Lok Sabha Election Live Updates: लोकसभा चुनाव 2024 का रण शुरू हो चुका है। शुक्रवार सुबह 7 बजे से पहले चरण का मतदान हो रहा है, जिसमें देश की 102 सीटें दांव पर हैं। कहा जा रहा है कि सत्तारूढ़ NDA यानी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस और विपक्षी गठबंधन INDIA के बीच इन सीटों पर 50-50 का मुकाबला होगा। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की तरफ से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कुल 7 चरणों में मतदान होना है।
कब-कब होगी वोटिंग
ECI ने बताया है कि 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। इसके बाद दूसरे दौर की वोटिंग 26 अप्रैल को होगी। इसके बाद 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को अलग-अलग चरणों में वोट डाले जाएंगे। 4 जून को नतीजे घोषित होंगे। एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाला NDA तीसरी बार जीतने की कोशिश में है। वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA के जरिए कांग्रेस, डीएमके समेत कई दल साथ आए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह सात बजे शुरू हो कर शाम छह बजे तक चलेगा। आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है। इन मतदान केंद्रों पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं।
लोकसभा चुनाव 2024 में सीटों के राज्यवार अपडेट्स जानने के लिए क्लिक करें-
राजस्थान
बिहार
मध्य प्रदेश
उत्तर प्रदेश
Lok Sabha Election 2024: पहली बार शोंपेन जनजाति के सात सदस्यों ने डाला मतदान
Lok Sabha Election 2024: अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में पहली बार शोंपेन जनजाति के सात सदस्यों ने शुक्रवार को केंद्रशासित प्रदेश की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह जनजाति ग्रेटर निकोबार द्वीपसमूह का ‘विशेष संवेदनशील जनजाति समूह’ (पीवीटीजी) है। शोंपेन जनजाति के सदस्यों ने न केवल वन कर्मचारी क्वार्टर के अंदर बने ‘शोंपेन हट’ नामक मतदान केंद्र 411 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया, बल्कि उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बनाए गए एक निर्दिष्ट ‘कट-आउट’ पर सेल्फी भी ली।
Lok Sabha Election 2024: त्रिपुरा के लोगों ने डाले सबसे ज्यादा वोट
Lok Sabha Election 2024: पहले चरण में भारत की 102 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 49.9 फीसदी वोटिंग हुई है। त्रिपुरा में सबसे ज्यादा वोट पड़े हैं, यहां राज्य में 68.4 फीसदी मतदान हुआ। जबकि दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। दोपहर 3 बजे तक पश्चिम बंगाल की तीन सीटों – अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी पर 66.34% मतदान हुआ। जिसमें जलपाईगुड़ी में सबसे ज्यादा मतदान हुए हैं।
Lok Sabha Election 2024: बिहार की चार लोकसभा सीटों पर 31.5 प्रतिशत मतदाताओं ने की वोटिंग
Lok Sabha Election 2024: बिहार में प्रथम चरण के लोकसभा चुनाव में गया (सु), औरंगाबाद, नवादा और जमुई (सु) संसदीय क्षेत्र में आज दोपहर एक बजे तक लगभग 31.5 प्रतिशत मतदाताओं ने वोटिंग की। निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन चार लोकसभा सीटों के लिए दोपहर एक बजे तक लगभग 31.5 प्रतिशत मतदान हुआ। जमुई संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 34.25 प्रतिशत जबकि नवादा में सबसे कम 27.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, औरंगाबाद में 33.99 प्रतिशत और गया में 30.40 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।
Lok Sabha Election 2024: MP में तेज रफ्तार से हो रहा है मतदान, 6 घंटों में 44 फीसदी
Lok Sabha Election 2024: मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में छह संसदीय सीटों पर आज शुरूआती छह घंटों में 44 प्रतिशत से अधिक मतदान होने के समाचार हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार सुबह सात बजे से मतदान प्रारंभ होने के बाद दोपहर एक बजे तक छह घंटों में औसतन 44.43 प्रतिशत मतदान हुआ।
Lok Sabha Election 2024: रामदेव बाबा ने कहा- सनातन शक्तियों को मजबूत करने वाली सरकार चुनें
Lok Sabha Election 2024: अपनी बारी आने पर मतदान करने के बाद बाबा रामदेव ने सभी मतदाताओं से अपना वोट देने की अपील की। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत को आर्थिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक गुलामी से मुक्ति दिलाने के लिए उन्होंने वोट दिया है। रामदेव ने कहा कि संविधान की रक्षा, राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए लोगों को मतदान जरूर करना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि वे देश में सनातन शक्तियों को मजबूत करने वाली सरकार चुनें।
Lok Sabha Election 2024: आचार्य बालकृष्ण के साथ वोट डालने पहुंचे बाबा रामदेव
Lok Sabha Election 2024: योग गुरू रामदेव ने हरिद्वार में अपना वोट डाला तथा लोगों से देश में सनातन शक्तियों को मजबूत करने वाली सरकार चुनने को कहा । रामदेव सुबह लगभग 10 बजे अपने करीबी सहयोगी और पतंजलि के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण के साथ हरिद्वार के कनखल में दादूबाग मतदान केंद्र पहंचे और मतदान के लिए कतार में खड़े हो गए।
Lok Sabha Election 2024: बंगाल की तीन लोस सीट पर सुबह 11 बजे तक 33.63 प्रतिशत मतदान
Lok Sabha Election 2024: पश्चिम बंगाल की तीन लोकसभा सीट पर शुक्रवार सुबह 11 बजे तक 33.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कूचबिहार, जलपाईगुड़़ी और अलीपुरद्वार सीटों पर लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत सुबह सात बजे मतदान आरंभ हुआ। तीनों सीटों पर कुल 56.26 लाख लोग मतदान के पात्र हैं। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया, ‘सुबह 11 बजे तक कूचबिहार में 33.63 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि जलपाईगुड़ी में 31.94 प्रतिशत और अलीपुरद्वार में 35.20 प्रतिशत मतदान हुआ।’
Lok Sabha Election 2024: नागौर में कोमल ने शादी के बाद ससुराल जाने से पहले डाला वोट
Lok Sabha Election 2024: राजस्थान में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के प्रति लोगों में भारी उत्साह नजर आ रहा है और नागौर में कोमल ने शादी के तुरंत बाद अपना वोट डाला और इसके बाद ससुराल रवाना हुई। नागौर में चैनार में जगावता निवासी कोमल ने विवाह संपन्न होने के तुरंत बाद ससुराल जाने से पहले पति नितिन सोलंकी के साथ आकर चैनार स्थित अटल सेवा केन्द्र में स्थित मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का उपयोग किया।
Lok Sabha Election 2024: मध्यप्रदेश में चार घंटों में 30 प्रतिशत से अधिक मतदान
Lok Sabha Election 2024: मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में छह संसदीय सीटों पर आज शुरूआती चार घंटों में 30 प्रतिशत से अधिक मतदान होने के समाचार हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार सुबह सात बजे से मतदान प्रारंभ होने के बाद 11 बजे तक चार घंटों में औसतन 30.46 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 11 बजे तक औसतन 32.03 प्रतिशत मतदान मंडला में हुआ है। इसके अलावा छिंदवाड़ा में 32.51 प्रतिशत, सीधी में 26.03 प्रतिशत, बालाघाट में 35.74 प्रतिशत, जबलपुर में 27.41 प्रतिशत और शहडोल में 29.57 प्रतिशत मतदान की सूचनाएं हैं।
Lok Sabha Election 2024: राजस्थान में सुबह 11 बजे तक 22.59 प्रतिशत मतदान
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है और पहले चार घंटे में लगभग 22.59 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, मतदान सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। पहले चार घंटे में लगभग 22.59 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे ज्यादा 27.70 फीसदी मतदान गंगानगर लोकसभा सीट पर हुआ।
Lok Sabha Election 2024: अब तक मतदान में सबसे आगे त्रिपुरा, यह राज्य बुरी तरह पिछड़ा
Lok Sabha Election 2024: सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान को अब करीब 5 घंटों का समय बीत चुका है। इस दौरान मतदान प्रतिशत में शीर्ष पर पूर्वोत्तर का राज्य त्रिपुरा बना हुआ है। सुबह 11 बजे तक के आंकड़े बता रहे हैं कि राज्य में सबसे ज्यादा 33.28 प्रतिशत वोटिंग हुई है। वहीं, लक्षद्वीप में सबसे कम 16.33 प्रतिशत ही मतदान हुआ है। प्रक्रिया शाम 5 बजे तक जारी रहेगी।
Lok Sabha Election 2024: SP कर रही बूथ कैप्चरिंग की शिकायत
Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में खराबी आने के आरोप लगाए हैं। इनमें रामपुर और मुजफ्फराबाद का नाम शामिल है। इसके अलावा सपा उम्मीदवार हरेंद्र मलिक ने कुतबी गांप में बूथ कैंप्चरिंग के भी आरोप भाजपा पर लगाए हैं। उन्होंने इस संबंध में शिकायत भी कर दी है। सपा नेता का आरोप हैं कि कार्यकर्ताओं को पीटा जा रहा है। कुतबी गांव से केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार
संजीव मलिक आते हैं।
Lok Sabha Election 2024: पीएम मोदी को याद आया वर्ल्ड कप और मोहम्मद शामी
Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पीएम मोदी ने कहा, ‘अमरोहा केवल ढोलक ही नहीं, देश का डंका भी बजाता है। क्रिकेट वर्ल्ड कप में भाई मोहम्मद शामी ने जो कमाल किया, वो पूरी दुनिया ने देखा है। खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए केंद्र सरकार ने उन्हें अर्जुन अवार्ड दिया है और योगी जी की सरकार यहां के युवाओं के लिए स्टेडियम भी बनवा रहे हैं।’
Lok Sabha Election 2024: INDIA गठबंधन पूरी ताकत देहात को पिछड़ा बनाने में लगाती है
Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के अमरोहा पहुंचे पीएम मोदी ने कहा, ‘पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 2024 का लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। इस चुनाव में आप का एक एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करने वाला है। भाजपा गांव, गरीब के लिए बड़े विजन और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन INDI गठबंधन के लोगों की सारी शक्ति गांव, देहात को पिछड़ा बनाने में लगती है। इस मानसिकता का सबसे बड़ा नुकसान अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों को उठाना पड़ा है।’
Lok Sabha Election 2024: सुबह 9 बजे तक की वोटिंग में ये दल आगे
Lok Sabha Election 2024: सुबह 9 बजे तक अरुणाचल प्रदेश में 6.44 फीसदी, सिक्कमि में 7.90 फीसदी, मध्य प्रदेश में 15 फीसदी, महाराष्ट्र में 6.98 फीसदी, जम्मू और कश्मीर में 10.43 फीसदी, राजस्थान में 10.67 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 12.66 फीसदी, त्रिपुरा में 15.21 फीसदी, उत्तराखंड में 10.54 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 15.09 फीसदी मतदान हुआ है।
Lok Sabha Election 2024: 3 घंटे की वोटिंग पूरी, ये राज्य आगे
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के मतदान का दौर शुरू हुए करीब 3 घंटे बीत चुके हैं। खबर है कि अब तक मतदान में सबसे आगे मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश चल रहे हैं। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान का दौरान शाम करीब 5 बजे तक चलेगा। पहले दौर में देश की 102 सीटों पर मतदान प्रक्रिया जारी है।
Lok Sabha Election 2024: मैं अच्छे अंतर से जीतूंगा चुनाव: नितिन गडकरी का दावा
Lok Sabha Election 2024: केंद्रीय मंत्री और नागपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार नितिन गडकरी ने कहा, ‘हमें मतदान करना चाहिए, यह हमारा मौलिक अधिकार भी है और कर्तव्य भी है…मैं 101% आश्वस्त हूं कि मैं अच्छे अंतर से चुनाव जीतूंगा…।’ मिजोरम के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने कहा, ‘इस चुनाव में बड़ी संख्या में नए मतदाता शामिल हो रहे हैं। मुझे लगता है कि वे पहली बार चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए निश्चित रूप से उत्साहित होंगे और इस प्रक्रिया में भाग लेने से उनकी आकांक्षाएं पूरी होंगी…’
Lok Sabha Election 2024: बूथ पर पहुंचे चर्चित चेहरे
Lok Sabha Election 2024: सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने मतदान किया। मिजोरम के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने आइजोल में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पोलिंग बूथ संख्या- 100 राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, खटीमा पर मतदान किया। RLP नेता और विपक्षी गठबंधन INDIA के उम्मीदवार हनुमान बेनीवाल ने नागौर में मतदान किया।
Lok Sabha Election 2024: CM मोटरसाइकिल चलाकर वोट डालने पहुंचे
Lok Sabha Election 2024: पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपना वोट डालने के लिए पुडुचेरी के डेलार्शपेट में एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। इससे पहले मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने बताया था कि वह मतदान केंद्र तक खुद ही गाड़ी चलाकर लाए हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें मौजूद हैं।