अवामी लीग नेता के होटल में 24 को जिंदा जलाकर मारा, बांग्लादेश में अब तक 440 लोगों का कत्ल

बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार को हिंसक आंदोलन के जरिए बेदखल किए जाने के बाद भी उपद्रव का दौर थम नहीं रहा है। खासतौर पर अवामी लीग के नेताओं और अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ कत्लेआम जारी है। ढाका में अवामी लीग के एक नेता के होटल में आग लगा दी गई। इस होटल में मौजूद करीब 24 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इन लोगों में एक इंडोनेशियाई नागरिक भी शामिल है, जो होटल में ठहरा था। सोमवार देर रात भीड़ ने जोशोर जिले में जिला अवामी लीग के महासचिव शाहीन चक्कलदर के स्वामित्व वाले जाबिर इंटरनेशनल होटल में आग लगा दी, जिसमें 24 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

इस घटना में मरने वाले ज्यादातर होटल में ठहरे लोग थे। ढाका के एक स्थानीय पत्रकार ने बताया, ‘मृतकों में एक इंडोनेशियाई नागरिक भी शामिल है।’ उन्होंने कहा कि जोशोर जनरल अस्पताल के चिकित्सकों ने पुष्टि की है कि उन्होंने 24 शव की गिनती की है, जबकि जीवित बचे होटल कर्मचारियों को डर है कि मलबे में और भी शव हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अवामी लीग सरकार का विरोध करने वाली उग्र भीड़ ने होटल के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगा दी और यह शीघ्र ही ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।

पूरे बांग्लादेश से लगभग एक जैसी खबरें आईं हैं और वहां गुस्साई भीड़ ने अवामी लीग के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के आवासों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में एकसाथ तोड़फोड़ की। सोमवार को प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देकर देश छोड़कर चले जाने के बाद बांग्लादेश में अराजकता फैल गई है। फिलहाल देश में इस उपद्रव के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 440 हो गई है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक सोमवार के बाद से ही अब तक 100 से ज्यादा की मौत हुई है। हिंसा प्रभावित देश में सेना स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।

उपद्रव के बाद अब तनावपूर्ण शांति, पर लोग बेखौफ अब भी नहीं

‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ समाचार पोर्टल ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने के बावजूद मंगलवार को स्थिति सामान्य होने के संकेत मिले तथा पुलिस और सेना सड़कों पर गश्त कर रही है। पोर्टल ने कहा कि सोमवार को अशांति और रातभर के तनावपूर्ण हालात के बाद ढाका में मंगलवार सुबह स्थिति मुख्य रूप से शांत रही। रिपोर्ट के अनुसार बस और अन्य सार्वजनिक वाहन सड़कों पर नजर आए और स्थानीय दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें खोलीं। समाचार पोर्टल ने बताया कि सरकारी वाहन कार्यालयों की ओर जाते दिखाई दिए और बैटरी चालित कई रिक्शा भी सड़कों पर नजर आए।

शेख हसीना के पीएम आवास में भी अराजकता, कपड़े तक चुरा ले गए

बांग्लादेश में सोमवार को उस समय अराजकता फैल गई, जब शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से अचानक इस्तीफा दे दिया और सैन्य विमान से देश छोड़कर चली गईं। हसीना के देश छोड़कर जाने की खबर फैलते ही सैकड़ों लोगों ने उनके आवास में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। प्रदर्शनकारियों ने राजधानी में स्थित हसीना के आवास ‘सुधा सदन’ और अन्य प्रतिष्ठानों पर हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की। हसीना की अवामी लीग सरकार के मंत्रियों, पार्टी सांसदों और नेताओं के ढाका और ढाका के बाहर स्थित आवासों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया गया। यही नहीं शेख हसीना के आवास से उपद्रवी उनके कपड़े तक उठा ले गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *