chhattisgarh news many people have been killed and several others injured after bus went into mine in durg – छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा, 50 फुट गहरी खदान में गिरी बस, 15 की मौत, 16 जख्मी

ऐप पर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले में मंगलवार रात को कर्मचारियों से भरी एक बस 50 फुट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 15 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हैं। इनमें 7 की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में तीन महिलाएं भी बताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और राहत अभियान शुरू किया। जिला प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर एम्स रेफर कर दिया गया है। सीएम विष्णु देव साय ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

केडिया डिस्टलरी ने 10-10 लाख मुआवजे का किया ऐलान
दुर्ग शहर के पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने कहा कि दुर्घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई। कर्मचारी केडिया डिस्टलरी कंपनी के कर्मचारी बताए जाते हैं। ये कर्मचारी ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। केडिया डिस्टलरी की ओर से मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया गया है। चूंकि हादसे में कई घायलों की हालत नाजुक है इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। 

मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, सीएम बोले- नहीं बख्शे जाएंगे दोषी
बताया जाता है कि जिस जगह पर हादसा हुआ वहां मुरुम की खदाने हैं। कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि बस में लाइट नहीं जल रही थी। इसी वजह से यह स्लिप होकर खाई में गिर गई। डिप्टी सीएम विजय शर्मा हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने रायपुर एम्स पहुंचकर घायलों का हाल भी जाना। दुर्ग की कलेक्टर ने भी हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। 

बस में सवार थे 46 लोग
बस में 46 लोगों के सवार होने की बातें कही जा रही है। सभी घायलों को रायपुर एम्स और मेकाहारा लाया गया है। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। बस सड़क से फिसलकर 40 फीट गहरी मुरम खदान में गिर गई। सूचना मिलने के तुरंत बाद एक पुलिस एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीएम मोदी ने जताया शोक
हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम मोदी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।

घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश, सीएम ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा- दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के हादसे का शिकार हो जाने की दुखद सूचना प्राप्त हुई। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति की कामना करता हूं। ईश्वर शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। इस हादसे में घायल लोगों के बेहतर इलाज के लिए इंतजाम किए गए हैं। मैं घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

घायलों को उचित इलाज मिलेः भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- ‘कुम्हारी में कर्मचारियों से भरी एक बस खदान में गिर गई। बताया जाता है कि बस में 46 लोग सवार थे। इस हादसे में कई लोगों की‌ जानें गई हैं और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों के परिजनों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने जिला प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज का प्रबंध करने का अनुरोध किया है।’

रिपोर्ट- संदीप दीवान

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *