- Hindi News
- National
- Bharat Jodo Nyay Yatra Update; Rahul Gandhi In Thane | Lok Sabha Election 2024
मुंबई2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से न्याय यात्रा की शुरुआत की थी। 17 मार्च को मुंबई में विशाल रैली के साथ इसका समापन होगा।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार 15 मार्च को महाराष्ट्र के ठाणे पहुंचेगी। राहुल ठाणे के अंबाडी नाका, महापोली गांव, शेलार हनुमान मंदिर, नदी नाका, सोनाले मैदान सहित कई जगहों से गुजरेंगे।फिर ठाणे के भिवंडी स्थित सोनाले में यात्रा रूकेगी।
अगले दिन 16 मार्च को न्याय यात्रा ठाणे शहर के पुलिस कमिश्नरेट की सीमा तक बढ़ेगी। राहुल की यात्रा को लेकर ठाणे में पैराशूट ग्लाइडिंग और ड्रोन के इस्तेमाल पर बैन लगाया गया है। ठाणे जिला प्रशासन ने गुरुवार 14 मार्च को इसको लेकर एक आदेश जारी किया।
राहुल ने नासिक में ज्योतिर्लिंग की पूजा की

राहुल गांधी की न्याय यात्रा गुरुवार 14 मार्च को महाराष्ट्र के नासिक में थी। राहुल ने यहां के प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। हिंदू धर्म की मान्यताओं के मुताबिक, भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक ज्योतिर्लिंग यहां पर स्थित है।
राहुल ने पूजा के बाद गुरुवार दोपहर नासिक से अपनी न्याय यात्रा फिर शुरू की। उन्होंने यहां एक सभा को संबोधित किया और केंद्र सरकार पर देश के लोगों के साथ आर्थिक अन्याय करने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा-कितने पुलिस, IAS-IPS, परीक्षा देने वालों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों का कर्ज माफ हुआ? एक रुपया भी नहीं।
सबसे अमीर लोगों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया गया है। यह आर्थिक अन्याय है। भारत में 22 लोगों के पास उतना ही पैसा है, जितना भारत के 70 करोड़ लोगों के पास है। यह अन्याय है। हम इस अन्याय के खिलाफ यह यात्रा निकाल रहे हैं।

राहुल नासिक में किसान महापंचायत में शामिल हुए। उनके साथ NCP (शरदचंद्र पवार) अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत भी थे।

किसान महापंचायत के दौरान शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के साथ बातचीत करते राहुल।

किसान महापंचायत के दौरान बातचीत करते राहुल गांधी और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार।
17 मार्च को मुंबई में खत्म होगी न्याय यात्रा
राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के अंतिम चरण में महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले से राज्य में दाखिल हुए थे। वे 17 मार्च को मुंबई में एक विशाल रैली के साथ यात्रा को खत्म करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने I.N.D.I.A ब्लॉक के सभी दलों को रैली में शामिल होने को कहा है।
14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई यात्रा
राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर से न्याय यात्रा शुरू की थी। इस दौरान राहुल देश के 15 राज्यों और 110 जिलों में गए हैं। मुंबई में यात्रा खत्म होने तक राहुल 6700 किमी का सफर तय करेंगे।
राहुल गांधी बस से और पैदल 6 हजार 713 किलोमीटर से ज्यादा का सफर करेंगे। न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में खत्म होगी।
145 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा कर चुके हैं राहुल

इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था।
श्रीनगर में यात्रा के समापन के मौके पर शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में राहुल ने कहा था- मैंने यह यात्रा अपने लिए या कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि देश की जनता के लिए की है। हमारा उद्देश्य उस विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना है जो इस देश की नींव को नष्ट करना चाहती है।
यात्रा के दौरान राहुल ने 12 सभाओं को संबोधित किया था, 100 से ज्यादा बैठकें और 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस की थीं। उन्होंने चलते हुए 275 से ज्यादा चर्चाओं में हिस्सा लिया, जबकि कहीं रुककर 100 के करीब चर्चाएं कीं।
ये खबरें भी पढ़ें…
नंदुरबार में राहुल ने किया जाति जनगणना-आर्थिक सर्वे का वादा: 14 साल बाद गांधी परिवार पहुंचा; आधार कार्ड यहीं से लॉन्च हुआ था

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा अंतिम चरण में महाराष्ट्र के नंदुरबार पहुंची। यह जगह कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी। मंगलवार को राहुल ने आदिवासी न्याय सम्मेलन में अपने भाषण की शुरुआत जय आदिवासी कहकर की। इस दौरान राहुल ने कहा- अगर उनकी पार्टी की सरकार बनी तो जाति जनगणना और आर्थिक सर्वे कराएगी। साथ ही वन अधिकार अधिनियम को भी मजबूत करेगी। पूरी खबर पढ़ें…
राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने से कोर्ट का इनकार:जयपुर में राहुल के खिलाफ दायर किया गया था परिवाद, कोर्ट करेगा जांच

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जातिगत टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के खिलाफ पेश परिवाद पर कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश देने से इनकार कर दिया हैं। जयपुर की महानगर मजिस्ट्रेट, क्रम-11, महानगर-द्वितीय ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश देने से इनकार करते हुए सीआरपीसी की धारा-200 के तहत स्वयं के जांच करने के आदेश दिए हैं। पूरी खबर पढ़ें…
