[ad_1]
17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सोमवार को इजराइल ने गाजा शहर के शाती रिफ्यूजी कैंप पर हवाई हमला किया जिसमें यासीन मस्जिद भी ध्वस्त हो गया।
हमास के साथ जंग के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमास ने हम पर हमला करके ऐतिहासिक गलती की है। हम इसकी ऐसी कीमत वसूलेंगे जिसे हमास और इजराइल के अन्य दुश्मनों की पीढ़ियां दशकों तक याद रखेंगी।
बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हम युद्ध नहीं चाहते थे। हम पर बहुत क्रूर तरीके से यह थोपा गया। हमने भले ही युद्ध शुरू नहीं किया, लेकिन इसका अंत हम ही करेंगे। इजराइल सिर्फ अपने लोगों के लिए नहीं बल्कि बर्बरता के खिलाफ खड़े हर देश के लिए लड़ रहा है।
इजराइल और हमास की जंग के चौथे दिन अब तक 900 लोगों की मौत हुई है। इजराइल सेना ने बताया कि 2300 से ज्यादा घायल हैं। मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। 9 अक्टूबर को इजराइल सरकार ने अपनी सेना को पूरी गाजा पट्टी पर कब्जे के आदेश दिए हैं।
इजराइल ने 1 लाख सैनिकों को गाजा बॉर्डर पर तैनात किया है। साथ ही 3 लाख सैनिकों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने अधिकारियों को गाजा पट्टी में खाना, पानी, बिजली और फ्यूल की सप्लाई बंद करने के भी आदेश दिए हैं।

गाजा में इजराइल की स्ट्राइक के बाद कई हाईराइज बिल्डिंग्स तबाह हो गई।
मैप के जरिए देखिए इजराइल और गाजा की लोकेशन…

गाजा और वेस्ट बैंक को फिलिस्तीन अपना हिस्सा बताता है।
वहीं, इजराइल में मरने वाले अमेरिकी नागरिकों की संख्या 11 पहुंच गई है। वहीं ब्रिटेन के 10 नागरिकों की मौत हुई है। इससे पहले फ्रांस, जर्मनी और यूक्रेन ने भी हमास के अटैक में अपने नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की थी। हालांकि, सेना ने बॉर्डर के इजराइली इलाकों को हमास के लड़ाकों से छुड़ा लिया है।
हालांकि, फिलिस्तीन की तरफ से अभी भी लड़ाके इजराइल में घुस रहे हैं। दूसरी तरफ, हमास ने दावा किया है कि इजराइल की तरफ से किए गए हमलों में 4 इजराइलियों की भी मौत हुई है। ये हमास की कैद में थे। इजराइल की एयरफोर्स ने रात भर हमास और फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के 500 वॉर रूम तबाह किए।
हिजबुल्लाह की अमेरिका को धमकी
लेबनान के संगठन हिजबुल्लाह ने अमेरिका को धमकी दी है। उसने कहा है- अमेरिका ने अगर सीधे तौर पर जंग में दखल दिया तो वो मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों पर हमला कर देंगे। फिलिस्तीन यूक्रेन नहीं है।
हमास ने दावा किया है कि उन्होंने 130 लोगों को अगवा किया है। इन्हें गाजा पट्टी में सुरंगों में रखा है। वह इन बंधकों का इस्तेमाल मानव ढाल के रूप में करेगा, ताकि इजराइल हमला करे तो उसके ही लोग मारे जाएं। इजराइल की डिफेंस फोर्स ने बताया है कि बंधकों में महिलाएं, बच्चे और परिवार शामिल हैं।
इधर, अमेरिका ने इजराइल को मिलिट्री सपोर्ट देने की बात कही है। US डिफेंस सेक्रेटरी लॉयड ऑस्टिन ने कहा- मदद के लिए हमारे जहाज और लड़ाकू विमान इजराइल की तरफ बढ़ रहे हैं। हमने USS जेराल्ड आर फोर्ड एयरक्राफ्ट कैरियर (वॉरशिप) को अलर्ट कर दिया है।
इजराइल के कर्नल रिचर्ड ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हमास के लड़ाके अब भी इजराइल में घुस रहे हैं। ट्रैक्टर से घुस रहे एक लड़ाके को इजराइली सैनिकों ने मारा गिराया।
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल में 7 से 8 लोकेशन्स पर लड़ाई जारी है। इसमें उनके 73 सैनिकों की मौत हुई है। जहां-जहां से हमास के लड़ाकों को बाहर निकाला जा रहा है वहां, इजराइलियों के शव मिल रहे हैं।

