नई दिल्ली37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दिल्ली पुलिस ने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक समेत टीएमसी नेताओं को हिरासत में ले लिया है।
दिल्ली पुलिस ने कृषि भवन पर धरने पर बैठे ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी समेत टीएमसी नेताओं को हिरासत में ले लिया है। ये सभी नेता केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री निरंजन ज्योति से मुलाकात न होने पर कृषि भवन में ही धरने पर बैठे थे। पुलिस ने इन सभी को वहां से जबरन हटाया। महिला पुलिस ने महुआ मोइत्रा को गोद में उठाकर हिरासत में लिया। साथ ही सभी नेताओं के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए।
अभिषेक बनर्जी मंगलवार दूसरे दिन भी धरने पर थे। पुलिस उन्हें घसीटकर ले गई। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल को फंड नहीं दे रही है। TMC नेता धरने के दौरान मनरेगा मजदूरों और भवन निर्माण योजनाओं के लिए फंड देने की मांग कर रहे थे।

ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी समेत टीएमसी नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है।
TMC नेता बोले- हमें घंटों इंतजार करवाया गया
हंगामे के बीच TMC सांसद शांतनु सेन ने कहा- हमें मुलाकात के लिए बुलाया गया था। डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक हमें इंतजार करवाया गया, फिर कहा गया कि वे (मंत्री) हमसे मुलाकात नहीं करेंगीं। केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति मुलाकात नहीं करेंगी तो ठीक है, हम भी कृषि भवन से कहीं नहीं जाएंगे।
अब मामले को लेकर अभिषेक बनर्जी के ये दो बयान पढ़ें …
- अभिषेक बनर्जी का कहना है कि TMC के 50 नेताओं को रोकने के लिए 5 से 10 हजार पुलिस वालों को लगाया गया है। यहां सुरक्षाकर्मियों की संख्या को देखकर ऐसा लगता है कि जैसे यहां भारत-चीन युद्ध हो रहा हो। उन्होंने आगे कहा कि पूर्वोत्तर के एक राज्य मणिपुर में हिंसा जारी है, लेकिन केंद्र सरकार हमारे प्रदर्शन को रोकने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर प्रदर्शनकारियों को धमकाने की कोशिश करने का आरोप ।
- TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि हमारे पास केवल दो रास्ते हैं। पहला- नरेंद्र मोदी, अमित शाह के सामने सरेंडर करना और अपना बकाया पैसा मांगना। जबकि दूसरा रास्ता है प्रतिरोध करना। उन्होंने अपने समर्थकों से पूछा कि हमें कौन सा रास्ता चुनना चाहिए। सरेंडर या लड़ाई? टीएमसी महासचिव ने कहा कि हम केंद्र सरकार को लिखे गए 50 लाख लेटर बंगाल से लेकर आए हैं। केंद्र सरकार के मंत्री टीएमसी डेलिगेशन से मिल ही नहीं रहे हैं, लेकिन वो शुभेंदु और सुकांता जैसे बीजेपी नेताओं से मिल रहे हैं।

TMC का कहना है कि ये लेटर 50 लाख से ज्यादा लोगों ने लिखे हैं, जो केंद्र से बकाया पैसा जारी करने की मांग कर रहे हैं।
केंद्र के पास बंगाल का 7 हजार करोड़ रुपए बकाया
बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का कहना है कि केंद्र सरकार के पास राज्य का 7 हजार करोड़ रुपया बकाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले बकाये भी नहीं दिए। 55 लाख घरों के निर्माण के लिए आवास योजना का पैसा अभी तक नहीं दिया गया है। हम 12 हजार गांवों में खराब सड़कों की मरम्मत करवा रहे हैं। यह सब मैं अपने पैसे से कर रही हूं। मुझे 100 दिनों के काम, सड़क, आवास के लिए केंद्र से 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपए मिलते हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 29 मार्च से कोलकाता में दो दिवसीय धरना दिया था। बंगाल CM 100 दिन काम योजना और अन्य योजनाओं के लिए राशि जारी नहीं करने के चलते केंद्र सरकार के खिलाफ धरने पर बैठी थीं।
इससे जुड़ी अन्य खबर भी पढ़ें…
ममता बोलीं- सुना है 2024 तक हमें फंड नहीं मिलेगा तो आंचल फैलाकर माताओं से भीख मांग लूंगी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि सुनने में आ रहा है कि अब हमें साल 2024 तक फंड नहीं मिलेगा। ऐसा हुआ तो जरूरत पड़ने पर मैं आंचल फैलाकर बंगाल की माताओं के सामने भीख मांग लूंगी, लेकिन भीख मांगने दिल्ली (केंद्र सरकार के पास) कभी नहीं जाऊंगी। पढ़ें पूरी खबर…
