ऐप पर पढ़ें
क्या अंजू का मन अब बदल गया है? क्या वो अपने आशिक नसरुल्ला के पास वापस पाकिस्तान नहीं जाएगी? अंजू से फातिमा बन जाना उसे कैसा लगता है? इन सभी सवालों का जवाब अंजू ने खुद दिया है। एक इंटरव्यू के दौरान उसने तीन बातें ऐसी कहीं जिससे यह लग रहा है कि अब शायद वो भारत छोड़कर नहीं जाएगी।
दरअसल, करीब पांच महीने पहले राजस्थान की अंजू पाकिस्तान चली गई थी। वहां जाकर उसने इस्लाम धर्म अपनाया और फातिमा बन गई। कराची में उसने अपने फेसबुक फ्रेंड नसरुल्ला से निकाह भी कर लिया। यहां भारत में जब उसके पति अरविंद और पिता गया प्रसाद को इस बारे में पता चला तब उन्होंने कहा कि अब वो उससे कोई रिश्ता नहीं रखना चाहते हैं। अंजू के दोनों बच्चों ने भी मां से नाता तोड़ देने की बात कही थी।
ऐसे में इस महीने की शुरुआत में अंजू वापस भारत लौट आई है। फिलहाल वो दिल्ली में एक किराए के कमरे में रह रही है। उसके दोनों बच्चे अब अरविंद के साथ भिवाड़ी में नहीं बल्कि उसके साथ दिल्ली में हैं। ‘एनबीटी’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंजू से पूछा गया कि वो अब नसरुल्ला या अरविंद किसके साथ रहना चाहती है? इसपर उसने खुलकर जवाब दिया है।
तीन बातों से बढ़ा शक
अंजू ने बताया कि उसकी प्राथमिकता उसके बच्चे हैं। जहां पर भी बच्चों का भविष्य अच्छा रहेगा वो वहीं रहेगी। अंजू से पूछा गया कि उसे अपना कौन सा नाम पसंद है- अंजू या फातिमा? उसने कहा कि मुझे दोनों ही नाम से बुलाया जा सकता है लेकिन मुझे अंजू नाम ज्यादा पसंद है। फिर अंजू से पूछा गया कि उसे भारत ज्यादा पसंद है या पाकिस्तान? इसपर उसने कहा कि मैं भारत में पैदा हुई हूं, इसलिए मुझे यह देश ज्यादा पसंद है। इसी वजह से मैं वापस भी आई हूं।
अंजू ने बातचीत के दौरान साफ कहा कि वो वहीं रहेगी जहां बच्चों का भविष्य है। अंजू के दोनों बच्चे भारत ही रहना चाहते हैं। उनके पाकिस्तान जाकर रहने और बसने में भी तमाम कानूनी प्रक्रियाएं शामिल हैं। ऐसे में उसके इस जवाब से यह लग रहा है कि शायद वो पाकिस्तान वापस न जाए। उसने यह भी बताया कि उसे अंजू नाम और भारत देश ज्यादा पसंद है। इन बातों से भी यह संकेत मिल रहा है कि उसका मन अब बदल गया है। बता दें कि अंजू करीब 5 महीनों बाद अपने दोनों बच्चों से मिली है। वो उनके साथ दिल्ली में है और नौकरी की तलाश कर रही है। यह भी पढ़िए: पिता अरविंद नहीं, अब अंजू के साथ रहने लगे दोनों बच्चे; लेकिन एक परेशानी