ऐप पर पढ़ें
Who is Harsh Malhotra BJP: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की है। पहली लिस्ट दो मार्च को आई थी। इसी के साथ राजधानी दिल्ली की सभी 7 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान हो चुका है। पहली लिस्ट में 5 और दूसरी में दो प्रत्याशी उतारे गए। हैरानी की बात तो यह है कि भाजपा ने 7 में से 6 सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है। केवल मशहूर भोजपुरी गायक मनोज तिवारी रिपीट हुए हैं। दरअसल, पूर्वी दिल्ली से मौजूदा सांसद गौतम गंभीर ने बीते दिनों राजनीति से संन्यास का ऐलान किया था। ऐसे में अब अब उनकी जगह भाजपा ने हर्ष मल्होत्रा को इस सीट से टिकट दिया है। आइए जानते हैं कौन हैं हर्ष मल्होत्रा…
रह चुके हैं मेयर
पूर्वी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा का पूरा नाम हर्ष दीप मल्होत्रा है। उन्होंने साल 1984 से दिल्ली विश्वविद्यालय के हंस राज कॉलेज से बीएससी किया है। डीयू से ही 1987 में उन्होंने एलएलबी पूरा किया। वह पूर्वी दिल्ली नगर निगम से अप्रैल 2015 से मई 2016 तक मेयर रह चुके हैं। वह साल 2012 में वेलकम कॉलोनी से दिल्ली नगर परिषद चुनाव भी जीत चुके हैं। उन्हें पूर्वी दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया था।
विरेंद्र सचदेवा के करीबी
हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा का करीबी माना जाता है। टिकट मिलने के बाद मल्होत्रा ने कहा, ‘मैं आदरणीय विरेंद्र सचदेवा जी का हृदय की गहराइयों से धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने एक कार्यकर्ता को मौका दिया है। हम उनकी सभी अपेक्षाओं पर पूरा उतरेंगे।’ बता दें कि पूर्वी दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा की पकड़ काफी मजबूत मानी जाती है।
7 में से 6 नए चेहरे
दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है। पहली सूची में भाजपा ने पांच में से चार सांसदों का टिकट काट दिया। केवल उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से मनोज तिवारी को दोबारा टिकट मिला। वहीं दूसरी सूची में बची हुई दो सीटों पर दो नए चेहरे को उतारा गया है। चांदनी चौक सीट से डॉक्टर हर्षवर्धन का टिकट काट कर प्रवीण खंडेलवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज को टिकट दिया गया है, यहां फिलहाल मीनाक्षी लेखी सांसद हैं। पश्चिमी दिल्ली सीट से कमलजीत सहरावत को उतारा गया है। दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी को टिकट मिला है। यहां क्लिक कर डिटेल में पढ़िए यह पूरी खबर…