18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
शायर मुनव्वर राणा का दिल का दौरा पड़ने की वजह से रविवार देर रात निधन हो गया। उन्होंने 71 साल की उम्र में लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे मां पर लिखी शायरियों की वजह से खासे लोकप्रिय थे। निधन की जानकारी मिलते ही उनके बेटे तबरेज दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। तबरेज के अस्पताल पहुंचने के बाद मुनव्वर का शव उनके लखनऊ स्थित घर पहुंचाया जाएगा।
इसके बाद रायबरेली में अंतिम संस्कार होगा। निधन की सूचना के बाद मुनव्वर के घर पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई है। कुछ दिनों पहले तबीयत खराब होने के बाद उन्हें लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत और बिगड़ी तो आईसीयू वॉर्ड में शिफ्ट किया गया। परिवार ने मुनव्वर को दिल्ली एम्स में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्हें गले का कैंसर भी था।
रायबरेली में जन्मे, कोलकाता में पढ़ाई की
मुनव्वर राणा का जन्म 26 नवंबर 1952 को उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के एक गांव में हुआ था। विभाजन के दौरान उनके परिवार के ज्यादातर लोग पाकिस्तान चले गए थे। लेकिन उनके पिता ने भारत में रहने का फैसला किया था। बाद में उनका परिवार कोलकाता चला गया, जहां युवा मुनव्वर ने अपनी शिक्षा पूरी की।
लौटा दिया था साहित्य अकादमी पुरस्कार
मुनव्वर को साल 2014 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया था। हालांकि, साल 2015 में असहिष्णुता बढ़ने के नाम पर अवॉर्ड वापस कर दिया था। वहीं, किसानों के आंदोलन के दौरान उन्होंने कहा था कि संसद भवन को गिराकर वहां खेत बना देना चाहिए। मुनव्वर राणा अक्सर विवादों में रहते थे। राम मंदिर पर फैसला आने के बाद उन्होंने पूर्व चीफ जस्टिस रंजन गोगोई पर सवाल उठा दिया था।

कहा था- योगी फिर CM बने तो करूंगा पलायन
2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में पाकिस्तान-पलायन और जिन्ना जैसे शब्द चर्चा में था। उसी बीच शायर मुनव्वर राणा ने एक चैनल से इंटरव्यू में कहा था कि ‘वर्तमान सरकार पलायन-पलायन रट रही है, लेकिन भाजपा सरकार में मुसलमानों में इतना खौफ है कि कोई बोल नहीं सकता है। अगर फिर भी ओवैसी की मदद से भाजपा की सरकार आ जाती है तो हमें यहां रहने की जरूरत नहीं है, मैं यहां से पलायन कर लूंगा’।
विधानसभा चुनाव में वोटर लिस्ट से नाम गायब हुआ था
साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में मुनव्वर राणा का नाम वोटर लिस्ट से गायब हो गया था। इसके चलते वह वोट नहीं डाल पाए थे। राणा ने कहा था कि मेरा वोटर लिस्ट में नाम नहीं है। इसलिए मैं वोट डालने नहीं जा पाऊंगा। राना लखनऊ के कैंट विधानसभा के वोटर थे।
2017 में लंग्स और गले में हुआ था इन्फेक्शन मुनव्वर राणा को लंबे समय से किडनी की बीमारी भी थी। गॉल ब्लेडर में इन्फेक्शन की वजह से पिछले साल मई में उनका का ऑपरेशन हुआ था। उसके बाद वे काफी समय वेंटिलेटर पर रहे। वे बीपी और शुगर के भी पेशेंट थे। उन्हें फेफड़े और गले में भी इन्फेक्शन था। उनके दोनों घुटने का भी ऑपरेशन हुआ है। किडनी की समस्याओं के चलते दिल्ली में भी उनका इलाज चल रहा था। वे कई साल से डायलिसिस पर थे।
ये भी पढ़ें…
PM की मां के निधन पर भावुक हुए शायर मुनव्वर:बोले- संभल के चलिए, क्योंकि अब मां की दुआएं आपके साथ नहीं हैं

पीएम मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर देश में गम का माहौल है। वहीं मशहूर शायर मुनव्वर राणा भी गमगीन नजर आए। उन्होंने कहा, “किसी की भी मां के जाने पर मुझे लगता है कि जैसे मेरी मां चली गई। जब से पीएम मोदी की मां के निधन की मुझे सूचना मिली, तब से मेरे पास शब्द नहीं है। मोदी जी अब आप संभल के चलिए, क्योंकि अब मां नहीं है, जिन की दुआएं आपको बचा लिया करती थी।” पूरी खबर पढ़ें…
