Mp Cm Mohan Yadav Up Visit Live Updates Will Attend Cabinet Meeting In Ayodhya Today – Amar Ujala Hindi News Live – Cm Mohan Yadav Live:cm मोहन ने किया रामलला को साष्टांग प्रमाण, बोले

06:04 PM, 04-Mar-2024


मोहन यादव ने रामलला को सपत्नीक साष्टांग प्रमाण किया।
– फोटो : अमर उजाला

जीवन धन्य हो गयाः डॉ. यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अयोध्या के रामलला मंदिर में भगवान को साष्टांग प्रमाण किया। उन्होंने दर्शन करने के बाद कहा कि ऐसा लगा जीवन धन्य हो गया। प्रभु राम का दर्शन कई जन्मों के पुण्य प्रताप का प्रसाद है। आज हमने अयोध्या आकर भगवान श्रीराम के मंदिर के गर्भगृह में भगवान के दर्शन किए। ऐसा लगा जैसे प्रभु अपने साक्षात् स्वरूप में मंदिर में विराजमान है। मैं बाबा महाकाल की नगरी से आता हूं। भगवान राम सब पर कृपा करें। भगवान महाकाल सब पर कृपा करें और हमारे सनातन संस्कृति की ध्वजा ऐसी ही लहराती रहे।  

05:17 PM, 04-Mar-2024


डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश कैबिनेट के सदस्य अयोध्या पहुंचे।
– फोटो : अमर उजाला

अयोध्या पहुंची टीम मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की कैबिनेट अयोध्या पहुंच गई है। मंत्रियों ने नवशृंगारित अयोध्या एयरपोर्ट पर भी ग्रुप फोटो खिंचवाए। इसके बाद रामलला के दर्शनों के लिए रवाना हुए। इस दौरान मंत्रिमंडल के सदस्य परिवार सहित हनुमानगढ़ी भी जा सकते हैं। 

03:34 PM, 04-Mar-2024


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और अन्य मंत्रियों ने एयरपोर्ट पर समूह फोटो खिंचवाया।
– फोटो : अमर उजाला

टीम मोहन अयोध्या रवाना

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मंत्रिमंडल के सदस्य अपने परिजनों के साथ विशेष विमान से अयोध्या के लिए रवाना हुए। इससे पहले डॉ. यादव ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ भोपाल एयरपोर्ट पर एक समूह फोटो खिंचवाया। इससे पहले डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि परमात्मा जब तक कृपा नहीं करते तब तक दर्शन नहीं होते, परमात्मा की कृपा है कि आज हमने अपना कैबिनेट भगवान श्रीराम को समर्पित की है। मध्यप्रदेश सरकार के सभी माननीय मंत्रीगण, सब सपरिवार भगवान श्रीराम जी के दर्शन करने जा रहे हैं। वैसे भी उत्तरायण में भगवान का दर्शन कई जन्मों के पुण्य का लाभ रहता है। भगवान श्रीराम जी का मध्यप्रदेश का रिश्ता विक्रमादित्य के काल से है, आज भी सनातन संस्कृति में घर-घर, गली-गली, मोहल्ले-मोहल्ले में राम का नाम लेते हैं, लेकिन भाव बदल जाता है। राम के नाम से पता चल जाता है कि राम का नाम किस लिए ले रहे हैं। सामान्य राम-राम और प्रसन्नता जागी तो जय श्रीराम.. हम सब जानते हैं कि अगर किसी सोये को जागना भी हो तो पहले राम को आवाज देकर जागते थे। रोम-रोम में जहां राम समा जाए, राम नाम सत्य करते… शरीर छोड़ने के मुकाम तक पहुंचाते हैं. ये परमात्मा की लीला है। मेरी अपनी ओर से भगवान श्रीराम जी के चरणों में विनम्र प्रणाम, भगवान श्रीराम जी का आशीर्वाद लेकर हमारी सरकार पुनः जनकल्याण के काम में लगेगी। इस संकल्प के लिए हम लोग जा रहे हैं। 

उमा भारती ने जताई खुशी

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी ट्वीट कर डॉ. यादव कैबिनेट के अयोध्या जाने का स्वागत किया। 

