Virat kohli during Felicitation Ceremony reveals this is the first time in 15 years he see Rohit so emotional both were crying – रोते हुए गले मिले थे रोहित शर्मा और विराट कोहली, पूर्व कप्तान ने कहा- 15 साल में पहली बार इतना भावुक होते हुए देखा , Cricket News

ऐप पर पढ़ें

भारतीय टीम के बल्लेबाज विराट कोहली ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खचाखच भरे दर्शकों के सामने टीम के सम्मान समारोह के दौरान खुलासा किया कि उन्होंने 15 साल में कभी भी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को इतना भावुक होते नहीं देखा था, जिन्होंने टी20 विश्व कप जीत के बाद डबडबायी आंखों से उन्हें गले लगा लिया था। भारतीय टीम के ज्यादातर खिलाड़ी ट्रॉफी जीतने के बाद काफी भावुक नजर आए थे। रोहित, बुमराह, कोहली और हार्दिक जैसे खिलाड़ी रोते हुए नजर आए थे। 

विराट कोहली ने खुली बस में यादगार ‘विक्ट्री परेड’ के बाद आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कहा, ”15 साल में यह पहली बार है जब मैंने रोहित को इतना भावुक होते देखा है। जब हम (केनसिंग्टन ओवल में) सीढ़ियां चढ़ रहे थे तो वह रो रहे थे और मैं भी रो रहा था।”

कोहली जब 21 साल के थे तो उन्होंने इसी मैदान पर कहा था कि 21 वर्षों तक भारतीय क्रिकेट का भार उठाने वाले महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को अपने कंधों पर उठाना बिलकुल उचित है। कोहली (34 वर्ष) ने पिछले हफ्ते ट्रॉफी जीतने के बाद क्रिकेट के इस छोटे प्रारूप से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने इस मैदान पर खड़े होकर उम्मीद जताई कि उन्होंने और उनके कप्तान ने 15 वर्षों तक जिम्मेदारी उठाने और ट्रॉफी देश में लाने के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।

कोहली ने कहा, ”मुझे लगता है कि हमने (रोहित और मैंने) जिम्मेदारी उठाई है और ट्रॉफी यहां (वानखेड़े) वापस लाने से बेहतर कुछ नहीं है।” उन्हें फाइनल की पारी के ब्रेक के दौरान पता था कि यह उनका आखिरी मैच था। कोहली ने कहा, ”मैच आधा खत्म होने के बाद मैं जानता था कि अब समय आ गया है कि अगली पीढ़ी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।”

2011 में वह टीम के सबसे कम उम्र के सदस्य थे, उन्होंने सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और युवराज सिंह को भावुक होते हुए देखा था और शायद उन्हें इनका भावनात्मक होना समझ में नहीं आया। लेकिन अब वह इसे अच्छी तरह समझ सकते हैं। उन्होंने कहा, ”मैं उस रात (2011 विश्व कप जीतने के बाद) सीनियर खिलाड़ियों की भावनाओं को समझ नहीं पाया था जब वे रोने लगे थे लेकिन अब मैं इन्हें समझ सकता हूं।” (एजेंसी इनपुट)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *