[ad_1]
वॉशिंगटन डीसी11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सी क्यू ब्राउन 40 साल से अमेरिकी सेना का हिस्सा हैं।
डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार रात देश के सबसे बड़े मिलिट्री अफसर को अचानक हटा दिया। इस अफसर का नाम चार्ल्स सी क्यू ब्राउन जूनियर है, जो सेना के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ (JCS) के चेयरमैन थे।
जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ अमेरिका के रक्षा विभाग के सबसे सीनियर मिलिट्री लीडर्स का ग्रुप है। यह ग्रुप राष्ट्रपति, रक्षा मंत्री, होमलैंड सिक्योरिटी काउंसिल और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल को सैन्य मामलों पर सलाह देता है।
सी क्यू ने 2020 में शुरू हुए ब्लैक लाइव्स मैटर आंदोलन का सार्वजनिक तौर पर समर्थन किया था। यह आंदोलन अश्वेत शख्स जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या के बाद शुरू हुआ था।
उस वक्त ट्रम्प राष्ट्रपति के पद पर थे। ट्रम्प के 2020 चुनाव में हुई हार के पीछे इस आंदोलन की बड़ी भूमिका मानी जाती है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक चार्ल्स सी क्यू ब्राउन जूनियर के अलावा रक्षा विभाग के 5 और अफसरों को निकाला गया है।

वायु सेना सचिव बारबरा बैरेट ने 6 अगस्त 2023 को जनरल सी क्यू ब्राउन को पद की शपथ दिलाई थी। वे वायु सेना के 22वें चीफ ऑफ स्टाफ बने थे।
सी क्यू के अलावा 5 अफसर और बर्खास्त
सी क्यू के अलावा 5 और पेंटागन अफसर बर्खास्त हुए हैं। इनमें पहली बार नौसेना की जिम्मेदारी संभालने वाली महिला अफसर एडमिरल लिसा फ्रैंचेटी, एयर फोर्स के डिप्टी चीफ जेम्स स्लाइफ के अलावा आर्मी, एयरफोर्स और नेवी के 3 टॉप वकील शामिल हैं। फिलहाल इनके नामों का खुलासा नहीं हुआ है।
अमेरिका में सरकार बदलने पर JCS चेयरमैन नहीं बदला जाता
अमेरिका में सरकार बदलने के बाद JCS के चेयरमैन को बदलने का चलन नहीं है। वह चार का कार्यकाल पूरा करता है और दोनों प्रशासन के बीच पुल का काम करता है। लेकिन सी क्यू सिर्फ 16 महीने ही पद पर रह पाए। उन्हें 1 अक्टूबर 2023 को यह पद सौंपा गया था।
सी क्यू अमेरिकी सैन्य इतिहास में दूसरे ब्लैक अफसर थे जो इस पद तक पहुंचे थे। वे 4 स्टार लड़ाकू फाइटर हैं।
ट्रम्प ने अपने खास अफसर दी जिम्मेदारी
सी क्यू की जगह रिटायर्ड 3 स्टार वायु सेना जनरल डैन केन को JCS चेयरमैन पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ट्रम्प और डैन केन की मुलाकात 2018 में इराक में हुई थी। तब केन ने कहा था कि वे ट्रम्प के लिए जान भी दे सकते हैं।
ट्रम्प इससे काफी खुश हुए थे। ट्रम्प ने बाद में आरोप लगाया कि उनकी वजह से बाइडेन ने डैन केन का प्रमोशन नहीं किया। वे 4 स्टार अफसर बनने के काबिल थे।
रक्षा मंत्री ने हटाने का दिया था संकेत
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पद संभालने से पहले नवंबर में सी क्यू ब्राउन को हटाने का संकेत दिया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी सेना में विविधता और समानता (DEI) को खत्म करना होगा और सबसे पहले जॉइंट चीफ स्टाफ चेयरमैन को बर्खास्त करना होगा। अब सी क्यू की बर्खास्तगी के बाद इसे उस बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।
——————————
ट्रम्प प्रशासन से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
काश पटेल ने भगवद गीता पर हाथ रखकर शपथ ली:FBI डायरेक्टर पद की संभाली जिम्मेदारी; ट्रम्प बोले- वे सबसे काबिल अफसर बनेंगे

भारतवंशी कश्यप काश पटेल ने शनिवार को भगवद गीता पर हाथ रखकर अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के डायरेक्टर पद की शपथ ली। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। पूरी खबर यहां पढ़ें…
[ad_2]
Source link