01:14 PM, 04-Mar-2024


डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा अयोध्या के लिए रवाना होते हुए।
– फोटो : अमर उजाला

अयोध्या चले महाकाल के भक्त

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने मंत्रियों के साथ एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि महाकाल के भक्त अयोध्या जी चले। साथ ही जयकारा लगाते हुए वीडियो भी पोस्ट किया। 

राजा भोज एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

मंत्रियों का भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर सोमवार को भव्य स्वागत किया गया। सिर पर गेरुआ पगड़ी, गले में अंग-वस्त्र और पुष्प माला और माथे पर तिलक लिए प्रदेश की मोहन कैबिनेट के सदस्य अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य उत्साह और धार्मिक जोश के साथ इस यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने सभी साथियों के साथ विशेष बस से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। उत्साह और उमंग से भरे ये मंत्री भजन और गीत गाते हुए राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचे। कैबिनेट के स्वागत के लिए खास स्वागत द्वार तैयार किए गए थे। यहां सभी मंत्रियों को पगड़ी, अंग वस्त्र, पुष्प माला और माथे पर तिलक लगाकर एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश दिया गया। यादव ने यात्रा पर रवाना होने से पहले कहा कि कोशिश की जा रही है कि अयोध्या धाम में मप्र भवन का निर्माण कराया जाए। इसके लिए उचित जगह की तलाश की जा रही है। डॉ यादव ने कहा कि मप्र सरकार अयोध्या में सरयू नदी के तट पर विक्रमादित्य घाट का निर्माण भी कराएगी।

12:55 PM, 04-Mar-2024

डॉ. यादव बोले- देवस्थानों की शक्ल सूरत बदलेगी

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कैबिनेट की बैठक से पहले संबोधन में कहा कि मंत्रिपरिषद के सदस्यों का भगवान श्री राम के दर्शन के लिए शासकीय रूप से अयोध्या जाना ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने इस शुभ घड़ी के लिए सभी को बधाई दी और कहा कि यह यात्रा भगवान श्री राम के प्रति आदर का प्रकटीकरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अयोध्या की इस यात्रा के बाद देवस्थानों के संबंध में लिए गए निर्णय और संकल्पों के क्रियान्वयन में  राज्य सरकार तेजी से आगे बढ़ेगी। मंत्रिपरिषद की आगामी बैठक में मंत्रिमंडलीय उप-समिति बनाकर धर्मस्व, राजस्व और संस्कृति विभाग को आपस में जोड़ा जाएगा। जिस तरह कृषि उत्पादन आयुक्त के अंतर्गत कृषि सहकारिता, उद्यान आदि कुछ विभाग होते हैं वैसे ही एक वरिष्ठ अधिकारी इन विभागों के प्रभारी होंगे। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित देवस्थानों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय क्षेत्र में स्थित देवस्थानों के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग भी इसमें शामिल रहेंगे। सभी विभाग परस्पर तालमेल और समन्वय से देवस्थानों के विकास के लिए कार्ययोजना बनाकर उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। राज्य शासन का उद्देश्य यह है कि मंदिर देवस्थान के साथ-साथ सामाजिक चेतना और समरसता का भी केंद्र बनें और मंदिरों में सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक कार्य संपन्न हो। अयोध्या धाम सहित प्रदेश के अंदर और प्रदेश के बाहर स्थित प्रमुख देवस्थान में राज्य सरकार द्वारा धर्मशालाएं विकसित करने की दिशा में पहल की जाएगी। अन्य राज्य सरकारों को मध्य प्रदेश स्थित देवालयों में अपने राज्य की धर्मशालाएं विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव के इस प्रस्ताव का मंत्री परिषद के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर स्वागत किया।

12:49 PM, 04-Mar-2024

कैबिनेट ने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री का आभार जताया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में मंत्रियों ने प्रधानमंत्री के साथ-साथ मुख्यमंत्री का भी आभार जताया। बैठक के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बैठक की शुरुआत में ही मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त किया। उनके प्रयासों से ही अयोध्या में रामलला का मंदिर आकार ले सका है। इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी आभार जताया गया क्योंकि आज हम सभी उनके नेतृत्व में अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने वाले हैं। हमने प्रधानमंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री का भी इसके लिए आभार व्यक्त किया है।  

