करनाल के विनय नरवाल की गुरुग्राम की हिमांशी से 16 अप्रैल को शादी हुई, 23 अप्रैल को आतंकियों ने विनय की हत्या कर दी।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने जिन टूरिस्ट की हत्या की, उनमें हरियाणा के करनाल के रहने वाले नेवी के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी थे। वह 3 साल पहले ही नेवी में भर्ती हुए थे।उनकी 7 दिन पहले ही मंसूरी में डेस्टिनेशन वेडिंग हुई थी। इसके बा
.
दादा हवा सिंह ने बताया- पहले विनय-हिमांशी हनीमून मनाने के लिए यूरोप जा रहे थे। मगर, ऐन मौके पर वीजा नहीं लगा। जिस वजह से वह जम्मू कश्मीर चले गए। दादा हवा सिंह रुंधे गले से कहते हैं..
काश, उनका यूरोप का वीजा लग जाता तो पोता विनय आज हमारे बीच होता।
लेफ्टिनेंट विनय से जुड़ी एक और दुखद बात यह भी है कि 8 दिन बाद 1 मई को उनका बर्थडे भी आना था। शादी के बाद पहले बर्थडे को लेकर परिवार ने ग्रैंड पार्टी प्लान की थी। इसके बाद 3 मई को उन्हें पत्नी के साथ कोच्चि ड्यूटी पर लौटना था। दैनिक भास्कर ने विनय के परिवार से विस्तृत बातचीत की, जिसमें उनकी पूरी कहानी सामने आई….
विनय-हिमांशी की 2 फोटो, 8 दिन में साथ छूट गया…

16 अप्रैल की यह तस्वीर लेफ्टिनेंट विनय और हिमांशी की शादी की है, जिसमें दोनों बहुत खुश नजर आ रहे हैं।

ये तस्वीर 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम की है। इसमें विनय नरवाल की डेडबॉडी के पास उनकी पत्नी हिमांशी गुमशुम बैठी हुई हैं।
7 पॉइंट में पढ़िए, करनाल के लेफ्टिनेंट विनय की पूरी कहानी…
1. करनाल के स्कूल में पढ़े, दिल्ली से बीटेक की विनय नरवाल मूल रूप से करनाल के भुसली गांव के रहने वाले हैं। मगर, 15 साल से उनका परिवार सेक्टर-7 में रह रहा है। उनकी स्कूलिंग करनाल के संत कबीर स्कूल में हुई। जिसके बाद दिल्ली से उन्होंने बीटेक की। विनय पढ़ाई में तेज थे।

करनाल के सेक्टर 7 में लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का घर।
2. परिवार शुरू से आर्मी से जुड़ा हुआ विनय के दादा हवा सिंह ने कहा, “हमारा परिवार शुरू से ही आर्मी से जुड़ा रहा है। मेरे ताऊजी भी आर्मी में थे। विनय के नाना के भाई भी आर्मी में रहे और उन्होंने अंग्रेजों के साथ भी लड़ाई लड़ी। मेरा भतीजा भी आर्मी में है। मैं खुद पहले BSF में था। वहां से रिटायर होने के बाद मैंने हरियाणा पुलिस जॉइन की और अब पुलिस से भी रिटायर हो चुका हूं।”

इस तस्वीर में विनय अपने दादा हवा सिंह और चाचा के साथ हैं।
3. CDS में सिलेक्ट न हुए तो SSB की तैयारी की परिवार के आर्मी बैकग्राउंड की वजह से विनय के खून में भी देश सेवा का जज्बा था। पढ़ाई के दिनों से ही वह आर्मी में जाने के इच्छुक थे। स्कूल टाइम में ही वह कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनका सिलेक्शन नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (SSB) की तैयारी करनी शुरू कर दी। 3 साल पहले उनका चयन नेवी में हो गया।

