Sushant Singh Rajput Death Case Why Cbi Closed Abetment And Drug Prescription Case – Amar Ujala Hindi News Live

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले में सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की है। सुशांत की आत्महत्या के पांच साल बाद यह क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की गई है। क्लोजर रिपोर्ट दो मामलों में दाखिल हुई है, जिनमें से एक सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला है, जिसकी शिकायत सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना में दर्ज कराई थी। वहीं दूसरा मामला ड्रग प्रिस्क्रिप्शन का है, जो सुशांत की कथित प्रेमिका रिया चक्रवर्ती ने सुशांत की बहन के खिलाफ दर्ज कराई थी।

Trending Videos

सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती पर लगाए थे ये आरोप

सुशांत के पिता केके सिंह ने अपनी शिकायत में रिया चक्रवर्ती पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने और सुशांत के खाते से 15 करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप लगाया था। केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती पर सुशांत को जहर देने का भी आरोप लगाया। हालांकि रिया ने इन आरोपों से साफ इनकार किया। बाद में इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई। सीबीआई ने इस मामले में रिया चक्रवर्ती और उसके भाई शौविक चक्रवर्ती के बयान दर्ज किए। एनसीबी ने भी ड्रग्स मामले को लेकर सुशांत आत्महत्या मामले की जांच की। इस दौरान रिया चक्रवर्ती को 28 दिन जेल में बिताने पड़े और वह जमानत पर बाहर आई। जांच के दौरान सीबीआई को इस मामले में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। केके सिंह द्वारा दायर मामले की क्लोजर रिपोर्ट पटना की विशेष अदालत में दाखिल की गई है और रिया चक्रवर्ती द्वारा दायर मामले की क्लोजर रिपोर्ट मुंबई की स्पेशल कोर्ट में दाखिल की गई है। अब अदालतें तय करेंगी कि क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार करना है या फिर इन मामलों में आगे जांच की जरूरत है या नहीं। 

ये भी पढ़ें- SSR: ‘न जहर दिया गया और गला भी नहीं घोंटा गया’, सुशांत सिंह राजपूत केस में CBI की क्लोजर रिपोर्ट में खुलासा

रिया चक्रवर्ती ने सुशांत की बहन के खिलाफ दर्ज कराया था मामला

अपने ऊपर लगे आरोपों के बाद रिया चक्रवर्ती ने भी सुशांत की बहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। रिया चक्रवर्ती ने दिल्ली में डॉक्टर सुशांत की बहन प्रियंका सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका ने सुशांत को बिना सही जांच के कुछ दवाईयां दीं थी। इन दवाइयों को खाने के पांच दिन बाद ही सुशांत ने आत्महत्या कर ली थी। रिया ने यह मामला मुंबई में दर्ज कराया, जो बाद में सीबीआई को ट्रांसफर हो गया। हालांकि जांच और प्रियंका सिंह के बयान दर्ज कराने के बाद सीबीआई को इस मामले में भी कोई ठोस सबूत नहीं मिला और सीबीआई ने इसमें भी क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है। 

14 जून 2020 को अपने घर में मृत मिले थे सुशांत

सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में फांसी के फंदे पर झूलते पाए गए थे। मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या माना था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दम घुटने से मौत की बात कही गई थी। हालांकि सुशांत की मौत को लेकर कई साजिशों के दावे किए गए और मीडिया में यह मामला काफी चर्चा में रहा था। 

ये भी पढ़ें- Sushant Singh Rajput Case: सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर रिया चक्रवर्ती के वकील ने दी प्रतिक्रिया, कही ये बात

संबंधित वीडियो

 

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *