- Hindi News
- National
- Breaking News Live Updates; Maharashtra Jalna Accident 7 Killed | Delhi Mumbai News
17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
महाराष्ट्र के जालना जिले के कदावंची गांव के पास समृद्धि हाईवे पर दो कारों की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई। 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा शुक्रवार (28 जून) की रात करीब 11 बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि एक अर्टिगा कार नागपुर से मुंबई की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर गलत साइड से आई और अर्टिगा को टक्कर मार दी।
इससे अर्टिगा हाईवे पर लगे बैरिकेड को तोड़ते हुए नीचे गिर गई। हादसे के बाद कुछ लोगों के शव सड़क पर पड़े दिखे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों और मृतकों के शवों को जालना जिला अस्पताल पहुंचाया। क्रेन की मदद से दोनों कारों को सड़क से हटाया गया। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों में से तीन की पहचान अल्ताफ मंसूरी, शकील मंसूरी और राजेश के रूप में हुई है। शवों की पहचान नहीं हो सकी है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
कांग्रेस नेता डी श्रीनिवास का हार्ट अटैक से निधन, संयुक्त आंध्र प्रदेश में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष थे

कांग्रेस के दिग्गज नेता धर्मपुरी श्रीनिवास का शनिवार (29 जून) सुबह 3 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया। 76 साल के धर्मपुरी श्रीनिवास संयुक्त आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रह चुके थे। उन्होंने 2004 और 2009 में आंध्र प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस को वापस लाने में अहम भूमिका निभाई थी।
श्रीनिवास साल 1989, 1999 और 2004 में तीन बार विधायक चुने गए। उन्होंने 2004-2009 में राजशेखर रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में उच्च शिक्षा और इंटरमीडिएट शिक्षा मंत्री के रूप में काम किया था। उन्होंने 2 जुलाई 2015 को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद श्रीनिवास ने BRS जॉइन कर ली। वे 2016 से 2022 तक राज्यसभा सदस्य रहे। इसके बाद वे फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
दिल्ली में तीन मजदूर अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग के गड्ढे में गिरे, NDRF ने एक का शव निकाला; रेस्क्यू जारी

दिल्ली के वसंत विहार इलाके में शुक्रवार की रात एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग के गड्ढे में तीन मजदूर गिर गए। रात भर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद NDRF ने शनिवार सुबह एक मजदूर का शव निकाला है। NDRF की टीम के साथ फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं।
घटना को लेकर बताया गया कि तीन मजदूर कंस्ट्रक्शन साइट के पास अस्थायी झोपड़ियों में रह रहे थे। बीते दो दिन से लगातार बारिश के कारण झोपड़ियां सहित मजदूर गड्ढे में गिर गए। घटनास्थल से आई तस्वीरों में देखा गया कि बारिश के कारण गड्ढे में पानी भरा है। पंप की मदद से पानी को निकाला जा रहा है।
वाराणसी से मुंबई जा रही फ्लाइट में क्रू से दुर्व्यवहार पर इंडिगो की महिला यात्री पर केस

मुंबई| इंडिगो एयरलाइंस में एक महिला यात्री के खिलाफ विसमान क्रू से दुर्व्यवहार करने पर केस दर्ज किया गया है। सोमवार (24 जून) को वाराणसी से मुंबई जा रही उड़ान संख्या 5292 की एक महिला यात्री ने सीट बदलने को लेकर गलत व्यवहार किया था। विमान के मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।