 

12:01 PM, 04-Mar-2024

मुख्यमंत्री ने पोस्ट किया श्री राम का फोटो

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर भगवान श्री राम की आज की तस्वीर को पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि “जय श्री राम… आज अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ परम पावन पुण्य धरा अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्री राम जी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। मध्य प्रदेश के समस्त नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, कल्याण की प्रार्थना लेकर हम सभी प्रभु श्री राम जी के उस भव्य-दिव्य मंदिर में नतमस्तक होंगे, जो भारत के वैभवशाली इतिहास और सांस्कृतिक पुनर्स्थापना का ओजस्वी प्रतीक बन चुका है।”

11:56 AM, 04-Mar-2024


इस बस में बैठकर मंत्रिमंडल के सदस्य पहुंचेंगे एयरपोर्ट।
– फोटो : अमर उजाला

बस को सजाकर किया तैयार

डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की मीटिंग खत्म हो गई है। कुछ देर में एयरपोर्ट के लिए बस रवाना होगी। मंत्रालय के गेट पर दो बसों की मदद से यादव कैबिनेट के सदस्य रवाना होंगे। बसों को फूलों से सजाया गया है। भोपाल एयरपोर्ट से 72 सीटर विशेष विमान रवाना होगा, जिस पर यादव कैबिनेट के सदस्य परिजनों समेत मौजूद रहेंगे। 

भगवान श्री रामलला के दर्शन करने के बाद शाम को ही मुख्यमंत्री समेत पूरी कैबिनेट लौट आएगी। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री और मंत्रियों के परिवार का भव्य स्वागत किया गया। भोपाल महापौर मालती राय ने खुद मंत्रियों के परिजनों को रोली-चंदन लगाकर स्वागत किया। 

10:48 AM, 04-Mar-2024

CM Mohan Yadav Live: CM मोहन ने किया रामलला को साष्टांग प्रमाण, बोले- आज जीवन धन्य हो गया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को अयोध्या जा रहे हैं। उनके साथ मंत्रिमंडल के सदस्य भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहेंगे। इस दौरान डॉ. यादव का लक्ष्य बिहार और उत्तर प्रदेश के यादव वोटरों को राम नाम का संदेश देने का होगा। कैबिनेट की बैठक के बाद सभी मंत्री बस से एयरपोर्ट जाएंगे और फिर अयोध्या के लिए रवाना होंगे। 

 

कैबिनेट की बैठक से पहले उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मंत्रिमंडल के सदस्य अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खुशहाली की कामना के साथ ही 400 सीट के साथ मोदी जी की सरकार बनने की कामना करेंगे। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि अयोध्या यात्रा जाने पर गर्व हो रहा है। मैं कारसेवा में भी माजूद था। मेरे साथ के दो साथियों का कारसेवा के दौरान निधन हो गया था। रामलला के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। सरकार ने अयोध्या में मध्य प्रदेश की जनता के लिए धर्मशाला बनाने और सरयू नदी के किनारे सम्राट विक्रमादित्य के नाम घाट बनाने की घोषणा भी की है। इस योजना को मूर्त रूप देने के लिए चर्चा भी की जाएगी। 

हमारी आस्था के केंद्र में है राम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को कहा था कि फरवरी माह में अयोध्या में अधिक भीड़ थी। अन्य व्यस्तताओं के कारण मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मार्च में अयोध्या जाकर भगवान श्री राम के दर्शन करने का निर्णय लिया था। यह हमारी भगवान श्री राम के प्रति श्रद्धा है। हम सनातन संस्कृति को मानने वाले भी हैं। हमारी आस्था का केंद्र आज जब सबकी श्रद्धा के रूप में उभरकर सामने आया है, तो स्वाभाविक रूप से सबकी भावना भी जुड़ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, यह सभी देशवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों की उपस्थिति में अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा हुई।  मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपनी सुविधानुसार अयोध्या में भगवान श्री राम के दर्शन करने अवश्य जाने का आव्हान किया था।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *