Mi Vs Csk Ipl Score: Mumbai Indians Vs Chennai Super Kings Match Scorecard Updates – Amar Ujala Hindi News Live

10:50 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: मुंबई की शानदार जीत

सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा की शानदार साझेदारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को नौ विकेट से हराया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाए थे, लेकिन रोहित और सूर्यकुमार ने दूसरे विकेट लिए शतकीय साझेदारी की जिससे मुंबई ने 15.4 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुंबई के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रोहित 45 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए रियान रिक्लेटन और रोहित ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। मुंबई को पहला झटका रिक्लेटन के रूप में लगा जो 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। पिछले कुछ बार की तरह इस मैच में भी मुंबई ने रोहित का इस्तेमाल इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर किया। रोहित पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे थे, लेकिन इस मैच में वह अलग ही लय में नजर आए। 

रोहित ने इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक 33 गेंदों पर जड़ा और फॉर्म में जबरदस्त तरीके से वापसी की। रोहित का साथ सूर्यकुमार ने बखूबी निभाया जो शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते दिखे। सूर्यकुमार ने महज 26 गेंदों पर पचासा पूरा किया। इसके बाद तो सूर्यकुमार अलग ही गियर में नजर आए। सूर्यकुमार और रोहित ने 16वां ओवर डालने आए मथीशा पथिराना को आड़े हाथों लिया और तीन छक्के लगाकर मैच अपने नाम कर लिया। रोहित और सूर्यकुमार के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की अविजित साझेदारी हुई। सीएसके के लिए एकमात्र सफलता रवींद्र जडेजा को मिली। मुंबई की यह आठ मैचों में चौथी जीत है और वह आठ अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर आ गई है। वहीं, सीएसके को आठ मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा और वह तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है। 

10:41 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: सूर्यकुमार का अर्धशतक

सूर्यकुमार यादव ने सीएसके के खिलाफ 26 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। सूर्यकुमार और रोहित के बीच दूसरे विकेट के लिए 80+ रनों की साझेदारी हो चुकी है जिससे मुंबई का स्कोर 140 के पार पहुंच गया है। 

10:23 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: रोहित का पचासा

रोहित शर्मा ने 33 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। सीएसके के खिलाफ रोहित ने शानदार बल्लेबाजी की और सीजन का पहला अर्धशतक जड़ा। रोहित की शानदार बल्लेबाजी की मदद से मुंबई का स्कोर 110 के पार पहुंच गया है। मुंबई ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 112 रन बना लिए हैं। 

10:00 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: मुंबई को लगा पहला झटका

मुंबई इंडियंस को रियान रिक्लेटन के रूप में पहला झटका लगा है। रिक्लेटन 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छ्क्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। रिक्लेटन को जडेजा ने अपना शिकार बनाया। 

09:58 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: मुंबई का स्कोर 60 के पार

सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए रियान रिक्लेटन और रोहित शर्मा ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई है। पावरप्ले समाप्त होने के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 62 रन हो गया है। मुंबई को अब जीत के लिए 84 गेंदों पर 115 रन और बनाने हैं। 

09:45 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: मुंबई की अच्छी शुरुआत

सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने अच्छी शुरुआत की है। मुंबई ने तीन ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 35 रन बना लिए हैं। 

09:34 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: मुंबई की पारी शुरू

सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की पारी शुरू हो गई है। मुंबई के लिए एक बार फिर रोहित इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं। सीएसके ने मुंबई को 177 रनों का लक्ष्य दिया है। 

09:16 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: सीएसके की पारी समाप्त

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रवींद्र जडेजा और शिवम दुबे के अर्धशतकों की मदद से मुंबई इंडियंस के सामने 177 रनों का लक्ष्य रखा है। मुंबई ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। सीएसके ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाए। जडेजा 35 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिए, जबकि दीपक चाहर, अश्विनी कुमार और मिचेल सैंटनर को एक-एक विकेट मिला। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने रचिन रवींद्र का विकेट जल्द गंवा दिया जो नौ गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अपना पहला मुकाबला खेल रहे आयुष म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाजी की और पावरप्ले तक मुंबई को अन्य सफलता हासिल नहीं करने दी। म्हात्रे का साथ शेख राशिद ने भी अच्छी तरह निभाया और सीएसके का स्कोर 50 के पार पहुंचाया। चाहर ने हालांकि म्हात्रे को आउट कर सीएसके को दूसरा झटका दिया जो 15 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए।

फिर राशिद भी 20 गेंदों पर 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सीएसके की पारी लड़खड़ा गई थी, लेकिन जडेजा ने शिवम दुबे के साथ मिलकर पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की जिससे सीएसके का स्कोर 140 के पार पहुंच गया। दुबे ने इस दौरान 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वह 32 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। फिर धोनी आए जो चार रन बनाकर आउट हुए। अंत में जडेजा ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक पूरा किया। यह जडेजा का पिछली 14 आईपीएल पारी के बाद पहला पचासा था। जडेजा की ही मदद से सीएसके 175 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही। जैमी ओवरटन तीन गेंदों पर एक चौके की मदद से चार रन बनाकर नाबाद रहे।  

09:09 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: धोनी पवेलियन लौटे

जसप्रीत बुमराह ने महेंद्र सिंह धोनी को आउट कर सीएसके को पांचवां झटका दिया। धोनी छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। सीएसके का स्कोर 150 के पार पहुंच गया है। 

08:55 PM, 20-Apr-2025

MI vs CSK Live: शिवम दुबे आउट

शिवम दुबे अर्धशतक लगाकर आउट हो गए हैं। शिवम और जडेजा के बीच चौथे विकेट के लिए 50 गेंदों पर 79 रनों की साझेदारी हुई। इन दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी की मदद से ही सीएसके का स्कोर 140 रन के पार पहुंच गया है। शिवम 32 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उतरे हैं। 

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *