Bihar Lok Sabha Chunav Result 2024 LIVE: बिहार लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आज जारी होने वाला है। राज्य की सभी 40 सीटों पर वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। मतगणना की तैयारी पूरी हो चुकी है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की काउंटिंग होगी, उसके बाद ईवीएम से मतगणना की जाएगी। मतगणना के बाद से रुझान आना शुरू होंगे, इससे एक झलक मिल जाएगी कि बिहार में एनडीए और महागठबंधन में किसकी जीत होने जा रही है। दोपहर 12 बजे बाद से फाइनल रिजल्ट भी आना शुरू हो जाएंगे। बिहार में एनडीए के तहत भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू, चिराग पासवान की लोजपा रामविलास (एलजेपी आर), उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) एवं जीतनराम मांझी की हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) का महागठबंधन यानी इंडिया गठबंधन में शामिल लालू एवं तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस एवं वाम दल सीपीआई, सीपीआई और सीपीआई माले से मुकाबला है।
बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, झंझारपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान, महाराजगंज, सारण, हाजीपुर, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई के वोटों की गिनती के लिए विभिन्न जिलों में 35 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। यहां कुल 72, 723 ईवीएम मशीनों से मतगणना की जाएगी। बिहार लोकसभा चुनाव रिजल्ट 2024 की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें-
Bihar Chunav Results 2024: अगर जीते तो एनडीए ये नेता पहली बार बनेंगे सांसद
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में एनडीए में कई उम्मीदवार ऐसे हैं जो अब तक सांसद नहीं बन पाए हैं। अगर जीते तो वे पहली बार सांसद बनेंगे। इनमें बीजेपी के शिवेश राम, मिथिलेश तिवारी, विवेक ठाकुर, जेडीयू के देवेश चंद्र, विजयलक्ष्मी कुशवाहा, मुजाहिद आलम शामिल हैं। जीतनराम मांझी का नाम भी इस लिस्ट में है। लोजपा रामविलास से शांभवी चौधरी, अरुण भारती, राजेश वर्मा पहली बार मैदान में हैं।
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में तीन पार्टियों के सुप्रीमो खुद मैदान में उतरे, मार पाएंगे बाजी?
Bihar Chunav Results 2024: बिहार के लोकसभा चुनावी समर में तीन पार्टियों के सुप्रीमो की भी किस्मत का आज फैसला होने वाला है। लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान हाजीपुर से, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के मुखिया उपेंद्र कुशवाहा और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के सुप्रीमो जीतनराम मांझी गया से मैदान में हैं।
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में तीन केंद्रीय मंत्री और एक पूर्व सीएम की किस्मत दांव पर, आज हो जाएगा फैसला
Bihar Chunav Results 2024: बिहार लोकसभा चुनाव में तीन केंद्रीय मंत्री और एक पूर्व मुख्यमंत्री की किस्मत दांव पर लगी है। इनके भाग्य का आज फैसला हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री में बेगूसराय से गिरिराज सिंह, आरा से आरके सिंह और उजियारपुर से नित्यानंद राय मैदान में हैं। तीनों ही बीजेपी के उम्मीदवार हैं। वहीं, गया से पूर्व सीएम जीतनराम मांझी की भी किस्मत का फैसला आज होगा, वे अपनी पार्टी हम के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।
Bihar Chunav Results 2024: स्ट्रॉंग रूम से बाहर आई ईवीएम, 8 बजे से होगी मतगणना
Bihar Chunav Results 2024: बिहार के लगभग सभी मतगणना केंद्रों पर ईवीएम को लाने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। ईवीएम मशीनों को स्ट्रॉंग रूम से बाहर निकालकर काउंटिंग सेंटरों पर लाया गया है। यहां अब मतगणना की तैयारी की जा रही है। सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू कर दी जाएगी।
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में शांभवी चौधरी सबसे युवा, मांझी सबसे बुजुर्ग उम्मीदवार
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में सबसे युवा मतदाता लोजपा रामविलास की समस्तीपुर से प्रत्याशी शांभवी चौधरी हैं। वहीं, हम के संरक्षक एवं पूर्व सीएम जीतनराम मांजी गया से लोकसभा का चुनाव लड़े, जो सबसे बुजुर्ग उम्मीदवार हैं। शांभवी की उम्र 25 साल तो मांझी की 79 साल है।
Bihar Chunav Results 2024: आरजेडी दफ्तर में एक दिन पहले ही बंट गई मिठाई
Bihar Chunav Results 2024: पटना स्थित आरजेडी के दफ्तर में लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आने से एक दिन पहले ही मिठाइयां बंट गई। जीत की उम्मीद में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मिठाई बांट कर खुशियां मनाईं।
Bihar Chunav Results 2024: बिहार बीजेपी दफ्तर में संयमित रहकर जश्न की तैयारी
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में बीजेपी ने मतगणना को लेकर पूरी तैयारी कर रखी है। पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय आने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए ऐसी व्यवस्था की गई है कि वे आराम से रिजल्ट देख सकेंगे। पार्टी के पक्ष में रिजल्ट आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से मनाए जाने वाले जश्न को लेकर भी पार्टी ने तैयारी की है।
Bihar Chunav Results 2024: एक घंटे बाद शुरू हो जाएगी लोकसभा चुनाव की मतगणना
Bihar Chunav Results 2024: बिहार समेत देशभर में लोकसभा चुनाव की मतगणना ठीक एक घंटे बाद शुरू हो जाएगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी, उसके बाद ईवीएम की काउंटिंग होगी। 9 बजे बाद शुरुआती रुझान आना शुरू हो जाएंगे।
Bihar Chunav Results 2024: पटना में लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान 5 हजार जवान तैनात
Bihar Chunav Results 2024: बिहार के सभी जिलों में लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। पटना जिले में 5 हजार पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के अफसर और जवान भी संवेदनशील इलाकों में नजर बनाए रखेंगे। मतगणना स्थलों को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। केवल पासधारक लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति होगी।
Bihar Chunav Results 2024: चुनाव परिणाम पर सट्टा लगाया तो खैर नहीं
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान सट्टेबाजी पर पुलिस की खास नजर रहेगी। उम्मीदवारों की जीत-हार या एनडीए या इंडिया गठबंधन की सरकार को लेकर सट्टा लगाने वालों पर पुलिस कार्रवाई करेगी। इसके लिए सभी जिलों में पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया गया है।
Bihar Chunav Results 2024: पटना साहिब का रिजल्ट पाटलिपुत्र से पहले आएगा
Bihar Chunav Results 2024: पटना में दो सीटों की काउंटिंग होगी। पटना साहिब लोकसभा सीट का नतीजा पहले आएगा। वहीं पाटलिपुत्र लोकसभा सीट का नतीजा उसके बाद जारी होगा।
Bihar Chunav Results 2024: थोड़ी देर में काउंटिंग सेंटरों पर पहुंचेगी ईवीएम
Bihar Chunav Results 2024: लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद सुरक्षा घेरे में रखी गई ईवीएम को थोड़ी देर में काउंटिंग सेंटरों पर लाया जाएगा। कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना केंद्रों पर ईवीएम को पहुंचाया जाएगा। इसके बाद सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी।
Bihar Chunav Results 2024: लोकसभा रिजल्ट के बाद बिहार में हो सकती है सियासी उठापटक, अटकलें तेज
Bihar Chunav Results 2024: आज लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आने के बाद बिहार में एक बार फिर सियासी उठापटक हो सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सोमवार को दिल्ली दौरे ने पटना में सियासी गर्मी बढ़ा दी। कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव रिजल्ट के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में जा सकते हैं। वहीं, बिहार में बीजेपी से किसी को सीएम की कुर्सी पर बैठाया जा सकता है। हालांकि, दोनों ही पार्टियों के नेता इस बात की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
Bihar Chunav Results 2024: बिहार एनडीए में कौन रहेगा ‘बड़का’ भाई, आज तय हो जाएगा?
Bihar Chunav Results 2024: लोकसभा चुनाव रिजल्ट आने के साथ ही बिहार एनडीए में बड़का भाई कौन रहेगा, यह भी तय हो जाएगा। एनडीए के सीट बंटवारे में पहले ही बीजेपी ने जेडीयू से एक सीट ज्यादा लेकर बड़ा भाई होने का एहसास करा दिया। अब दोनों ही पार्टियों के उम्मीदवार कितनी सीटें जीतते हैं, इसके बाद तय हो जाएगा कि बड़ा भाई कौन रहेगा। बीजेपी ने बिहार में 17 तो जेडीयू ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा।
Bihar Chunav Results 2024: मोदी-शाह समेत बीजेपी के शीर्ष नेताओं की साख दांव पर
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव परिणाम पर पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के शीर्ष नेताओं की साख भी दांव पर लगी है। मोदी, शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा समेत अन्य नेताओं ने बिहार में बीजेपी ही नहीं बल्कि सहयोगी दलों जेडीयू, लोजपा रामविलास, आरएलएम और हम के लिए भी जमकर प्रचार किया।
Bihar Chunav Results 2024: काउंटिंग सेंटरों पर मतगणना कर्मी आना शुरू
Bihar Chunav Results 2024: लोकसभा चुनाव की वोटों की गिनती को लेकर बनाए गए काउंटिंग सेंटरों पर मतगणना कर्मियों का आना शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे तक सभी कर्मी मतगणना केंद्र पहुंच जाएंगे।
Bihar Chunav Results 2024: लालू यादव की दोनों बेटियां कर पाएंगी कमाल?
Bihar Chunav Results 2024: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की दो बेटियां इस बार बिहार में चुनावी मैदान में हैं। मीसा भारती ने पाटलिपुत्र से बीजेपी के रामकृपाल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा। वहीं, रोहिणी आचार्य ने सारण में राजीव प्रताप रूडी के सामने ताल ठोकी। मीसा भारती पहले चुनाव हार चुकी हैं। वहीं, रोहिणी पहली बार चुनावी मैदान में हैं। चुनाव परिणाम आने के साथ ही लालू की दोनों बेटियों की किस्मत का फैसला आज हो जाएगा।
Bihar Chunav Results 2024: दो भोजपुरी स्टार की किस्मत का होगा फैसला
Bihar Chunav Results 2024: बिहार में लोकसभा चुनाव रिजल्ट आते ही भोजपुरी के दो सितारों की किस्मत का भी फैसला होगा। दोनों ही भोजपुरी स्टार निर्दलीय चुनावी मैदान में हैं। पवन सिंह ने काराकाट तो गुंजन सिंह ने नवादा से लोकसभा का चुनाव लड़ा। दोनों उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में वोट बटोरने के लिए जमकर प्रचार भी किया।
Bihar Chunav Results 2024: काराकाट में कैसा रहेगा उपेंद्र कुशवाहा का प्रदर्शन, पवन सिंह कर पाएंगे खेला?
Bihar Chunav Results 2024: बिहार की काराकाट लोकसभा हॉट सीटों में एक है। यहां पर त्रिकोणीय मुकाबला है, ऐसे में सबकी निगाहें इस सीट के रिजल्ट पर टिकी है। एनडीए से आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा तो महागठबंधन से सीपीआई माले के राजाराम सिंह कुशवाहा ने चुनाव लड़ा। वहीं, बीजेपी के बागी भोजपुरी स्टार पवन सिंह भी निर्दलीय मैदान में कूदे। कई एजेंसियों के एग्जिट पोल में एनडीए के लिए कुशवाहा की सीट फंसने का अनुमान जताया है।
Bihar Chunav Results 2024: इस बार खुलेगा आरजेडी का खाता?
Bihar Chunav Results 2024: पिछले लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हार झेलने वाली लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी को इस चुनाव में भारी जीत की उम्मीद है। एग्जिट पोल के परिणाम के अनुसार आरजेडी का इस चुनाव में खाता खुल सकता है। हालांकि, फाइनल रिजल्ट वोटों की गिनती के बाद ही जारी होगा।