ऐप पर पढ़ें
Delhi Weather Report: दिल्ली में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली में भीषण गर्मी और लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में 44.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ रविवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। IMD ने दिल्ली के लोगों को इस झुलसा देने वाली गर्मी से हाल फिलहाल में राहत की कोई संभावना नहीं जताई है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि मौजूदा स्थिति अगले एक हफ्ते तक बनी रहेगी। एक दिन पहले शनिवार को दिल्ली में 43.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया था।
राहत के नहीं है आसार
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा- आमतौर पर मई सबसे गर्म महीना माना जाता है। यदि इस सीजन में उत्तर भारत के हिस्सों में बारिश नहीं होती है, तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाता है। अनुमान है कि दिल्ली एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ने की स्थिति अगले एक हफ्ते तक बनी रहेगी। अन्य राज्यों की बात करें तो राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी अगले 5 दिनों तक ऐसे ही हालात रहने वाले हैं।
21 मई तक भीषण गर्मी पड़ने का रेड अलर्ट
नरेश कुमार ने बताया कि मौसम विभाग ने दिल्ली में तीन दिन यानी 21 मई तक भीषण गर्मी पड़ने का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 22 और 23 मई को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। हालांकि इन दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुल मिलाकर दिल्ली में 25 मई तक ऐसे ही हालात रहेंगे। मौसम विभाग ने दिल्ली में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज गर्म हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।
दिल्ली में 46 डिग्री पार पहुंचा तापमान
एक दिन पहले शनिवार को दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस, नजफगढ़ में 46.7, पीतमपुरा में 46.2, पूसा में 46, आयानगर और पालम में क्रमश: 45.2 और 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य राज्यों की बात करें तो अगले 3-4 दिनों तक यूपी के कुछ हिस्सों और उत्तरी एमपी में भी लू चलेगी। मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लू से बचाव को लेकर एडवाइजरी भी जारी की है।