- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar News Headlines; Bihar Caste Census Report | India Canada Diplomatic Row
9 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
नमस्कार,
कल की बड़ी खबर प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान की रही, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों का हक छीनने का आरोप लगाया। एक खबर राजस्थान के CM अशोक गहलोत से जुड़ी रही। उन्होंने 1 महीने पहले ज्यूडिशियरी को लेकर दिए अपने बयान पर माफी मांगी है।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…
- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जाएंगे। वे यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इस साल खड़गे का यह पांचवां छत्तीसगढ़ दौरा है।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. PM मोदी बोले- कांग्रेस अल्पसंख्यक विरोधी, कहा- हिंदुओं की आबादी बड़ी, तो हिंदू अपने सारे अधिकार ले लें क्या

PM मोदी ने छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व PM मनमोहन सिंह जी कहा करते थे कि देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है, उसमें भी मुसलमानों का। अब कांग्रेस कह रही है कि आबादी तय करेगी कि पहला हक किसका होगा। कांग्रेस वाले स्पष्ट करें कि आबादी के हिसाब से हक मिलेगा क्या, तो क्या अल्पसंख्यकों को कांग्रेस हटाना चाहती है, तो सबसे बड़ी आबादी वाले हिंदू आगे बढ़कर अपने सारे हक ले लें क्या।
ये खबर अहम क्यों है: PM ने बिहार में जातीय जनगणना के आंकड़े जारी होने के एक दिन बाद ये बयान दिया है। बिहार के CM नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और लालू यादव की पार्टी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A का हिस्सा है। इसीलिए मोदी आरोप लगा लगा रहे हैं कि कांग्रेस देश को जात-पात के नाम पर बांट रही है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. न्यूजक्लिक के फाउंडर अरेस्ट, गैरकानूनी गतिविधि और चीनी फंडिंग के केस में छापा पड़ा
दिल्ली पुलिस ने न्यूजक्लिक वेबसाइट के फाउंडर प्रबीर पुरकायस्थ और एक अन्य पत्रकार अमित चक्रवर्ती को फॉरेन फंडिंग लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने 30 से ज्यादा लोकेशंस पर छापे मारे और 37 लोगों से पूछताछ की। इससे पहले न्यूजक्लिक से जुड़े पत्रकार अभिसार शर्मा, उर्मिलेश और परंजॉय गुहा ठाकुरता को पुलिस ने हिरासत में लिया था।
किस आधार पर कार्रवाई हुई: 5 अगस्त को न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि न्यूजक्लिक को एक अमेरिकी अरबपति ने फाइनेंस किया था। वे चीनी प्रोपेगैंडा को बढ़ावा देने के लिए भारत समेत दुनियाभर में संस्थाओं को फंडिंग करते हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर 17 अगस्त को न्यूजक्लिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. ‘ज्यूडिशियरी में करप्शन’ बयान पर गहलोत ने मांगी माफी, कहा- वो मेरे निजी विचार नहीं थे

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 30 अगस्त को मीडिया से बात करते हुए ज्यूडिशियरी पर कमेंट किया था।
राजस्थान के CM अशोक गहलोत मे ज्यूडिशियरी को लेकर दिए अपने बयान पर माफी मांग ली है। राजस्थान हाईकोर्ट में दायर अपने जवाब में गहलोत ने कहा- जो कुछ भी मैंने कहा था, वो मेरे विचार नहीं थे। पूर्व जजों ने भी कई बार न्यायपालिका में करप्शन को लेकर बयान दिए हैं। मेरे स्टेटमेंट में भी मैंने उनको कोट करते हुए ही अपनी बात कही थी।
क्या था मामला: गहलोत ने कहा था- ज्यूडिशियरी में भयंकर भ्रष्टाचार हो रहा है। मैंने सुना है कि कई वकील तो जजमेंट लिखकर ले जाते हैं। वही जजमेंट आता है। ज्यूडिशियरी के अंदर यह क्या हो रहा है? चाहे लोअर ज्यूडिशियरी हो या अपर, हालात गंभीर हैं। देशवासियों को सोचना चाहिए। इसके बाद कई अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट में गहलोत के खिलाफ याचिकाएं दायर की थीं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. नेपाल में एक घंटे में 4 बार भूकंप, दिल्ली, MP और राजस्थान में भी झटके महसूस हुए
नेपाल के बझांग जिले में एक घंटे के अंदर अलग-अलग तीव्रता के चार भूकंप आए। इनकी तीव्रता 4.6, 6.2, 3.6 और 3.1 आंकी गई। भूकंप के झटके दिल्ली, MP, यूपी और राजस्थान में भी महसूस किए गए। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी झटके आए। राजस्थान के जयपुर, अलवर में करीब 6 से 7 सेकेंड में तीन-चार झटके महसूस किए गए।
ये खबर अहम क्यों है: भूकंप की फ्रीक्वेंसी और बढ़ती तीव्रता के अनुसार भारत को चार सीस्मिक जोन – II, III, IV और V में बांटा गया है। दिल्ली जोन IV में आता है, जो एक हाई रिस्क इलाका है। वहीं नेपाल दुनिया के सबसे सक्रिय टेक्टोनिक क्षेत्रों ( सीस्मिक जोन IV और V) में से एक में स्थित है। इस वजह से यहां बार-बार भूकंप आते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. इंडिया एशियन गेम्स क्रिकेट के सेमीफाइनल में, एशियाड के 10वें दिन भारत ने जीते दो गोल्ड

भारत ने एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल में नेपाल को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 202 रन बनाए। लेकिन जवाब में नेपाल 179 रन ही बना सकी। उधर, एशियन गेम्स का 10वें दिन भारत को दो गोल्ड मिले। जेवलिन थ्रोअर अन्नू रानी और मिडिल डिस्टेंस रनर पारुल चौधरी ने एक-एक गोल्ड दिलाए।
ये खबर अहम क्यों है: मिडिल डिस्टेंस धावक पारुल चौधरी ने विमेंस 5000 मीटर रेस में पहला स्थान हासिल किया। वे इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। अन्नू रानी ने विमेंस जेवलिन थ्रो में अपने सीजन बेस्ट स्कोर के साथ देश को दिन का दूसरा गोल्ड दिलाया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. जातीय गणना रिपोर्ट पर बिहार में सर्वदलीय बैठक, दो पार्टियों ने आरक्षण बढ़ाने की मांग की
बिहार में जातीय गणना के आंकड़े जारी होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई। CM सचिवालय में करीब ढाई घंटे तक चली बैठक में भाकपा माले और AIMIM ने आरक्षण बढ़ाने की मांग उठाई, इस पर नीतीश कुमार ने कहा- विचार करेंगे।
ये खबर अहम क्यों है: बिहार में दो साल बाद नीतीश कुमार की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई। इससे पहले अगस्त 2021 में नीतीश कुमार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। तब नीतीश NDA का हिस्सा थे। कांग्रेस ने कहा- बिहार सरकार की अच्छी पहल है, इसके अच्छे असर होंगे। वहीं भाजपा ने कुछ जातियों में उपजातियों की अलग-अलग गणना पर सवाल उठाए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. इस बार वर्ल्ड कप ओपनिंग सेरेमनी नहीं, BCCI ने कहा- हमने कभी नहीं कहा कि उद्घाटन समारोह होगा

