भयानक बाढ़ ने 11 जिलों में मचाई तबाही, बांग्लादेश में 59 लोगों की मौत; 50 लाख से ज्यादा प्रभावित

बांग्लादेश में आई विनाशकारी बाढ़ ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पड़ोसी मुल्क में आई बाढ़ की वजह से 11 जिलों में करीब 54 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में छह महिलाओं और 12 बच्चों सहित कम से कम 59 लोग काल के गाल में समा गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय ने बाढ़ की स्थिति पर अद्यतन जानकारी देते हुए बताया कि सबसे अधिक मौतें कुमिल्ला और फेनी जिलों में हुई हैं, जो कि भारत के पूर्वोत्तर भाग में त्रिपुरा की सीमा से सटे हैं। मंत्रालय के मुताबिक दोनों जिलों में क्रमशः 14 और 23 लोगों की मौत हुई है।

बांग्लादेश के डेल्टा क्षेत्र और ऊपरी भारतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ से बांग्लादेश करीब दो सप्ताह से प्रभावित है। इसकी वजह से लोगों और मवेशियों की मृत्यु हुई, हजारों लोगों केा विस्थापित होना पड़ा है एवं संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। देश में राजनीतिक परिवर्तन के बीच नवगठित अंतरिम सरकार के लिए यह एक बड़ी प्रशासनिक चुनौती के रूप में उभरी है।

सरकारी समाचार एजेंसी बांग्लादेश संगबाद संघथा (बीएसएस) ने आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से बताया, ‘‘बाढ़ से 11 जिलों के 504 यूनियन और नगर पालिकाओं में 54,57,702 लोग प्रभावित हुए हैं। करीब सात लाख परिवार अभी भी बाढ़ में फंसे हुए हैं, जबकि करीब चार लाख लोग 3,928 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।’’

खबर के मुताबिक कुल 36,139 मवेशियों को भी वहां आश्रय दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जैसे-जैसे स्थिति में सुधार हो रहा है, लोग घर लौट रहे हैं, जबकि बाढ़ प्रभावित जिलों में संचार व्यवस्था सामान्य हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मूसलाधार बारिश के अलावा, उफनती नदियां, अल नीनो और जलवायु परिवर्तन की घटनाएं देश में विनाशकारी बाढ़ के लिए जिम्मेदार हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *