आकलन के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात या 25 अक्टूबर को चक्रवात के आने की संभावना है, चक्रवात का केंद्र बंदरगाह के ऊपर से गुजरेगा। हमने जहाज हटा लिए हैं। लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। बंदरगाह खाली कर दिया गया है। कर्मचारी केवल आपातकालीन पदों पर हैं। हमारी कॉलोनी सुरक्षित है, हमने आस-पास के कुछ होटलों का भी उपयोग किया है। हम एनडीआरएफ, ओएसडीएमए (ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण), गृह मंत्रालय के साथ समन्वय कर रहे हैं और हम एक टीम के रूप में मिलकर काम करना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य है कि किसी भी तरह की जान का नुकसान न हो।’ तूफान के चलते ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में तेज हवाएं चल रही हैं। 

10:01 AM, 24-Oct-2024

बंगाल राज्यपाल ने रद्द किए अपने सभी कार्यक्रम

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने चक्रवाती तूफान दाना के चलते अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और वह राजभवन में स्थित कंट्रोल रूम से हालात पर नजर रखेंगे। वीडियो संदेश में राज्यपाल ने लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सभी दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की। 

09:47 AM, 24-Oct-2024

मौसम विभाग ने बताया कहां तक पहुंचा चक्रवात दाना

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ पिछले 6 घंटे के दौरान 12 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ गया और आज, 24 अक्टूबर को सुबह साढ़े पांच बजे भारतीय समयानुसार यह बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उससे सटे मध्य क्षेत्र में, अक्षांश 18.5° उत्तर और देशांतर 88.2° पूर्व के पास, पारादीप (ओडिशा) से लगभग 260 किमी दक्षिण-पूर्व, धामरा (ओडिशा) से 290 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से 350 किमी दक्षिण में केंद्रित हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि जब यह तूफान ओडिशा और बंगाल के तट से टकराएगा तो उस दौरान हवा की गति 100-120 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंच सकती है। 

09:18 AM, 24-Oct-2024

चक्रवात ‘दाना’ के मद्देनजर दिशा-निर्देशों पर भद्रक में सहायक मत्स्य अधिकारी संदीप बेहरा ने बताया, ‘भद्रक में 911 पंजीकृत नाव हैं। सरकार की तरफ से आदेश जारी किया गया है कि 26 तारीख तक मछली पकड़ना बंद है। 20 तारीख से आदेश जारी किया गया था।’

 

09:08 AM, 24-Oct-2024

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा

चक्रवाती तूफान दाना के चलते तूफान प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम जारी है। भद्रक जिले में लोगों को सुरक्षित शेल्टर में रखा गया है। भद्रक जिले के कलेक्टर दिलीप रोतराई ने कहा कि हम प्रभावित इलाकों से लोगों को निकाल रहे हैं। कुछ लोग रास्ते में हैं और अधिकतर को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। कुछ लोगों को पुलिस द्वारा उनके घरों से लाया गया क्योंकि वे लोग अपना घर नहीं छोड़ना चाहते थे। एनडीआरएफ की तीन और दो ओडीआरएफ और चार अग्निशमन विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। 

 

08:05 AM, 24-Oct-2024

तूफान की आहट से तेज हवाएं चलना शुरू

ओडिशा के भद्रक जिले में चक्रवाती तूफान दाना की आहट से तेज हवाएं चल रही हैं। तूफान ओडिशा और बंगाल के तट से आज मध्य रात्रि में टकरा सकता है। 

 

07:27 AM, 24-Oct-2024

आज शाम छह बजे से उड़ाने निरस्त

कोलकाता हवाईअड्डा प्राधिकारियों ने हालात को देखते हुए बृहस्पतिवार शाम छह बजे से अगले 15 घंटों के लिए सभी उड़ानों को निरस्त करने का फैसला किया है। हवाईअड्डा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

07:27 AM, 24-Oct-2024

288 बचाव दल तैनात, 6,000 राहत शिविर बनाए  

सरकार ने आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, अग्निशमन कर्मियों की 288 टीमों को तैनात की है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि संवेदनशील जिलों के 3,000 से ज्यादा गांवों की पहचान की गई है, जहां से करीब 10.60 लाख लोगों को पहले ही निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा करीब 6,000 राहत शिविर बनाए गए हैं।

07:27 AM, 24-Oct-2024

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया 24 अक्तूबर की रात को शुरू होगी और यह 25 की सुबह तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि तट से टकराने से पहले इसकी गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि इसके तट से टकराने की प्रक्रिया आमतौर पर धीमी होती है और इसमें करीब पांच से छह घंटे का समय लगता है। ताजा जानकारी के मुताबिक पिछले छह घंटों में ‘दाना’ 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

06:55 AM, 24-Oct-2024

200 से अधिक ट्रेन की गईं रद्द

सरकार ने मछुआरों को 26 अक्तूबर तक गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। इसके अलावा 200 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *