BRICS: एक तरफ जयशंकर, दूसरी ओर अजीत डोभाल… PM मोदी ने शी जिनपिंग को समझाया पड़ोसी का मतलब

[ad_1]

कजान. आपसी भरोसा, सम्मान और संवेदनशीलता… यही वो शब्द हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के कजान में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान कहे. पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चार साल से जारी विवाद खत्म होने के बाद दोनों शीर्ष नेताओं की यह पहली मुलाकात थी, जहां पीएम मोदी इशारों में जिनपिंग को यह समझाने की कोशिश करते नजर आए कि आखिर पड़ोसी होने का मतलब क्या होता है?

पीएम मोदी ने कहा, “हम 5 साल बाद औपचारिक मुलाकात कर रहे हैं. हमारा मानना ​​है कि भारत-चीन संबंध न केवल हमारे लोगों के लिए बल्कि वैश्विक शांति, स्थिरता और प्रगति के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है. हम सीमा पर पिछले 4 साल में उठे मुद्दों पर बनी सहमति का स्वागत करते हैं. सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता रहनी चाहिए.’ उन्होंने कहा कि आपसी विश्वास, सम्मान और आपसी संवेदनशीलता हमारे संबंधों का आधार बनी रहनी चाहिए.

विदेश मंत्रालय ने कहा, “पीएम मोदी और शी जिनपिंग दोनों नेताओं ने पुष्टि की कि दो पड़ोसियों और पृथ्वी पर दो सबसे बड़े राष्ट्रों के रूप में भारत और चीन के बीच स्थिर, पूर्वानुमानित और सौहार्दपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों का क्षेत्रीय और वैश्विक शांति और समृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. यह बहुध्रुवीय एशिया और बहुध्रुवीय विश्व में भी योगदान देगा. नेताओं ने रणनीतिक और दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य से द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने, रणनीतिक संचार बढ़ाने और विकास संबंधी चुनौतियों का समाधान करने के लिए सहयोग तलाशने की आवश्यकता को रेखांकित किया.”

यह वार्ता ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही भारत और चीन ने पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर अपनी सेनाओं द्वारा गश्त करने के समझौते पर सहमति जताई थी. चार साल से चल रहे गतिरोध को समाप्त करने की दिशा में इसे एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.

नवंबर 2022 में, मोदी और शी ने इंडोनेशियाई राष्ट्रपति द्वारा जी-20 नेताओं के लिए आयोजित डिनर में एक-दूसरे का स्वागत किया और थोड़ी बातचीत की थी. पिछले साल अगस्त में भी भारतीय प्रधानमंत्री और चीनी राष्ट्रपति ने ब्रिक्स (ब्राजील-रूस-भारत-चीन-दक्षिण अफ्रीका) शिखर सम्मेलन के दौरान जोहानिसबर्ग में एक छोटी और अनौपचारिक बातचीत की थी.

Tags: BRICS Summit, Narendra modi, Xi jinping

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *