[ad_1]
3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
NYT ने लिखा है कि अंबानी की भारत में अपार लोकप्रियता के बाद भी उन्हें बाहरी दुनिया में कम ही लोग जानते थे लेकिन अब स्थिति बदल गई है।
एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी आज राधिका मर्चेंट के साथ शादी कर रहे हैं। इस शादी में न सिर्फ भारत बल्कि कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी शामिल हो रही हैं।
विदेशी मेहमानों का जिक्र करें तो पूर्व ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन और टोनी ब्लेयर समेत कई अन्य हाई प्रोफाइल हस्तियां पहुंच चुकी हैं।
विदेशी मीडिया भी इस शाही शादी पर नजर बनाए हुए है। NYT, द गार्जियन, BBC, CNN ने शादी में हुए खर्च और लंबी टाइमिंग को लेकर हैरानी जताई है।
जानते हैं अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी पर विदेशी मीडिया ने क्या लिखा है…
CNN ने लिखा- इतनी लंबी शादी नहीं देखी

CNN ने लिखा है कि अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट का वैवाहिक समारोह 29 दिसंबर को शुरू हुआ था जो जुलाई में भी जारी है। भारत में शादी समारोह का कई दिनों तक चलता आम बात है लेकिन 7 महीने तक चलने वाली शादी शायद कभी देखी या सुनी गई हो। इस रिपोर्ट में 29 दिसंबर को हुई सगाई से लेकर 12 जुलाई की शादी तक हुए हर इवेंट के बारे में बताया गया है।
रिपोर्ट में आगे लिखा है कि अनंत अंबानी और राधिका की शादी को लेकर लोगों में उत्साह है लेकिन पीछे कुछ आलोचनाएं भी हैं। उनके मुताबिक ये शादी अमीरों और गरीबों के बीच बढ़ती हुई असमानता की ओर इशारा करती है।
अंबानी परिवार को भी इसका एहसास है इसलिए उन्होंने कुछ समारोहों से पहले दान-पुण्य के भी काम किए हैं। इस महीने की शुरुआत में उन्होंने 50 गरीब जोड़ों के लिए सामूहिक विवाह का आयोजन किया था। इन जोड़ों को आभूषणों के साथ-साथ एक साल के लिए घरेलू सामान और किराने का सामान गिफ्ट किया गया।
गार्जियन ने लिखा- तमाशे पर 5000 करोड़ खर्च

ब्रिटिश अखबार द गार्जियन ने अंबानी परिवार की तुलना ब्रिटेन के शाही परिवार से की है। ‘विंडसर’ ब्रिटेन के शाही परिवार का अंतिम नाम है। ये नाम शाही निवास के नाम पर रखा गया है।
अखबार ने लिखा है कि मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर शख्स हैं। उन्होंने कुछ सालों में बेतहाशा खर्च किया है। उनका घर एंटीलिया दुनिया का सबसे महंगा घर है। 2018 में उनकी बेटी की शादी पर 800 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किया गया था। इतना पैसा आज तक भारत में किसी भी शादी में खर्च नहीं हुआ।
अब उनके छोटे बेटे की शादी हो रही है जिसका उत्सव कई महीनों से जारी है। ब्रिटिश अखबार ने लिखा है कि 5 महीने से भी अधिक समय तक चल रहे इस तमाशे में 5,000 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। यह एक बड़ी रकम है मगर अंबानी की संपत्ति का सिर्फ 0.5% है।
BBC ने लिखा- पूरी दुनिया अंबानी को जान गई

BBC ने लिखा है कि अंबानी के पास कितनी संपत्ति और उनकी क्या हैसियत है इससे भारत के लोग अनजान नहीं हैं लेकिन इस आयोजन के बाद से बाकी दुनिया भी उनके बारे में जान गई है। अब तो लगता है कि अंबानी परिवार के लिए कुछ भी असंभव नहीं है।
वेबसाइट में आगे लिखा है कि भारत में भी भव्य शादियां कोई नई चीज नहीं है। अमेरिका के बाद विवाह समारोहों पर सबसे अधिक खर्च करने वाला देश भारत ही है लेकिन, हाल के समय में ऐसे आयोजनों में दिखावे की प्रवृति बढ़ी है।
BBC में शोभा डे लिखती हैं कि आज के दौर में अरबपति ही नए महराजा हैं। लेखिका कहती हैं कि भारतीयों को अंग्रेजों की ही तरह हमेशा से ही धूमधाम और दिखावटीपन पसंद रहा है। फिर तो अंबानी की जितनी संपत्ति है ये शादी तो उसी हिसाब से ही हुई है।
NYT ने लिखा- शान-ओ-शौकत का दौर वापस आया

न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा है कि 1971 में जब इंदिरा गांधी ने संविधान में बदलाव कर प्रिवी पर्स लागू किया और खजाने का राष्ट्रीयकरण कर दिया तब राजा-महराजा हों या निजाम-नवाब सभी अपने गहनों को छुपाने में लग गए। भारत में शाही स्तर पर शान-ओ-शौकत लगभग गायब सी हो गई, लेकिन अंबानी परिवार ने ये दौर बदल दिया है।
अमेरिकी अखबार लिखता है कि अंबानी की अपार लोकप्रियता के बाद भी उन्हें बाहरी दुनिया में कम ही लोग जानते थे लेकिन अब स्थिति बदल गई है। दुनियाभर में उनकी ही चर्चा है।
NYT ने आगे लिखा है कि अनंत-राधिका के प्री वेडिंग समारोह में रिहाना की मौजूदगी ने भले ही सुर्खिया बटोरी हों मगर जिस तरह के गहने अंबानी परिवार ने पहने थे वह 100 साल पहले राजा-महराजाओं के आयोजनों में ही दिखता था।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि यह शाही शादी अंबानी फैमिली के बेहद ताकतवर होने का संकेत है, जिसमें बॉलीवुड सितारों से लेकर देश के सबसे शक्तिशाली राजनेताओं तक सभी उनके इशारे पर चलते हैं।

[ad_2]
Source link
