[ad_1]
3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने BJP के गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी की संसदीय स्थायी समिति से खुद को अलग कर लिया है। जया की जगह श्रम संसदीय समिति के सदस्य रहे तृणमूल कांग्रेस नेता साकेत गोखले ने ली है।
राज्यसभा सचिवालय के बुलेटिन के मुताबिक जया बच्चन अब कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की अध्यक्षता वाली श्रम, कपड़ा एवं कौशल विकास की संसदीय स्थायी समिति की सदस्य होंगी।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
सुप्रीम कोर्ट ने कमीशन ऑफ एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट को फटकारा, कहा- न पराली जलाने की घटनाएं रोकने की कोशिश की, न केस दर्ज किए

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को पराली जलाने की घटनाओं से जुड़े केस में सुनवाई की। इस दौरान कमीशन ऑफ एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट को उसकी विफलता पर फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा- CAQM ने ऐसी घटनाओं को रोकने के अपने निर्देश को लागू करने का कोई प्रयास नहीं किया।
जस्टिस अभय एस ओक और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की बेंच ने कहा कि CAQM ने एक भी मुकदमा नहीं चलाया है। इस मुद्दे पर 29 अगस्त को ही बैठक हुई थी। जिसमें 11 में से केवल पांच सदस्य ही मौजूद थे, जहां उसके निर्देशों के क्रियान्वयन पर चर्चा तक नहीं हुई।
कोर्ट ने पंजाब और हरियाणा सरकारों को भी फटकार लगाते हुए कहा कि दोनों राज्यों ने पराली जलाने वाले किसानों से नाममात्र का जुर्माना वसूल किया है। बेंच ने केंद्र सरकार और CAQM को मामले पर एक हफ्ते में हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की सुनवाई 16 अक्टूबर को होगी।
मनीष सिसोदिया नए घर में शिफ्ट हुए; अरविंद केजरीवाल कल खाली करेंगे CM हाउस

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और AAP नेता मनीष सिसोदिया डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड पर बंगला नंबर 32 में शिफ्ट हो गए। नए घर में जाने से पहले मनीष ने गृह प्रवेश पूजा भी करवाई। एबी-17 मथुरा रोड वाला घर खाली करने के बाद वे आज यहां शिफ्ट हो गए। यह बंगला आधिकारिक तौर पर AAP राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह को आवंटित किया गया है।
अरविंद केजरीवाल भी शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास खाली कर देंगे और लुटियंस दिल्ली में एक सांसद के बंगले में चले जाएंगे। केजरीवाल अपने परिवार के साथ पंजाब के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के आधिकारिक आवास में रहेंगे, जो मंडी हाउस के पास फिरोजशाह रोड पर है।
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को ED का समन, 20 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप

20 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पूर्व लोकसभा सदस्य और क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को तलब किया गया है। अजहर पर हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार का आरोप है। HCA में अनियमितताओं की जांच कर रही ED ने अजहरुद्दीन को आज ही पूछताछ के लिए बुलाया है। ED ने उप्पल पुलिस स्टेशन में पहले से दर्ज मामले के आधार पर मामला दर्ज किया। पढ़ें पूरी खबर…
दिल्ली में शोरूम फायरिंग केस- मास्टरमाइंड गिरफ्तार, इंटरनेशनल किक बॉक्सर रह चुका; मेन शूटर भी एनकाउंटर में घायल

27 सितंबर को नारायणा में लग्जरी शोरूम फायरिंग केस के मास्टरमाइंड दीपक को क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी एक अंतरराष्ट्रीय जूनियर लेवल का किक बॉक्सर है। वह एक मान्यता प्राप्त वुशू कोच भी है और किक बॉक्सिंग सेंटर चलाता है। फायरिंग के दौरान दीपक भी शूटर्स के साथ था, लेकिन अंदर नहीं गया था। उसने खुलासा किया कि फायरिंग की घटना जबरन वसूली के लिए की गई थी।
इधर, कंझावला इलाके में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ मुठभेड़ में मेन शूटर गैंगस्टर अरमान को गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके बाकी साथियों की तलाश जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अमेरिका में रहने वाले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के इशारे पर फायरिंग की गई।
दिल्ली के नीमा हॉस्पिटल में डॉक्टर की हत्या, मरीज बनकर आए 2 लोगों ने केबिन में घुसकर गोली मारी

कालिंदी कुंज पुलिस थाने के अंतर्गत जैतपुर स्थित नीमा अस्पताल में एक डॉक्टर जावेद अख्तर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक दो लोग मरीज बनकर अस्पताल आए थे, ड्रेसिंग के बाद उन्होंने डॉक्टर से मिलने की मांग की और उनके केबिन में घुसते ही उन्हें गोली मार दी। पढ़ें पूरी खबर…
एचडी कुमारस्वामी और रमेश गौड़ा पर आरोप- JDS नेता को जान से मारने की धमकी दी

कर्नाटक में JDS के सोशल मीडिया वाइस प्रेसिडेंट विजय टाटा ने पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और MLC रमेश गौड़ा के खिलाफ बेंगलुरु के अमृतहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में एचडी कुमारस्वामी और रमेश गौड़ा पर उनसे 50 करोड़ रुपए मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत में उन्होंने सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।
UP के बरेली में पटाखा यूनिट में धमाके में अब तक 5 की मौत, इनमें 3 महिलाएं और 2 बच्चे

UP के बरेली स्थित कल्याणपुर गांव में बुधवार शाम एक पटाखा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में विस्फोट के बाद अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 3 महिलाएं हैं। देर रात पुलिस और SDRF की टीम ने दो बच्चों के शव भी मलबे से बरामद किए। दोनों बच्चे सगे भाई थे। हादसे में कई घायल भी हैं। विस्फोट से आसपास की कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। पूरी खबर पढ़ें…
[ad_2]
Source link