7 अक्टूबर को इजराइल में हुए हमास के हमले के बाद से इजराइली सेना गाजा सिटी में एयर स्ट्राइक कर रही है।
अहम अपडेट्स…
- न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक इजराइल में केरल की एक महिला घायल हो गई है।
- ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी ने फिलिस्तीन को दी जाने वाली मदद बंद कर दी है।
- UN ने कहा- इजराइली हमलों के बाद गाजा में 1 लाख 23 हजार लोग घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। करीब 74 हजार लोग स्कूलों में शेल्टर ले रहे हैं।
- 7 अक्टूबर को इजराइल में चल रहे एक म्यूजिक फेस्टिवल में हमास के हमले में 260 लोगों की मौत हुई थी।
- न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक इजराइल में नेपाल के 10 छात्रों, चार अमेरिकी और थाइलैंड के 12 नागरिकों की मौत हो गई है।
- इजराइल में फंसे मेघालय के 27 ईसाई तीर्थयात्री सुरक्षित मिस्र ले जाए गए हैं।

इजराइल का आयरन डोम एयर डिफेंस सिस्टम हमास की तरफ दागे गए रॉकेट्स को इंटरसेप्ट करते हुए।
हमले से पहले मिस्र ने इजराइल को चेताया था
टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, मिस्र का कहना है कि उसने ‘जंग’ के सिलसिले में इजराइल को वॉर्निंग दी थी। मिस्र के इंटेलिजेंस अफसर ने कहा- हमने इजराइल को ‘कुछ बड़ा’ होने की चेतावनी दी थी। लेकिन इजराइल ने इस पर ध्यान नहीं दिया। मिस्र अक्सर इजराइल और हमास के बीच मध्यस्थता करवाता है।
दरअसल, पहले मिस्र उन अरब देशों में शामिल था, जो इजराइल को अपना दुश्मन मानते थे। मिस्र ने इजराइल के खिलाफ कई जंग भी लड़ी हैं। हालांकि, 1973 की अरब-इजराइली जंग के 7 साल बाद ही मिस्र ने इजराइल को देश के तौर पर मान्यता दी थी। तब से इसे इजराइल और फिलिस्तीन के बीच मध्यस्थता कराने वाले देश के तौर पर देखा जाता है।

हमास के लड़ाके इजराइली लड़की को जबरन बाइक पर बैठाकर गाजा पट्टी ले जाते हुए।
इजराइल में 18 हजार भारतीय, सभी सुरक्षित
तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक, इजराइल में 18,000 भारतीय रह रहे हैं। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं। इजराइल पहुंचे भारतीय पर्यटकों ने दूतावास से सुरक्षित निकाले जाने की अपील की है।
दूसरी तरफ, नेपाल के विदेश मंत्री ने कहा है कि उनके देश के 11 स्टूडेंट मारे गए हैं, जबकि 4 स्टूडेंट घायल हैं। नेपाल के विदेश मंत्री के मुताबिक, उनके 17 छात्र किबुत्ज इलाके में थे। जहां हमास ने फायरिंग की।
दरअसल, हमास ने इजराइल में मौजूद दूसरे देशों के नागरिकों को भी कब्जे में लेना शुरू कर दिया है। वहां थाइलैंड के 2 नागरिकों की मौत हो गई है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने बताया है कि उनके 11 नागरिक हमास के कब्जे में है।

हमास ने थाईलैंड के भी 11 नागरिकों को बंधक बनाया है।
इजराइल पर हमास के हमले की तस्वीरें…

7 अक्टूबर को इजराइल पर हुए हमले के बाद वहां के एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम के सही से काम न कर पाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, अब वीडियोज में सामने आया है कि हमास ने पहले आयरन डोम पर हमला कर उन्हें नुकसान पहुंचाया था ताकि वो ठीक से काम न कर पाएं। इसके बाद इजराइल पर 5 हजार रॉकेट दागे।

इजराइल के अश्कलोन शहर में हमास के हमलों के बाद तबाही देखते लोग।

हमास की तरफ से दागे गए रॉकेट इजराइल के अश्कलोन शहर की एक बिल्डिंग की पार्किंग में गिरे। यहां कई कारें तबाह हो गईं।

हमास ने दावा किया था कि उसने 7 अक्टूबर को 5 हजार से ज्यादा रॉकेट इजराइल की तरफ दागे। इनसे इजराइली सेना के कई टैंक तबाह हो गए।

हमले में घायल एक व्यक्ति को अस्पताल ले जाते इजराइली सैनिक।
अब गाजा में इजराइल की तरफ से किए हमलों की तस्वीरें देखें…

गाजा सिटी के नेशनल बैंक पर इजराइल ने एयर स्ट्राइक के दौरान मिसाइलें दागीं।

ये गाजा सिटी की तस्वीर है, इजराइल के एयरस्ट्राइक में यहां कई बिल्डिंग तबाह हो गईं।

गाजा में तबाह हुई इमारतों का मलबा देखते लोग।

गाजा में हमले इजराइली हमले के बाद मलबे में दबे लोगों को निकालते हुए लोगों की भीड़।

गाजा पट्टी पर भारी संख्या में इजराइली सेना के जवान मौजूद हैं।
‘अल-अक्सा फ्लड’ के खिलाफ इजराइल का ऑपरेशन ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन ‘
हमास ने इजराइल के खिलाफ अपने ऑपरेशन को ‘अल-अक्सा फ्लड’ नाम दिया है। वहीं इजराइल की सेना ने हमास के खिलाफ ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’ ऑपरेशन शुरू किया है।
हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने शनिवार को कहा था- ये हमला यरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। दरअसल, इजराइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंके थे।
वहीं, हमास के प्रवक्ता गाजी हामद ने अल जजीरा से कहा था- ये कार्रवाई उन अरब देशों को हमारा जवाब है, जो इजराइल के साथ करीबी बढ़ा रहे हैं। हाल ही के दिनों में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका की पहल पर सऊदी अरब इजराइल को देश के तौर पर मान्यता दे सकता है।

हमास के लड़ाकों ने इजराइली बॉर्डर पर लगी फेंसिंग को बुलडोजर से तोड़ा।

स्देरोट शहर में घरों की छत पर हमास के लड़ाकों ने घुसपैठ की।

हमास के इजराइल पर हमले के बाद ईरान में खुशी मनाते लोग।
इजराइल और फिलिस्तीन के बीच क्यों है विवाद
मिडिल ईस्ट के इस इलाके में यह संघर्ष कम से कम 100 साल से चला आ रहा है। यहां वेस्ट बैंक, गाजा पट्टी और गोलन हाइट्स जैसे इलाकों पर विवाद है। फिलिस्तीन इन इलाकों समेत पूर्वी यरुशलम पर दावा जताता है। वहीं, इजराइल यरुशलम से अपना दावा छोड़ने को राजी नहीं है।
गाजा पट्टी इजराइल और मिस्र के बीच में है। यहां फिलहाल हमास का कब्जा है। ये इजराइल विरोधी समूह है। सितंबर 2005 में इजराइल ने गाजा पट्टी से अपनी सेना वापस बुला ली थी। 2007 में इजराइल ने इस इलाके पर कई प्रतिबंध लगा दिए। फिलिस्तीन का कहना है कि वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी में स्वतंत्र फिलिस्तीन राष्ट्र की स्थापना हो।

हमास में करीब 27 हजार लोग हैं
- ‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ के मुताबिक, हमास में करीब 27 हजार लोग हैं। इन्हें 6 रीजनल ब्रिगेड में बांटा गया है। इसकी 25 बटालियन और 106 कंपनियां हैं। इनके कमांडर बदलते रहते हैं।
- हमास में 4 विंग हैं। मिलिट्री विंग के चीफ हैं- इज अद-दीन अल कासिम। पॉलिटिकल विंग की कमान इस्माइल हानिया के हाथों में हैं। इस विंग में नंबर दो पर हैं मूसा अबु मरजूक। एक और नेता हैं खालिद मशाल। इंटरनेशनल अफेयर्स के लिए यह मुस्लिम ब्रदरहुड पर निर्भर है। एक सोशल विंग भी है।
- इजराइल के उन हिस्सों पर कब्जा करना, जिनमें ज्यादातर फिलीस्तीनी हैं। एक स्वतंत्र देश के रूप में खुद को स्थापित करना।
- कई साल बाद अब हमास इजराइल को परेशान कर पाया है। इसके सदस्य आम लोगों की भीड़ में शामिल होकर इजराइली सैनिकों पर हमले करते हैं। इजराइल की ताकत के चलते अब ज्यादा मदद नहीं मिल पा रही। हर बार झड़प में हमास को ही नुकसान हुआ।
ये खबर भी पढ़ें…
अल-अक्सा मस्जिद में इजराइली पुलिस ने नमाजियों को गिरफ्तार किया; हमास ने कहा- कीमत चुकानी पड़ेगी

इजराइल में येरूशलम के अल-अक्सा मस्जिद में पुलिस और फिलिस्तीनियों की बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया और उन पर पवित्र मस्जिद को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक, कुछ फिलिस्तीनियों ने खुद को पटाखों, लाठी और पत्थरों के साथ मस्जिद में बंद कर लिया था और बाहर बैरिकेडिंग लगा दी थी। पढ़ें पूरी खबर…
[ad_2]
Source link
