अनाकापल्ले12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अनाकापल्ले जिले की फैक्ट्री में धमाके में घायल लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस पहुंची।
आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ले जिले में फार्मा कंपनी में बुधवार (21 अगस्त) की दोपहर करीब 2.15 बजे आग लग गई। इस घटना में अबतक 18 लोगों की मौत हो गई है। 36 से ज्यादा लोग जख्मी हैं। सभी को एनटीआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना अच्युतापुरम SEZ की फार्मा कंपनी एस्किएंटिया के प्लांट की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले कंपनी के रिएक्टर के पास आग दिखी और फिर तेज धमाका हुआ। इसका असर इतना तेज था कि बिल्डिंग के पहले फ्लोर का स्लैब भी ढह गया।
लोगों ने कहा कि इस घटना में और भी लोग घायल हो सकते थे। क्योंकि फैक्ट्री में 381 से ज्यादा कर्मचारी दो शिफ्ट में काम करते हैं। जब आग लगी उस वक्त ज्यादातर कर्मचारी लंच पर गए हुए थे। वहीं, अनाकापल्ले डीएम विजयन कृष्णन ने कहा कि 13 लोगों का रेस्क्यू भी किया गया। आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हादसे की 3 तस्वीरें…

घायल वर्कर्स बुरी तरह झुलस गए हैं।

घायल वर्कर्स को अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है।

चार वर्कर्स की मौत अस्पताल पहुंचने के बाद हुई।
सीएम चंद्रबाबू नायडू आज करेंगे दौरा
अनाकापल्ले की घटना पर राज्य के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया। उन्होंने घटना की हाई लेवल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि अगर फैक्ट्री मैनेजमेंट की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरत पढ़े तो घायलों को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए एयर एम्बुलेंस का उपयोग करें। सीएम ने राज्य के स्वास्थ्य सचिव को तुरंत दुर्घटना स्थल का दौरा करने का भी निर्देश दिया। साथ ही सीएम खुद आज दुर्घटना स्थल का दौरा करेंगे। वे मृतकों के परिवारों से मिलेंगे और घायलों को देखने अस्पताल भी जाएंगे।
लोगों ने लगाए सही जानकारी नहीं देने के आरोप
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में काम करने वालों के परिवारों को घटना की जानकारी मिली तो वे यहां पहुंचे। अपनों की तलाश करते लोगों ने आरोप लगाए कि अधिकारियों ने हमें सही जानकारी नहीं दी।
फैक्ट्री को बने 5 साल हुए
इंटरमीडिएट कैमिकल्स और एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) बनाने वाली एसिएंटिया एडवांस्ड साइंसेज ने 200 करोड़ रुपए के निवेश के साथ इसे शुरू किया था। फैक्ट्री में अप्रैल 2019 में प्रोडक्शन शुरू हुआ था।
