कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप एंड मर्डर केस में ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार चहुंओर घिरी हुई है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता कुणाल घोष ने BJP और CPIM पर हमला बोला है और कहा है कि जूनियर डॉक्टर के बलात्कार और हत्या को लेकर राज्य में चल रहे हंगामे के बीच सभी विपक्षी दल पश्चिम बंगाल में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। घोष ने कहा कि इस खेल में राम और वाम यानी बीजेपी और लेफ्ट दल एकजुट हैं और कांग्रेस भी उनको शह दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और टीएमसी को नष्ट करने की कोशिशों में लगे हुए हैं।
समाचार एजेंसी ANI से घोष ने कहा, “बीजेपी, सीपीएम और कांग्रेस सभी एक हैं। बीजेपी नबान्ना आंदोलन कर रही है और सीपीएम जो भी कहती है, कांग्रेस उसका समर्थन कर रही है । राम-वाम सभी टीएमसी और पश्चिम बंगाल के खिलाफ अराजकता पैदा करने के लिए एक साथ आ रहे हैं।”
इस बीच, भाजपा ने 28 अगस्त से चार सितंबर के बीच पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने एक दिन पहले ही कहा है कि पश्चिम बंगाल के लोग कोलकाता बलात्कार और हत्या मामले से निपटने के तरीके को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे और उन्हें गंगा नदी में विसर्जित कर देंगे।
बता दें कि दो सप्ताह पहले कोलकाता के सरकारी अस्पताल में ट्रेनी लेडी डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए भाजपा ने कई कार्यक्रमों की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री मजूमदार ने कहा कि घटना के खिलाफ 28 अगस्त से 4 सितंबर के बीच पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किये जाएंगे। मजूमदार ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर ध्यान नहीं देने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पार्टी 28 अगस्त से कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके में धरना शुरू करेगी, जबकि पार्टी की महिला शाखा राज्य महिला आयोग कार्यालय के द्वार पर तालाबंदी करेगी।
‘अस्पताल के सेमिनार हॉल में कोई नहीं गया’, कोलकाता पुलिस का वायरल वीडियो पर जवाब
शहर के श्यामबाजार इलाके में भाजपा की ओर से आयोजित एक प्रदर्शन से इतर उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि राज्य महिला आयोग मूर्च्छित हो गया है।’’ भाजपा नेता ने कहा कि 29 अगस्त को पार्टी कार्यकर्ता दोपहर में हर जिले में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय का घेराव करेंगे, जबकि दो सितंबर को हर ब्लॉक में प्रशासनिक कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चार सितंबर को राज्य में जगह-जगह चक्का जाम किया जाएगा, जिससे एक घंटे तक यातायात बाधित रहेगा।
कोलकाता हत्याकांडः पॉलीग्राफ टेस्ट के दौरान आरोपी ने क्या बताया? CBI भी हैरान
मजूमदार ने आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच से राज्य और भ्रष्ट अस्पताल प्रशासन के बीच सांठगांठ का पता चलने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये के संदिग्ध सौदों में शामिल बड़ी मछलियों को बचा रही हैं। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री और अस्पताल के एक शक्तिशाली अधिकारी के बीच हुई फोन बातचीत को सीबीआई जांच के दायरे में लाया जाए।’’
भाजपा के प्रदर्शन की योजना के जवाब में तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जॉय प्रकाश मजूमदार ने कहा, ‘‘अपराधियों का पता लगाने में सीबीआई द्वारा की जा रही देरी से ध्यान हटाने के लिए भाजपा राज्य में परेशानी बढ़ाने और सामान्य जनजीवन को बाधित करने की कोशिश कर रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब पूरा पश्चिम बंगाल सीबीआई से महिला चिकित्सक को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है, ऐसे में भाजपा की एकमात्र मांग मुख्यमंत्री का इस्तीफा है, जिन्होंने पीड़ित परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त की है तथा उनके साथ खड़ी हैं….।’’ तृणमूल नेता कुणाल घोष ने कहा, ‘‘इससे पता चलता है कि भाजपा महिला सुरक्षा के मुख्य मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं है जिसे पश्चिम बंगाल की लाखों महिलाओं द्वारा उठाया गया है..।’’ (भाषा इनपुट्स के साथ)
‘अस्पताल के सेमिनार हॉल में कोई नहीं गया’, कोलकाता पुलिस का वायरल वीडियो पर जवाब