इस बार वनडे वर्ल्ड कप में ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी। BCCI सूत्रों ने भास्कर को ये जानकारी दी है। 4 अक्टूबर को कैप्टेंस डे सेरेमनी या परेड होनी है। यह पहले से तय प्रोग्राम के मुताबिक ही होगी। ये सेरेमनी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी। BCCI सूत्रों के मुताबिक ओपनिंग सेरेमनी का तो कोई प्लान ही नहीं था। लिहाजा इसे कैंसिल किए जाने का सवाल ही नहीं उठता।
ये खबर अहम क्यों है: इस साल का वनडे वर्ल्ड कप शुरुआत से ही मुश्किलों से घिरा रहा है। काफी देरी से शेड्यूल जारी करने और उसमें बदलाव करने को लेकर पहले ही ICC की आलोचना हो चुकी है। माना जा रहा है कि ओपनिंग सेरेमनी की जगह क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन कर सकती है। इसके अलावा भारत और पाकिस्तान के मैच के पहले भी एक स्पेशल इवेंट होस्ट किया जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
8. भारत ने 41 कनाडाई डिप्लोमैट्स को भारत छोड़ने को कहा, रिपोर्ट में दावा- 10 अक्टूबर की डेडलाइन दी
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने कनाडा से उनके 41 डिप्लोमैट्स को वापस बुलाने को कहा है। खालिस्तानी आतंकी निज्जर की हत्या पर जारी तनाव के बीच ये फैसला लिया गया है। कनाडाई डिप्लोमैट्स को भारत छोड़ने के लिए 10 अक्टूबर की डेडलाइन दी गई है।
ये खबर अहम क्यों है: रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में कनाडा के करीब 62 डिप्लोमैट्स काम करते हैं। ऐसे में 10 अक्टूबर के बाद देश में सिर्फ 21 कनाडाई डिप्लोमैट्स ही बचेंगे। डेडलाइन के बाद इन 41 में से जो डिप्लोमैट भारत में रह जाएंगे, उनको मिलने वाली छूट और दूसरे फायदे (डिप्लोमैटिक इम्यूनिटी) बंद कर दिए जाएंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
9. ऑगस्टिनी, क्राउसज और हुलियर को फिजिक्स का नोबेल, प्रकाश की सूक्ष्म तरंगें बनाने का तरीका खोजा

फिजिक्स में 2023 का नोबेल प्राइज पियरे ऑगस्टिनी, फेरेंस क्राउसज और एनी हुलियर को मिला है। तीनों वैज्ञानिकों ने प्रकाश की छोटी पल्स बनाने के एक तरीके की खोज की है, जिससे एटम और मोलिक्यूल्स में मौजूद इलेक्ट्रॉन्स की दुनिया को समझने में अहम मदद मिलेगी।
ये खबर अहम क्यों है: जब इलेक्ट्रॉन एक ऑर्बिट से दूसरे ऑर्बिट में जाता है तो इनके एनर्जी लेवल में बदलाव आता है। इसे समझने के लिए फिजिसिस्ट्स ने ऐसी खोज की, जिसके जरिए लाइट की सूक्ष्म तरंगों को उत्पन्न किया गया था। इससे इलेक्ट्रॉन्स के मूवमेंट और इनमें होने वाले एनर्जी चेंज की स्टडी में मदद मिलेगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
10. पहली बार सनी देओल को लेकर फिल्म बनाएंगे आमिर खान, नाम लाहौर-1947
आमिर खान पहली बार सनी देओल को लेकर फिल्म बनाएंगे। वे सनी देओल स्टारर फिल्म ‘लाहौर, 1947’ को प्रोड्यूस करेंगे। 90 के दशक के फेमस डायरेक्टर राजकुमार संतोषी इस फिल्म का डायरेक्शन करेंगे। आमिर खान प्रोडक्शन ने इसकी जानकारी दी है।
ये खबर अहम क्यों है: एक वक्त था, जब आमिर और सनी देओल की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस क्लैश होता था। 90 के दशक में आमिर की फिल्म दिल और सनी देओल की घायल एक ही दिन रिलीज हुई थी। इसके अलावा आमिर की राजा हिंदुस्तानी और सनी देओल की फिल्म घातक का भी क्लैश हुआ था। लगान और गदर- एक प्रेम कथा भी एक ही दिन रिलीज हुई थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- प्रयागराज में मिग-21 का आखिरी फ्लाई पास्ट होगा: एयर चीफ मार्शल बोले- 2025 तक हटा देंगे स्क्वाड्रन; वायुसेना 97 तेजस और खरीदेगी (पढ़ें पूरी खबर)
- जम्मू के राजौरी में सुरक्षाबलों-आतंकियों के बीच मुठभेड़: दो-तीन दहशतगर्दों के छिपे होने की आशंका; कल सर्च ऑपरेशन में दो जवान घायल हुए थे (पढ़ें पूरी खबर)
- बांग्लादेश में डेंगू से हजार लोगों की मौत: 2 लाख से ज्यादा संक्रमित; इलाज के लिए अस्पताल में बेड नहीं मिल रहे (पढ़ें पूरी खबर)
- महाराष्ट्र के अस्पताल में अब तक 31 मरीजों की मौत: 24 घंटे में 24 की जान गई थी, इनमें 12 बच्चे; दो दिन में और 7 लोगों ने दम तोड़ा (पढ़ें पूरी खबर)
- असम जेल में अमृतपाल की भूख हड़ताल: जेल में 9 साथियों और बाहर पत्नी ने भी खाना छोड़ा; कहा- वकील को मिलने से रोका (पढ़ें पूरी खबर)
- अभिषेक बनर्जी को घसीटकर ले गई दिल्ली पुलिस: महुआ मोइत्रा को गोद में उठाकर हिरासत में लिया, मनरेगा में फंड के लिए कृषि भवन में धरना दे रहे थे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…
पालतू घड़ियाल के साथ मैच देखने पहुंचा शख्स

अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में एक शख्स बेसबॉल मैच देखने के लिए अपने पालतू घड़ियाल के साथ पहुंचा। उसने अपने घड़ियाल को एक पट्टे से बांध रखा था। जिसे देख लोग घबरा गए, हालांकि उसने कहा की ये पालतू घड़ियाल है किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। लेकिन फिर भी उसे स्टेडियम में एंट्री नहीं दी गई। शख्स का नाम जोई हेनी है। उन्होंने साल 2015 में इस घड़ियाल को गोद लिया था।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
- वर्ल्ड कप सीरीज, पार्ट-8: दो टीमों के पॉइंट्स बराबर रहे तो क्या होगा, रिजर्व-डे है या नहीं; टूर्नामेंट से जुड़े सभी सवालों के जवाब
- क्रिप्टो करेंसी खरीदी के नाम पर करोड़ों की ठगी: कैनेडियन कंपनी ने चार महीने में 400 से ज्यादा को ठगा; कोरियन महिला को बनाया था CEO
- बच्चा पैदा करने से बचेगी दुनिया: बात सही है मस्क भाई; बस बच्चा पालने का बोझ मर्द अकेले हम पर न डालें
- MP में फर्जी महिला थानेदार बनकर 2 साल पुलिस सेंटर में ट्रेनिंग: अफसरों के साथ टेनिस खेलती, मंदिरों में वीआईपी ट्रीटमेंट, थानेदारों को धमकाया तो खुला राज
- लखीमपुर हिंसा, दो साल बाद भी पहरे में किसान: घरवाले बोले- पुलिस सुरक्षा में अतीक-अशरफ मारे गए, हम कैसे बचेंगे
- 3 अक्टूबर को अरेस्ट हुईं थी इंदिरा गांधी: जनता पार्टी के ‘ऑपरेशन ब्लंडर’ की कहानी, जिससे इंदिरा ने प्रचंड बहुमत पाया
- 2023 में कौन बनेगा चैंपियन: भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड फेवरेट्स; बुमराह पर होगी सबकी नजर
- बैटिंग स्टांस: धोनी जैसा पावरफुल शॉट या द्रविड़ का सॉलिड डिफेंस, इसमें स्टांस और बैलेंस का रोल, जानिए इसका साइंस
फोटो जो खुद में खबर है…



आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
