akhilesh yadav raises questions on rahul gandhi caste x ray blames congress – राहुल गांधी के ‘जाति एक्स रे’ पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, कांग्रेस को दोष

ऐप पर पढ़ें

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि आधार कार्ड के लिए बनाए गए तंत्र की मदद से जाति जनगणना तीन महीने में पूरी की जा सकती है। अखिलेश यादव ने कटनी जिले के बहोरीबंद में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जाति जनगणना की मांग एक ‘चमत्कार’ है। इस दौरान अखिलेश (Samajwadi Party chief Akhilesh Yadav) ने संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर जोरदार तंज कसा…

राहुल गांधी का बयान कि जाति जनगणना एक ‘एक्स-रे’ की तरह होगी जो विभिन्न समुदायों का विवरण देगी, अखिलेश यादव ने इस पर जोरदार तंज कसा। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस जब केंद्र और राज्य में थी और जब उसको एक्स-रे कराना था तब उसने ऐसा नहीं किया। आज तो एमआरआई और सीटी स्कैन का जमाना है लेकिन बीमारी और भी बड़ी हो गई है। इस बीमारी के खिलाफ जो लड़ाई तब लड़नी चाहिए थी, यदि उस समय ही ध्यान दिया गया होता और समाधान कर दिया जाता तो समाज में इतनी बड़ी खाई नहीं होती। 

अखिलेश ने चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में कहा- कोई कल्पना कर सकता है भारत 140 करोड़ आबादी वाला इतना बड़ा देश है। देश की 60 फीसदी दौलत केवल 5 फीसदी लोगों के पास है। ऐसा पुरानी सरकारों की गलत नीतियों के कारण हुआ। जब एक्स-रे करना था तब बीमारी बढ़ गई। अब एमआरआई सीटी स्कैन की जरूरत है। जब कभी समाजवादियों को मौका मिलेगा तो सबसे पहले जातीय जनगणना कराई जाएगी। लोक सभा में जब इसकी मांग की जा रही थी तब कांग्रेस ने जाति जनगणना नहीं कराई। 

सपा प्रमुख ने कहा- सबसे बड़ा चमत्कार यह है कि कांग्रेस जाति जनगणना के बारे में बात कर रही है। वही लोग एक्स-रे के बारे में बात कर रहे हैं, जिन्होंने आजादी के बाद जाति जनगणना बंद कर दी थी। कांग्रेस आज जाति जनगणना की बात क्यों कर रही है क्योंकि वह जानती है कि उसका पारंपरिक वोट उसके पास नहीं है। वह पिछड़े दलित और आदिवासियों की ओर देख रहे हैं। पिछड़े दलित और आदिवासी भी उनकी हकीकत जान चुके हैं। पिछड़े दलित और आदिवासी जान गए हैं कि आजादी के बाद धोखा उन्होंने दिया। 

सपा प्रमुख ने कहा कि जातियों की गिनती तीन महीने में की जा सकती है। सारा डेटा उपलब्ध है। सभी के पास आधार कार्ड हैं। इसमें समय क्यों लगेगा। मध्य प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। ऐसे में अब इंडी गठबंधन कैसे चलेगा? इस सवाल पर अखिलेश ने कहा कि इस मामले में आगे देखा जाएगा। सपा सुप्रीम कों ने मध्य प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा यूपी में थी तब उसने ऐसी सड़कें बनवाई थीं, जिन पर विमान उतर सकें। क्या डबल इंजन सरकार (मध्य प्रदेश और केंद्र में भाजपा शासन) ने यहां ऐसी कोई सड़क बनाई है। 

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *