Haryana Budget 2024 Live Updates Cm Manohar To Present Budget Today News In Hindi – Amar Ujala Hindi News Live – Haryana Budget:सीएम की बड़ी घोषणा; 5 लाख से ज्यादा किसानों के कर्ज का ब्याज माफ, कहा

11:55 AM, 23-Feb-2024

ग्रामीण क्षेत्रों में समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे

सीएम ने बताया कि पैक्स से ग्रामीण क्षेत्रों में समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे और सहकारी आंदोलन को फलने-फूलने के लिए मंच मिलेगा। 30 सितंबर 2023 तक लिए गए फसली ऋण पर 31 मई, 2024 तक मूलधन का भुगतान करने पर की ब्याज व जुर्माने की माफी करने की घोषणा की गई है। बशर्ते किसान मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत हों।

हैफेड ने निर्यात बाजार में सफलतापूर्वक प्रवेश किया है। वर्ष 2023-24 में 126 करोड़ रुपए मूल्य के 13,700 मीट्रिक टन बासमती चावल के निर्यात ऑर्डर मिले हैं। औद्योगिक मॉडल टाउनशिप, रोहतक में मेगा फूड पार्क स्थापित किया जा रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों और सहकारिता के लिए 7,570.77 करोड़ रुपए आवंटित करने का प्रस्ताव किया गया है, जो चालू वर्ष के 5,449.26 करोड़ रुपए के संशोधित अनुमानों की तुलना में 38.9 प्रतिशत वृद्धि की है।

सीएम ने बताया कि बजट में 8 नए राजकीय पशु अस्पताल और 18 नए राजकीय पशु औषधालय खोलने का प्रस्ताव किया गया है। सरकार ने 70 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के लिए किया अनुबंध, सेवाएं शीघ्र ही शुरू होने की उम्मीद है। वर्ष 2024-25 में 500 नए सी.एम.-पैक्स स्थापित करने प्रस्ताव बजट किया गया है।

 

11:46 AM, 23-Feb-2024

शहरी विकास की ये घोषणाएं

  • नियमित की गई कॉलोनियों में विकास कार्यों के लिए वर्ष 2024-25 में हरियाणा शहरी विकास निधि से 1000 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है। 
  • पीएम-स्वामित्व योजना की तर्ज पर, नगर पालिकाओं में शामिल किए गए गांवों की आबादी देह में संपत्तियों के मालिकों को संपत्ति प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए शहरी-स्वामित्व योजना शुरू की जाएगी। इससे संपत्तियों के मालिक पीएम-स्वामित्व के तहत ग्राम पंचायतों के आबादी वाले क्षेत्रों में संपत्तियों के मालिकों को मिलने वाले लाभ के समान लाभ प्राप्त कर सकेंगे। शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा अगले 15 दिनों में नीति अधिसूचित कर दी जाएगी।
  • शहरी क्षेत्रों में विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए, सरकार दिव्य नगर योजना के तहत राज्य के सभी बड़े शहरों में 500 से 1000 व्यक्तियों की क्षमता वाले सभागारों का निर्माण करेगी। गुरुग्राम और फरीदाबाद में दो-दो और अन्य सभी 9 नगर निगमों तथा 12 नगर परिषदों के जिला मुख्यालयों पर एक-एक सभागार बनाए जाएंगे। 

11:44 AM, 23-Feb-2024

पंचायती राज संस्थाएं व ग्रामीण विकास के लिए घोषणाएं

  • सरकार ने 10,000 और उससे अधिक की आबादी वाले सभी महाग्रामों की ग्राम पंचायतों के लिए हॉपर टिपर डंपरों की खरीद शुरू कर दी है और इन्हें ड्राइवर-कम-वेस्ट कलेक्टर उपलब्ध करवा रही है।
  • ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के स्वीकृत पदों की संख्या 11,254 से बढ़ाकर 18,580 करते हुए 7326 अतिरिक्त पद स्वीकृत किये गये हैं।
  • संग्रहण के बाद ठोस अपशिष्ट के उचित प्रबंधन के लिए 10,000 और उससे अधिक की आबादी वाले सभी महाग्रामों की ग्राम पंचायतों में अपशिष्ट प्रबंधन शेड का निर्माण किया जा रहा है।
  • वर्ष 2024-2025 में, अपशिष्ट प्रबंधन की संस्थागत प्रणाली का 7100 से ऊपर की आबादी की सभी ग्राम पंचायतों में विस्तार किया जाएगा, जिनके पास समुचित भूमि है।

11:37 AM, 23-Feb-2024

60 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर

सीएम ने कहा कि मिशन 60,000 के तहत सरकार का आने वाले वर्षों में कम से कम 60 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य लिया है।

फरवरी, 2024 में ठेकेदार सक्षम युवा योजना शुरू की गई है। यह योजना पंचायती राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों में 25 लाख रुपये तक के विकास कार्यों के लिए ठेकेदारों के रूप में 10,000 युवाओं की पहचान और प्रशिक्षण के उद्देश्य से शुरू की गई है।

फरवरी, 2024 में वन मित्र योजना शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के 7500 कार्यकर्ताओं के माध्यम से गैर-वन भूमि पर वृक्षारोपण गतिविधियों में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। हर कार्यकर्ता 1000 पौधों के संरक्षक के रूप में कार्य करेगा, ताकि ये पौधे पेड़ों में विकसित हो सकें।

छह नई राजकीय आई.टी.आई. का निर्माण कार्य जिला फरीदाबाद के मोहना, सेक्टर-18, सिकरोना और तिगांव, जिला महेंद्रगढ़ के सेहलंग और सतनाली में पूरा हो चुका है।

वर्ष 2024-25 के दौरान 6 नए आई.टी.आई. सिरसा जिले के जीवन नगर, हिसार जिले के सिसाय, जींद जिले के पेगा, कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद और बसंतपुर और करनाल जिले के इंद्री का निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है।

पिछले वर्ष मैंने घोषणा की थी कि सरकार बैंकों और वित्तीय संस्थानों के सहयोग से 200 करोड़ रुपये के कोष के साथ एक वेंचर कैपिटल फंड की स्थापना करेगी, जो उन स्टार्ट-अप उद्यमियों को ऋण और इक्विटी के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान करेगी जो महिलाएं हैं या ऐसे परिवारों से आते हैं, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है या अनुसूचित जाति या पिछड़ा वर्ग से संबंधित हैं।

वेंचर कैपिटल फंड उन युवाओं को उद्यमी बनने में सहायता करेगा जहां परियोजना लागत 5 करोड़ रुपये तक है। यह योजना वित्त वर्ष 2024-25 में चालू हो जाएगी।

11:30 AM, 23-Feb-2024

सीएम ने बजट अभिभाषण में की बड़ी घोषणा

सीएम ने पांच लाख से ज्यादा किसानों के कर्ज का ब्याज और पेनल्टी माफी की घोषणा की है। सीएम ने कहा कि जो किसान 30 सितंबर 2023 तक का कर्ज 31 मई 2024 तक जमा कराते हैं, उनका किसानों का ब्याज और पैनेल्टी माफ होगा।

सीएम ने कहा मैं किसान हूं किसान का बेटा हूं, किसान के दर्द को समझता हू। कहा कि मैंने खुद हल चलाया है और खेती की है।

11:21 AM, 23-Feb-2024

बजट में पशुपालन एवं डेयरी विभाग को ये मिला

पशुधन मालिकों को उनके घरद्वार पर पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए, ऐसे जिलों, जहां पशु चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता क्षेत्र की पशुधन संख्या के अनुपात में कम है, में 8 नए राजकीय पशु अस्पताल और 18 नए राजकीय पशु औषधालय खोले जाएंगे।

सीएम ने कहा कि घरद्वार पर पशु चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए, पहले से ही 21 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां कार्यरत हैं। इस सेवा को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने 70 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के लिए अनुबंध किया है और इनकी सेवाएं शीघ्र ही शुरू होने की उम्मीद है।

सीएम ने कहा कि वर्ष 2024-25 में कम से कम 500 नए सी.एम.-पैक्स स्थापित किये जाएंगे। मुझे उम्मीद है कि सी.एम.-पैक्स से ग्रामीण क्षेत्रों में समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे और सहकारी आंदोलन को फलने-फूलने के लिए एक मंच मिलेगा।

11:17 AM, 23-Feb-2024

बजट अभिभाषण

सीएम मनोहर लाल ने वित्त मंत्री के तौर पर बजट अभिभाषण कहा कि मेरे लिए लगातार पांचवीं बार बजट पेश करना गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा भारत दुनिया की सबसे तेजी के साथ बढ़ती अर्थव्यवस्था है। सीएम ने बताया कि इस बार प्रदेश का बजट 1.89 लाख करोड़ रुपए होगा।

 

11:14 AM, 23-Feb-2024

बजट में बड़ी राहत

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने पेश 1.89 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। सीएम ने कहा कि ये बजट पिछली बार से 11 प्रतिशत ज्यादा है इस वर्ष कोई नया टैक्स नहीं है।

11:08 AM, 23-Feb-2024

सीएम मनोहर लाल ने बजट कॉपी पढ़ना शुरू किया

हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट पढ़ना शुरू कर दिया है।

10:44 AM, 23-Feb-2024

मंत्री बोले-अच्छा आएगा बजट

शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बजट से पहले कहा कि बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा जाएगा। बहुत ही अच्छा बजट आएगा।

10:40 AM, 23-Feb-2024

सीएम ने बजट की काॅपी पर किए साइन

सीएम मनोहर लाल ने बजट की कॉपी पर साइन कर दिए हैं। 

10:39 AM, 23-Feb-2024

चुनावी बजट पर टिकी सभी की नजरें

पिछले वर्ष हरियाणा सरकार ने 183950 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। चुनावी साल होने की वजह से सभी की नजरें शुक्रवार को पेश होने वाले बजट पर टिकीं हैं।

 

10:37 AM, 23-Feb-2024

Haryana Budget: सीएम की बड़ी घोषणा; 5 लाख से ज्यादा किसानों के कर्ज का ब्याज माफ, कहा- मैं भी किसान का बेटा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपने दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट शुक्रवार को सदन में पेश किया। 

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *