Swearing In Ceremony Of Bjp First Chief Minister May Be Held In Odisha On June 10 – Amar Ujala Hindi News Live

Swearing in ceremony of BJP first Chief Minister may be held in Odisha on June 10

ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल
– फोटो : एएनआई

विस्तार

वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें


ओडिशा विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया। 26 साल से सत्ता पर काबिज नवीन पटनायक की बीजू जनता दल की सरकार को उखाड़ फेंकने में भाजपा ने सफलता हासिल की। अब भाजपा सरकार बनाने की तैयारी हो रही है। मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह 10 जून को होने की संभावना है, इसमें पीएम नरेंद्र मोदी समेत भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल हो सकता है।      

ओडिशा में पहली बार बन रही भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के शपथग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर है। शपथग्रहण के लिए जनता मैदान को संवारा जा रहा है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित 30,000 लोग शामिल होंगे। शपथग्रहण समारोह 10 जून को होगा। भाजपा आलाकमान ने सरकार गठन के लिए तीन नेताओं के पैनल को ओडिशा भेज दिया है। इनमें मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा और भाजपा नेता लोकेंद्र पाराशर शामिल हैं। सीएम कौन होगा, जल्द ही इसका भी फैसला हो सकता है। राज्य के पुलिस महानिदेशक अरुण कुमार सारंगी ने कहा कि शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री सहित कई मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी नेता आ रहे हैं। हम सुरक्षा सहित अन्य प्रबंध कर रह रहे हैं। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) पहले ही पहुंच चुका है। सुरक्षा के लिए हम पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात कर रहे हैं।

वहीं, ओडिशा बीजेपी प्रमुख मनमोहन सामल ने शनिवार को नई दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री के चयन को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि दो दिन और इंतजार करें। नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे, जिसके बाद भाजपा संसदीय दल अपनी बैठक में ओडिशा के मुख्यमंत्री का चयन कर सकता है। 

सामल बोले- मैं मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं

सामल ने हवाई अड्डे पर कहा, मैं एनडीए के संसदीय दल के नेता और लोकसभा नेता के चयन के लिए एक बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली गया था। वहां राज्य के सभी नवनिर्वाचित सांसद मौजूद थे। हमने दिल्ली में आयोजित पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि ओडिशा भाजपा के अध्यक्ष के रूप में वह शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्था करने में सभी हितधारकों के साथ समन्वय कर रहे हैं।

पत्रकारों ने सामल से सवाल किया कि क्या आप मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं, जिसका उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि मैं नहीं हूं। मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, मैं उसका पालन कर रहा हूं।

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में इन तीन नामों की चर्चा

बता दें कि ओडिशा मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे प्रबल दावेदारों में संबलपुर के सांसद और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पूर्व राज्य भाजपा अध्यक्ष और पटनागढ़ से नवनिर्वाचित विधायक केवी सिंह देव का नाम चर्चा में हैं। प्रधान राज्य में भाजपा का चेहरा माने जाते हैं और ओबीसी वर्ग से आते हैं। वहीं, देव पांच बार के विधायक हैं। उन्होंने 2000 से 2009 के बीच नौ वर्षों तक नवीन पटनायक मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में काम किया। इन दोनों के अलावा आदिवासी नेता मोहन माझी का नाम भी चर्चा में है। माझी क्योंझर सीट से चुने गए हैं।

भाजपा को लोकसभा की 21 में मिली 20 सीटें

बता दें कि भाजपा ने 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में से 78 सीटें जीतकर चुनाव में बहुमत हासिल किया। वहीं, ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से 20 पर जीत हासिल की। 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *