चेन्नई1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
समुद्र तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवा की शुरुआत के साथ तूफान का असर दिखने लगा है।
बंगाल की खाड़ी से उठा फेंगल तूफान आज दोपहर पुडुचेरी के कराईकल जिले और तमिलनाडु के महाबलीपुरम जिले के बीच समुद्र तट से टकराएगा। भारतीय मौसम विभाग ने इस दौरान 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी आशंका है।
इसके मद्देनजर दोनों राज्यों में शनिवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। साथ ही लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। हालांकि, 28 नवंबर से ही समुद्र तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवा की शुरुआत के साथ तूफान का असर दिखने लगा था।
यह मानसून के बाद के मौसम में भारत को प्रभावित करने वाला दूसरा तूफान है। इससे पहले अक्टूबर के अंत में गंभीर श्रेणी का तूफान दाना आया था।
तूफान का रूट…

IMD के अनुसार तूफान 15 km/h की स्पीड से आगे बढ़ रहा है।
तमिलनाडु में तूफान का सबसे ज्यादा असर तूफान का सबसे ज्यादा असर तमिलनाडु पर पड़ रहा है। भारी बारिश की वजह से राज्य में धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। नागपट्टिनम जिले में करीब 800 एकड़ से ज्यादा की फसल पूरी तरह से जलमग्न हो गई है। इसके अलावा कामेश्वरम, विरुंधमावडी, पुडुपल्ली, वेद्रप्पु, वनमादेवी, वल्लपल्लम, कल्लिमेडु, ईरावायल और चेम्बोडी जिले भी तूफान की चपेट में हैं। चेन्नई और उसके आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। राज्य के भीतरी इलाकों में 3 दिसंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।
तूफान से निपटने की क्या है तैयारी…
- पूर्वी नौसेना कमान ने अपना डिजास्टर रिस्पॉन्स सिस्टम एक्टिव कर दिया है। गाड़ियों को भोजन, पीने के पानी और दवाओं सहित जरूरी राहत सामग्री से भरा जा रहा है। बाढ़ संभावित इलाकों में फ्लड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की हैं।
- तमिलनाडु ने इमरजेंसी से निपटने के लिए दो टोल-फ्री नंबर 112 और 1077 जारी किए हैं। साथ ही एक व्हाट्स ऐप नंबर 9488981070 भी जारी किया गया है।
- राज्य ने करीब 2 हजार राहत शिविर तैयार किए हैं। तिरुवरुर और नागपट्टिनम जिलों के 6 राहत केंद्रों में 164 परिवारों के कुल 471 लोगों को ठहराया गया है।
- तमिलनाडु सरकार ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के बाद करीब 4 हजार नावें समुद्र से वापस लौट आई हैं।
- जिलों में नावें, जनरेटर, मोटर पंप और अन्य सभी आवश्यक मशीनरी और उपकरण तैयार हैं।
- निजी कंपनियों से उनके कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहने को कहा गया है।
- साथ ही समुद्र तट के नजदीकी सड़कों पर आवाजाही बंद कर दी गई है।
- जरूरत के हिसाब से NDRF और SDRF की टीमें तैनात की गई हैं।
तूफान से जुड़ी 3 तस्वीरें…

तस्वीर तमिलनाडु के नागपट्टिनम की है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद करीब 4 हजार नावें किनारे पर लौट आई हैं।

तूफान की चेतावनी के बाद मछुआरे समुद्र से वापस लौट आए हैं लेकिन समुद्र तटों से ही मछली पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। तस्वीर चेन्नई की है।

महाबलीपुरम में भारी ज्वार के साथ ऊंची समुद्री लहरें देखी गईं।
सऊदी अरब ने दिया तूफान को ‘फेंगल’ नाम इस तूफान का नाम ‘फेंगल’ सऊदी अरब की तरफ से प्रस्तावित किया गया है। यह एक अरबी शब्द है, जो भाषाई परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का मिश्रण है। यह शब्द वर्ल्ड मीटियोलॉजिकल ऑर्गनाइजेशन (WMO) और संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (UNESCAP) के नामकरण पैनल में क्षेत्रीय विविधता को दर्शाता है।
चक्रवातों के नामों का चयन करते समय यह सुनिश्चित किया जाता है कि नामों का उच्चारण आसान हो, वे याद रखने में सरल हों, और सांस्कृतिक रूप से निष्पक्ष हों। यह ध्यान रखा जाता है कि नाम ऐसे हों जिनसे अलग-अलग क्षेत्रों और भाषाओं के बीच कोई विवाद पैदा न हो या किसी का अपमान न हो।

एक महीने पहले ओडिशा में आया था ‘दाना’ तूफान 25 अक्टूबर की रात ओडिशा के तट से चक्रवाती तूफान ‘दाना’ 110kmph की रफ्तार से टकराया था। सुबह करीब 8:30 बजे तूफान की लैंडफॉल प्रोसेस खत्म हुई। 8:30 घंटे में तूफान की रफ्तार 110kmph से घटकर 10kmph हो गई।
‘दाना’ के असर से ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश हुई। ओडिशा में कई इलाकों में पेड़ उखड़े, गाड़ियां भी डैमेज हुईं। वहीं पश्चिम बंगाल में एक व्यक्ति की मौत हो गई। ओडिशा के CM मोहन चरण माझी ने बताया कि 5.84 लाख लोगों को रिलीफ कैंप में शिफ्ट किया गया।
भुवनेश्वर और कोलकाता एयरपोर्ट पर 24 अक्टूबर की शाम 5 बजे से 25 अक्टूबर सुबह 8 बजे तक 300 फ्लाइट्स कैंसिल रहीं। वहीं, साउथ ईस्ट रेलवे, ईस्ट कोस्ट रेलवे, ईस्टर्न रेलवे और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे की 552 ट्रेनें रद्द की गईं।
ओडिशा के अलावा तूफान का असर पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में भी देखने को मिला। पश्चिम बंगाल सरकार ने 83 हजार लोगों को रिलीफ कैंप में पहुंचाया।


