ऐप पर पढ़ें
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया ब्लॉक एकजुट है। इंडिया ब्लॉक ने अब दिल्ली में मैगा रैली का ऐलान किया है। 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में INDIA ब्लॉक ने विशाल प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। दिल्ली के कथित शराब घोटाले में प्रवर्त निदेशालय की टीम ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। आम आदमी पार्टी INDIA गठबंधन की हिस्सा है। AAP नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए, आम आदमी पार्टी का उदय रामलीला मैदान से हुआ है… इसमें(महा रैली) INDIA गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और देश को, विश्व को संदेश देंगे।’
इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी, गोपाल राय और सौरभ भारद्वाज मौजूद थे। इसके अलावा कांग्रेस नेता और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली मौजूद थे। प्रेस वार्ता के दौरान गठबंधन के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर इंडिया गठबंधन के नेता अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन सबको निशाना बनाया जा रहा है। दिल्ली में एक तरफ मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया और दूसरी तरफ दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है। शनिवार को उन्हें प्रदर्शन नहीं करने दिया गया।
गठबंधन के नेताओं ने कहा, ‘हमारे दफ्तर को चुनाव के समय सील कर दिया गया। दिन भर शहीदी दिवस के मौके पर उनके नेताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। श्रद्धांजलि देने आए नेताओं को रोका गया। भाजपा कह रही है कि भ्रष्टाचार अरविंद केजरीवाल ने किया। लेकिन भाजपा ने किस तरह से शराब घोटाले के आरोपी से इलेक्टोरल बांड से पैसा लिया, ये सबके सामने आ गया। घोटाला का आरोप आप पार्टी पर लगा जबकि 60 करोड़ रुपये भाजपा को इलेक्टोरल बांड से मिले। इस पर कोई एजेंसी कार्रवाई नहीं कर रही।’