11:56 AM, 31-Mar-2024
अमित शाह ने भी कांग्रेस को घेरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “कांग्रेस ने स्वेच्छा से कच्चातिवू छोड़ दिया और उन्हें इसका कोई पछतावा भी नहीं है। कभी कांग्रेस के एक सांसद देश को विभाजित करने के बारे में बोलते हैं और कभी-कभी वे भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बदनाम करते हैं। इससे पता चलता है कि वे भारत की एकता और अखंडता के खिलाफ हैं। वे केवल हमारे देश को विभाजित करना या तोड़ना चाहते हैं।”
11:56 AM, 31-Mar-2024
‘कांग्रेस पर कभी भरोसा नहीं कर सकते’, पीएम मोदी का फूटा गुस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्चातिवु को लेकर सामने आई एक आरटीआई रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला है। पीएम मोदी ने विपक्षियों को घेरते हुए कहा है कि नए तथ्यों से पता चलता है कि कांग्रेस ने किस तरह बेरहमी से कच्चातिवु को छोड़ दिया। इसने हर भारतीय को नाराज कर दिया है। भारत की एकता, अखंडता और हितों को कमजोर करना कांग्रेस का 75 सालों से काम करने का तरीका रहा है।
11:03 AM, 31-Mar-2024
कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से खत्म करने की योजना: अजय राय
आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस को दिए नोटिस पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ”…ये कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से खत्म करने की योजना है… क्योंकि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो लगातार मुद्दों को उठाती रहती है… खाता फ्रीज कर देना, आयकर विभाग का नोटिस देना, ये दुर्भाग्यपूर्ण है… कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता, एक-एक व्यक्ति पार्टी के साथ है…”
09:29 AM, 31-Mar-2024
आज मेरठ में हुंकार भरेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को क्रांतिधरा मेरठ से शंखनाद करेंगे। इसमें उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री के अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेता भी शामिल होंगे। ये रैली इस लिहाज से भी खास होने जा रही है क्योंकि 15 साल बाद रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह प्रधानमंत्री के साथ दूसरी बार मंच साझा करेंगे।
08:04 AM, 31-Mar-2024
त्रिपुरा: भाजपा के स्टार प्रचारकों का एलान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने त्रिपुरा में लोकसभा चुनाव और रामनगर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों का एलान कर दिया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नाम शामिल हैं।
सूची में सर्बानंद सोनोवाल, अर्जुन मुंडा, स्मृति ईरानी, किरेन रिजिजू, योगी आदित्यनाथ, हिमंत बिस्व सरमा, माणिक साहा, राजीव भट्टाचार्जी, बिप्लब कुमार देब, महारानी कृति सिंह देबबर्मा, रबींद्र राजू, संबित पात्रा, प्रतिमा भौमिक और जिष्णु देव वर्मा शामिल हैं। इसके अलावा प्रणजीत सिंघा रॉय, राजू बिस्ता, हेमा मालिनी, अग्निमित्रा पॉल, रेबती त्रिपुरा, मनोज तिवारी, सुवेंदु अधिकारी, मिथुन चक्रवर्ती, रतन लाल नाथ और विकास देबबर्मा भी राज्य में भाजपा के प्रचार का जिम्मा संभालेंगे। सूची में सुधांशु दास, टिंकू रॉय, सैन्टाना चकमा, कल्याणी रॉय, अमित रक्षित, पापिया दत्ता, राम पदा जमातिया, प्रमोद रियांग, भगवान दास, संभू लाल चकमा और मोहम्मद बिलाल मिया को भी जगह दी गई है।
गौरतलब है कि राज्य में आगामी आम चुनाव दो चरणों में होने हैं। पश्चिमी त्रिपुरा सीट पर 19 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि पूर्वी त्रिपुरा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
08:00 AM, 31-Mar-2024
Lok Sabha Election 2024 Live: ‘कांग्रेस ने स्वेच्छा से कच्चातिवू छोड़ा, उन्हें इसका पछतावा भी नहीं’, शाह बोले
Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इस दौरान देश के 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए भाजपा-कांग्रेस समेत तमाम राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। आइए पढ़ते हैं चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स…