नेवी लेफ्टिनेंट की वर्दी विनय नरवाल की फाइल फोटाे।
4. केरल में ड्यूटी थी, पिता कस्टम विभाग में विनय की ड्यूटी केरल के कोच्चि में थी। पिता राजेश कुमार कस्टम विभाग में सुपरिंटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनकी ड्यूटी पानीपत में है। दादा हवा सिंह 2004 में हरियाणा पुलिस से रिटायर हुए थे। मां आशा देवी और दादी बीरू देवी गृहिणी हैं। विनय की छोटी बहन सृष्टि दिल्ली में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही हैं।

बुआ माया देवी के साथ लेफ्टिनेंट बनने के बाद खुश नजर आ रहे विनय नरवाल की फाइल फोटो।
5. दो महीने पहले ETO की बेटी से रिश्ता, 16 को शादी हुई विनय का 2 महीने पहले ही गुरुग्राम की हिमांशी के साथ रिश्ता पक्का हुआ था। हिमांशी PHD कर रही हैं और साथ ही बच्चों को ऑनलाइन भी पढ़ाती हैं। हिमांशी के पिता सुनील कुमार गुरुग्राम में एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर (ETO) हैं। 28 मार्च को विनय शादी के लिए छुट्टी लेकर आए थे। 16 अप्रैल को मसूरी में उनकी शादी हुई। 19 तारीख को करनाल में रिसेप्शन पार्टी रखी गई थी।

ये तस्वीर 19 अप्रैल की है। करनाल में विनय और हिमांशी नरवाल की रिसेप्शन पार्टी हुई थी।
6. यूरोप का वीजा कैंसिल हुआ को कश्मीर गए शादी के बाद उनका यूरोप में हनीमून का प्लान था। इसके लिए वीजा भी अप्लाई किया था। मगर, वीजा नहीं लग पाया और यूरोप जाने का प्रोग्राम कैंसिल हो गया। इसके बाद 21 अप्रैल को दोनों जम्मू कश्मीर के लिए निकल गए। 22 अप्रैल को वे पहलगाम में होटल में ठहरे हुए थे। दादा हवा सिंह के मुताबिक खाना खाने के बाद वे नीचे डेस्टिनेशन पॉइंट पर घूमने के लिए गए थे। उसी दौरान आतंकी हमला हो गया।

ये तस्वीर रिसेप्शन पार्टी की है। इसमें विनय और हिमांशी स्टेज की तरफ जाते दिख रहे हैं।
7. परिवार ने बर्थडे सेलिब्रेट करना था, अब अंतिम विदाई देंगे परिवार के सदस्य अमित ने बताया कि 1 मई को विनय का जन्मदिन था। परिवार के सदस्यों ने सोचा था कि हनीमून से लौटने के बाद विनय के लिए एक बड़ी पार्टी रखी जाएगी। 3 मई को विनय को हिमांशी के साथ कोच्चि लौटना था। वहां उन्होंने रेस्ट हाउस भी बुक करा लिया था।
दादा बोले- मुझे कहा था, मीठा मत खाना दादा जी ने बताया, “मैं शुगर का मरीज हूं। जम्मू कश्मीर जाते हुए विनय और हिमांशी ने मुझसे कहा था- दादा जी ज्यादा मीठा मत खाना। 28 मार्च को विनय छुट्टी पर आए थे। 4 अप्रैल को उनकी सगाई हुई थी। 16 अप्रैल को मसूरी में उनकी डेस्टिनेशन वेडिंग हुई। 19 अप्रैल को रिसेप्शन हुआ। 20 अप्रैल को वे हिमांशी के साथ गुरुग्राम ससुराल गए। वहीं से उन्होंने फ्लाइट लेकर जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए यात्रा शुरू की।
=================
ये खबर भी पढ़ें :-
जेएंडके आतंकी हमला, हरियाणा के लेफ्टिनेंट की हत्या:करनाल में 8 दिन पहले शादी हुई, इन्हीं की पत्नी ने बताया- आतंकियों ने नाम पूछकर गोली मारी

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में हरियाणा के करनाल के रहने वाले लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (26) की भी मौत हुई है। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हिमांशी कह रही हैं, “मैं अपने पति के साथ भेलपुरी खा रही थी। एक आदमी आया और कहा ये मुस्लिम नहीं है, फिर गोली मार दी।” पढ़ें पूरी खबर