NEET Supreme Court hearing Live Updates : सुप्रीम कोर्ट में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट मामले को लेकर सुनवाई शुरू हो गई है। शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ता से कहा कि वे यह साबित करें कि नीट का पेपर लीक इतने बड़े पैमाने पर हुआ कि परीक्षा रद्द होनी चाहिए। मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे. बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ नीट को लेकर दायर 40 से अधिक याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है। इनमें राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा दायर याचिकाएं भी शामिल हैं। याचिका में मुकदमों की अधिकता से बचने के लिए नीट यूजी विवाद पर विभिन्न हाईकोर्ट में उसके खिलाफ लंबित मामलों को सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर करने की मांग की गई है। शीर्ष अदालत ने 11 जुलाई को परीक्षा रद्द करने, फिर से परीक्षा लेने और नीट-यूजी 2024 के आयोजन में कथित कदाचार की जांच की मांग करने वाली याचिकाओं पर सुनवाई 18 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी थी। नीट यूजी मामले में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा है कि आईआईटी मद्रास के डेटा एनालिटिक्स कोई असामान्यता या बड़े पैमाने पर गड़बड़ी नहीं दिखाता है।
केंद्र और एनटीए के हलफनामे पर आया याचिकाकर्ताओं छात्रों का जवाब
नीट-यूजी 2024 मामले में केंद्र और एनटीए के जवाब के बाद सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को याचिकाकर्ताओं ने भी लिखित जवाब दाखिल कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने जवाब में एनटीए ने आईआईटी मद्रास की रिपोर्ट को आधार बनाते हुए नीट-यूजी की परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता से इनकार किया था। आईआईटी मद्रास एनटीए के शासी निकाय के सदस्यों में से एक है। एनटीए के हलफनामे के मुताबिक यह रिपोर्ट अपने अपूर्ण डाटा और सतही विश्लेषण के कारण मौलिक रूप से सही नहीं है। याचिकाकर्ताओं के नोडल ऑफिसर सुमित कुमार शर्मा की ओर से एनटीए और आईआईटी मद्रास के जवाब पर बुधवार को लिखित जवाब दाखिल किया है। जवाब में कहा गया कि एनटीए ने अधूरे डाटा और विश्लेषण को सही बताने के लिए आईआईटी मद्रास की अधूरी रिपोर्ट दाखिल कर सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करने की कोशिश की है। हलफनामे के मुताबिक यह रिपोर्ट अधूरे डाटा संग्रह और सतही विश्लेषण के कारण मौलिक रूप से सही नहीं है। लिखित रिपोर्ट में कहा गया कि यह रिपोर्ट एनटीए की विश्वसनीयता पर संदेह पैदा करती है।
NEET 2024 hearing live : नीट केस की दोबारा जांच की मांग खारिज
NEET 2024 hearing live : याचिकाकर्ता के वकील नरेंद्र हुड्डा ने नीट केस की दोबारा जांच की मांग की थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया। सीजीआई ने कहा कि केस की दोबारा जांच की जरूरत नहीं है।
NEET 2024 hearing live : नीट यूजी में शीर्ष 100 रैंक वाले स्टूडेंट्स किन शहरों से आते हैं: सुप्रीम कोर्ट ने पूछा
NEET 2024 hearing live : सीजीआई ने कहा, कोर्ट जानना चाहता है कि नीट यूजी 2024 परीक्षा में शीर्ष 100 रैंक वाले स्टूडेंट्स किन शहरों से आते हैं।
NEET 2024 hearing live : 131 छात्र ही री-एग्जाम चाहते हैं, जबकि 254 इसके खिलाफ हैं
NEET 2024 hearing live : चीफ जस्टिस ने पूछा कि याचिकाकर्ता में कितने छात्र शामिल हैं. एनटीए ने कहा कि 1,08,000 के दायरे में न आने वाले 131 छात्र दोबारा परीक्षा चाहते हैं, जबकि 1,08,000 के दायरे में आने वाले 254 छात्र दोबारा परीक्षा का विरोध कर रहे हैं।
NEET 2024 hearing live : सरकार ने आईआईटी मद्रास से जांच क्यों कराई: याचिकाकर्ता के वकील
NEET 2024 hearing live : सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि दोबारा परीक्षा कराने का आदेश तभी देना चाहिए जब यह साबित हो जाए कि पूरी परीक्षा की शुचिता प्रभावित हुई है। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि सरकार ने आईआईटी मद्रास से डेटा एनालाइज कराया और कहा कि पेपर बड़े पैमाने पर लीक नहीं हुआ। आईआईटी मद्रास के डायरेक्ट नीट कराने वाले एनटीए की गवर्निंग बॉडी के मेंबर रह चुके हैं। यह हितों के टकराव का मामला है। सरकार की ओर से पेश एसजी ने कहा – उन्होंने (आईआईटी चेयरमैन) प्रोफेसर को प्रतिनियुक्त किया था। गोपालकृष्णन को (एनटीए की) बैठकों में भाग लेने के लिए कहा था।
NEET 2024 hearing live : सीबीआई की जांच की स्थिति सामने आने से यह प्रभावित होगी
NEET 2024 hearing live : सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया गया है कि सीबीआई ने कथित नीट यूजी पेपर लीक और कदाचार की चल रही जांच के संबंध में दूसरी स्टेट रिपोर्ट दायर की है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आज एक जांच चल रही है। अगर सीबीआई ने हमें जो बताया है वह सामने आ गया तो इससे जांच प्रभावित होगी।
NEET 2024 hearing live : साबित करें कि नीट का पेपर बड़े पैमाने पर लीक हुआ- सुप्रीम कोर्ट
NEET 2024 hearing live : सुप्रीम कोर्ट ने अभ्यर्थियों (याचिकाकर्ताओं) के वकील से कहा कि वे यह साबित करें कि पेपर लीक का दायरा इतना बड़ा था कि इसने पूरी परीक्षा को प्रभावित किया। साबित करें कि पेपर लीक इतने बड़े पैमाने पर हुए कि परीक्षा रद्द करने की नौबत आ गई है।
NEET 2024 hearing live : नीट मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू
NEET 2024 hearing live : नीट मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। 40 से अधिक याचिकाओं पर सुनवाई हो रही है।
NEET 2024 hearing live : अवसर से वंचित नहीं रहेंगे योग्य अभ्यर्थी – एनटीए
NEET 2024 hearing live : एनटीए ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में अपने जवाब में कहा- यह कहना गलत है कि योग्य उम्मीदवार अपने अवसरों से वंचित रह जाएंगे क्योंकि चयन रैंक के आधार पर होता है न कि अंकों के आधार पर। एक प्रतियोगी परीक्षा में मेरिट महत्वपूर्ण है।
NEET 2024 hearing live : देश के छात्रों को नीट मामले के फैसले का इंतजार – सीजेआई
मुख्य न्यायधीश ने कहा- नीट केस में तत्काल सुनवाई की जरूरत है। देश के कई छात्र नीट पर फैसले का इंतजार कर रहे हैं। हम आज नीट मामले पर सुनवाई करेंगे।
NEET 2024 hearing live : 11.15 बजे होगी नीट मामले की सुनवाई
NEET 2024 hearing live : दो नए न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर शीर्ष अदालत की कार्यवाही सुबह 11.15 बजे शुरू होगी।
NEET 2024 hearing live : नीट मामले पर सुनवाई 10.30 बजे संभव
NEET 2024 hearing live : कुछ ही देर में मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ नीट मामले पर सुनवाई शुरू करेगी। पीठ सुबह 10.30 बजे से सुनवाई शुरू करेगी।
NEET UG supreme court hearing live: सरकार ने आईआईटी से कराया नीट रिजल्ट का विश्लेषण
NEET UG supreme court hearing live: केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने नीट परीक्षा परिणाम के डेटा के विश्लेषण के लिए आईआईटी मद्रास से मदद मांगी थी। आईआईटी मद्रास ने साल 2023 व 2024 के शहरवार डाटा में शीर्ष 1.4 लाख रैंक वालों को शामिल किया। परीक्षण यह बताने के लिए पर्याप्त था कि क्या किसी शहर या परीक्षा केंद्र के अभ्यर्थी को गड़बड़ी का लाभ मिला। हालांकि परीक्षण ने साबित किया कि ऐसा नहीं हुआ। किसी खास शहर या केंद्र में बड़े पैमाने पर बच्चों को असाधारण अंक नहीं मिले हैं। यह जरूर सामने आया कि छात्रों के अंकों में उछाल आया है। यह रेंज 550 से 720 के बीच है। लेकिन, इसके लिए पाठ्यक्रम में 25 फीसदी की कटौती को श्रेय दिया जा सकता है। है। साथ ही, उच्च अंक पाने वाले छात्र विभिन्न शहरों और केंद्रों में फैले हैं। इसके साफ संकेत हैं कि उच्च अंक मिलने में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है।
NEET 2024 hearing live : पटना से बाहर बड़े स्तर पर नीट पेपर लीक नहीं
NEET 2024 hearing live : एनटीए ने कहा है कि पटना के 12 केंद्रों से केवल 175 और गोधरा के दो केंद्रों से 8 अभ्यर्थी ही नीट यूजी परीक्षा में 640 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने में सफल रहे। जांच के दायरे में आए गोधरा केंद्रों से किसी भी अभ्यर्थी ने 680 या उससे अधिक अंक प्राप्त नहीं किए, और पटना केंद्रों से केवल 35 उम्मीदवारों ने यह स्कोर प्राप्त किया। एनटीए ने दावा किया है कि नीट का पेपर सिस्टेमैटिक लीक नहीं हुआ है। नीट के अधिकारियों ने बताया कि शीर्ष 1000, 5000 और 10,000 अभ्यर्थी 800 से अधिक एग्जाम सेंटरों से हैं और जरूरी नहीं कि वे जांच के दायरे में आए परीक्षा केंद्रों के समूह से हों। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक एनटीए ने कहा है कि उसके डेटा विश्लेषण से पता चलता है कि पटना से बाहर बड़े लेवल पर पेपर लीक का संकेत नहीं मिला है। एनटीए डेटा एनालिसिस में यह भी कहा गया है कि जिस उम्मीदवार की टेस्ट बुकलेट की जांच की गई थी, उसे केवल 103 अंक मिले थे। टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक एनटीए के एक अधिकारी ने कहा, “बिहार पुलिस ने जिस रोशनी नाम की लड़की की बुकलेट जब्त की थी, उसके 720 में से 103 अंक हैं।”
NEET 2024 hearing live : नीट यूजी के टॉप 1000 उम्मीदवार 800 केंद्रों में फैले हुए हैं
NEET 2024 hearing live : एनटीए के अधिकारी ने कहा, “हमने हजारों उम्मीदवारों के प्रत्येक समूह के स्कोरिंग पैटर्न और उनके मार्क्स वितरण पर गौर किया। जैसे शीर्ष नीट यूजी के टॉप 1000 उम्मीदवार 800 केंद्रों में फैले हुए हैं।” उन्होंने कहा कि शीर्ष 1 लाख उम्मीदवार, जिनके एमबीबीएस या डेंटल सीट पाने की सबसे अधिक संभावना है, 4,750 केंद्रों में से 4,500 केंद्रों से हैं। इन सब बातों से यह आरोप गलत साबित होता है कि टॉपर्स विशिष्ट केंद्रों में केंद्रित थे। उन्होंने कहा, “अगर हम शीर्ष 5,000 उम्मीदवारों जैसे छोटे समूहों की भी जांच करें, तो वे भी 780 केंद्रों से हैं।”
NEET 2024 hearing live : नीट पेपर लीक की पुष्टि
NEET 2024 hearing live : एनटीए, सरकार और सीबीआई ने माना है कि पेपर लीक हुआ है इसलिए आज सुप्रीम कोर्ट बड़ा फैसला सुना सकता है। हालांकि तीनों ने कहा है कि पेपर लीक का दायरा काफी सीमित था। यह बड़े पैमाने पर लीक नहीं हुआ। अब देखना होगा कि सुप्रीम कोर्ट फिर से पूरे देश में नीट कराने का आदेश देता है या फिर सिर्फ प्रभावित सेंटरों पर रीएग्जाम का आदेश देता है।
NEET 2024 hearing live : नीट पेपर लीक मामले में पटना एम्स के तीन डॉक्टर गिरफ्तार
NEET 2024 hearing live : नीट पेपर लीक मामले में आज सीबीआई ने पटना एम्स के तीन डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए तीनों डॉक्टरों को सीबीआई अपने साथ ले गई हैं। ये तीनों डॉक्टर 2021 बैच के मेडिकल स्टूडेंट्स हैं। सीबीआई ने तीनों डॉक्टरों का कमरा भी सील किया । मोबाइल, लैपटॉप जब्त किए।
NEET 2024 hearing live : नीट परीक्षा परिणाम के बाद ही उठने लगे थे सवाल
NEET UG live: नीट यूजी परीक्षा 5 मई को हुई थी। इसमें करीब 24 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे. 4 जून को रिजल्ट आया था. इसके बाद से ही इस पर सवाल उठने लगे. परीक्षा में एक साथ 67 टॉप कर गए. सभी को 720 में से 720 नंबर मिले. ऐसा पहली बार हुआ कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों ने 100 फीसदी नंबर पाए। कई संस्थानों में विभिन्न एजेंसियों की जांच जारी है।
NEET 2024 hearing live : नीट काउंसलिंग चार चरणों में होगी
NEET 2024 hearing live : सरकार ने हलफनामे में कहा है कि काउंसलिंग की प्रक्रिया चार चरणों में जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होगी। इस दौरान भी किसी अभ्यर्थी के पेपर लीक या गड़बड़ी में शामिल होने की पुष्टि होती है, तो उसे बाहर किया जा सकता है।
NEET 2024 hearing live : 5 मई को हुई थी नीट परीक्षा
NEET 2024 hearing live : पांच मई को 23.33 लाख से अधिक छात्रों ने 571 शहरों के 4,750 केंद्रों पर नीट-यूजी परीक्षा दी थी। इन शहरों में 14 विदेशी शहर भी शामिल थे। देश भर के मेडिकल कॉलेजों में इसी परीक्षा से एडमिशन होता है।
NEET 2024 hearing live : एनटीए ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने जवाब में क्या कहा
NEET 2024 hearing live : नीट-यूजी 2024 का आयोजन करने वाली एनटीए ने भी शीर्ष अदालत में एक अतिरिक्त हलफनामा दायर किया था। एजेंसी ने कहा था कि उसने राष्ट्रीय, राज्य, शहर और केंद्र स्तर पर नीट-यूजी 2024 में अंकों के वितरण का एक विश्लेषण किया है। एनटीए ने अपने हलफनामे में कहा, “यह विश्लेषण दिखाता है कि अंकों का वितरण बिल्कुल सामान्य है और ऐसा कोई बाहरी कारक प्रतीत नहीं होता है, जो अंकों के वितरण को प्रभावित करता नजर आता है।” उसने हलफनामे में प्रश्न पत्रों की गोपनीय छपाई, उसे लाने-ले जाने और उसके वितरण के लिए स्थापित व्यवस्था की भी जानकारी दी।