- Hindi News
- National
- IMD Weather Heatwave Alert Update; UP Punjab Delhi Haryana | Rajasthan MP Temperature
नई दिल्ली9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में रात में तेज गर्मी पड़ने और तापमान के बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने देश कई राज्यों में तेज गर्मी और हीटवेव की संभावना जताई है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र में भी आज लू चलने का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को कश्मीर में सीजन की पहली हीटवेव चली। यहां मार्च-अप्रैल में बर्फबारी देखने को मिली थी।
जम्मू और हिमाचल छोड़कर हीटवेव के अलर्ट वाले राज्यों के 50 से ज्यादा शहरों में लगातार आठवें दिन 43 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। राजस्थान के 10 शहरों में बुधवार को तापमान 45 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया। बाड़मेर में देश में सबसे ज्यादा तापमान 48 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में आने वाले 5 दिनों तक तापमान 44 डिग्री के पार ही बना रहेगा। वहीं, पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना में तापमान 40 से 44 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।
उधर, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। केरल कर्नाटक और तमिलनाडु में आज भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, नॉर्थ के राज्यों में भी आज बारिश का अलर्ट है।
गोवा में बिजली गिरने से 6 फ्लाइट्स डायवर्ट
गोवा में बुधवार को बिजली गिरने के कारण मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की रनवे की लाइट खराब हो गई। इससे 6 फ्लाइट्स को डाइयवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने कहा- कल शाम करीब 5 बजे बिजली गिरी थी।
इसके बाद रनवे की क्षतिग्रस्त हुई लाइट पर हमने तुरंत संज्ञान में लिया। 8 बजे तक खराब लाइट्स को ठीक कर लिया गया। ऐसी प्राकृतिक आपदा हमारे कंट्रोल में नहीं रहती। पैसेंजर्स को हुई असुविधा के लिए हमें दुख है।

रात का तापमान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में रात में तेज गर्मी और तापमान बढ़ेने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, रात में तापमान अधिक होने से शरीर को ठंडा होने का मौका नहीं मिलता है, जिससे गर्मी संबंधी तनाव बढ़ सकता है। इसका कारण एसी और निजी वाहनों का बढ़ता इस्तेमाल है। इनके उत्सर्जन से गर्मी बनी रहती है।
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की स्टडी के मुताबिक, अत्यधिक तापमान से स्ट्रोक के कारण मौत का खतरा बढ़ जाता है। विश्व बैंक के अनुसार, 2030 तक गर्मी संबंधी तनाव के चलते उत्पादकता गिरेगी। दुनिया में 8 करोड़ व भारत में 3.4 करोड़ नौकरियां जाएंगी।
अगले 3 दिन का मौसम का अनुमान
24 मई: UP राजस्थान में रात में तेज गर्मी का अनुमान, 6 राज्यों में बारिश होगी
- उत्तर प्रदेश और राजस्थान में रात में तेज गर्मी का अनुमान है। दिल्ली और पंजाब में हीटवेव चलेगी।
- केरल और पश्चिम बंगाल में समुद्री तटों के आसपास के शहरों में 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
- पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अंडमान और निकोबार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और लक्षद्वीप में भारी बारिश होगी।
25 मई: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हीटवेव की संभावना
- राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गंभीर लू चलने की संभावना है।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव की स्थिति रहेगी।
26 मई: नॉर्थ-ईस्ट में तेज बारिश होगी, 7 राज्यों में हीटवेव चलेगी
- अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में तेज बारिश होगी।
- राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र में हीटवेव चलेगी।

प्री-मानसून बारिश 55 फीसदी कम
IMD के मुताबिक प्रदेश में बीते सप्ताह, यानी 9 मई से 15 मई के बीच में औसत बारिश के मुकाबले 55 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई। औसतन अभी तक 3.9 मिमी. बारिश हो जाती है, लेकिन अभी तक प्रदेश में सिर्फ 1.8 मिमी. बारिश ही दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मानसून में इस बार अच्छी बारिश के संकेत हैं।
राज्यों की मौसम की खबरें सिलसिलेवार पढ़ें…
मध्य प्रदेश: ग्वालियर-चंबल समेत कई शहरों में हीटवेव चलेगी, रतलाम सबसे गर्म
मध्यप्रदेश के ग्वालियर, चंबल और मालवा-निमाड़ में तेज गर्मी पड़ रही है। पिछले 2 दिन से रतलाम सबसे गर्म शहर है। वहीं, भोपाल-इंदौर में टेम्प्रेचर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जबकि ग्वालियर-चंबल में लू का असर है। मौसम विभाग भोपाल के सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, 24-25 मई से पूरे प्रदेश में तेज गर्मी रहेगी। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़: आज भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, रायपुर में बादल छाए रहेंगे
समुद्र से आ रहा नमी और सिस्टम बनने के कारण छत्तीसगढ़ में बुधवार को रायपुर दुर्ग समेत कई जिलों में बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर में थोड़ी-बहुत बादल छाए रहेंगे। प्रदेश में अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। उसके बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: 3 जिलों में बारिश, पटना में बदला मौसम; पूरे बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट
गोपालगंज, नालंदा, बेगूसराय समेत बिहार के कई जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। पटना में भी मौसम बदला हुआ है। बादल छाए हैं। ठंडी हवा चल रही है। मौसम विभाग ने बिहार में गुरुवार को बारिश और तेज हवा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
