PM Modi Cabinet Minister; Congress India Alliance | NZ vs AFG T20 World Cup | न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: TDP-JDU को 2-2 मंत्री पद संभव; टी-20 वर्ल्डकप- अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया; भारत ने खरीदा ₹722 करोड़ का सोना

  • Hindi News
  • National
  • PM Modi Cabinet Minister; Congress India Alliance | NZ Vs AFG T20 World Cup

कुछ ही क्षण पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. NDA ब्लॉक: मोदी के साथ सहयोगी दलों के 18 सांसद ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ
नरेंद्र मोदी 9 जून को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी के साथ NDA के 14 सहयोगी दलों के 18 सांसद भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इनमें 7 कैबिनेट और बाकी 11 स्वतंत्र प्रभार और राज्यमंत्री बनेंगे। हालांकि, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। माना जा रहा है 35 से अधिक सांसद मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। TDP और JDU से 2-2 और शिवसेना से एक कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

2. I.N.D.I.A. ब्लॉक: खड़गे की अध्यक्षता में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की आज बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में दिल्ली की अशोक होटल में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक होगी। इसमें सोनिया, राहुल, प्रियंका गांधी समेत कई नेता शामिल होंगे। बैठक में चुनाव नतीजों पर चर्चा होगी। शाम 5.30 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की बैठक होगी। खड़गे अशोक होटल में पार्टी नेताओं को डिनर भी देंगे। वहीं, समाजवादी पार्टी की भी बैठक होनी है। इसमें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने नए सांसदों से मुलाकात करेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

3. अफगानिस्तान ने पहली बार न्यूजीलैंड को हराया, टी-20 वर्ल्डकप 2024 में दूसरा उलटफेर
टी-20 वर्ल्डकप में अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड को 84 रन से हरा दिया। यह अफगानिस्तान की न्यूजीलैंड पर किसी भी फॉर्मेट में पहली जीत है। इससे पहले वनडे और टी-20 में हुए सभी 4 मुकाबले न्यूजीलैंड के नाम रहे थे। अफगानिस्तान की इस वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने युगांडा को 125 रन से हराया। टीम ग्रुप C के टॉप पर है। इस वर्ल्डकप में यह दूसरा उलटफेर है, इससे पहले अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराया था।
पढ़ें पूरी खबर…

4. UP-MP समेत 5 राज्यों में हीटवेव: झांसी 45° तापमान के साथ देश में सबसे गर्म
मानसून केरल और महाराष्ट्र से एंट्री ले चुका है और तटीय इलाकों में बारिश शुरू हो चुकी है। हालांकि उत्तर भारत, मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम में अभी भी झुलसाने वाली गर्मी है। 7 जून को उत्तर प्रदेश के झांसी में देशभर में सबसे ज्यादा टेम्परेचर 45.8°C दर्ज किया गया। यही हाल राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली का भी रहा। इन राज्यों के करीब 14 शहरों में पारा 44° से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ, जिसके कारण यहां अगले 2 दिन तक हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी।
पढ़ें पूरी खबर…

5. भारत ने मई में 722 करोड़ रुपए का सोना खरीदा: पूरी दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा खरीदार
भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI मई में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा सोना खरीदार रहा। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, बीते माह भारत ने करीब 722 करोड़ रुपए का सोना खरीदा। सिर्फ स्विट्जरलैंड और चीन ने भारत की तुलना में ज्यादा गोल्ड खरीदा। बीते 5 वित्त वर्षों में भारत ने अपने गोल्ड रिजर्व में करीब 204 टन की बढ़ोतरी की। मार्च 2019 में देश का गोल्ड रिजर्व 618.2 टन था, जो 31 मार्च 2024 को 33% बढ़कर 822.1 टन हो गया। हालांकि, इस दौरान सोने की कीमतों में करीब 70% की बढ़ोतरी हुई है।
पढ़ें पूरी खबर…

6. लोकसभा चुनाव के बाद मणिपुर में फिर हिंसा; घर छोड़कर भागे मैतेई, कर्फ्यू लागू
मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़की है। जिरिबाम जिले में गुरुवार को कुछ कुकी उग्रवादियों ने एक मैतेई बुजुर्ग की अपहरण के बाद हत्या कर दी। इसके विरोध में यहां हिंसा हो रही है। इसके बाद जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है। मैतेई अपने घर छोड़कर स्कूल में शरण लेने को मजबूर हुए हैं। 3 मई 2023 से मणिपुर की इम्फाल घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी के बीच जातीय संघर्ष हो रहा है। इसमें 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

7. रामोजी ग्रुप के चेयरमैन रामोजी राव का निधन: मोदी बोले- रामोजी ने भारतीय मीडिया में क्रांति ला दी
मीडिया पर्सनैलिटी और रामोजी ग्रुप के चेयरमैन रामोजी राव का शनिवार सुबह 4:50 बजे निधन हो गया। उन्होंने हैदराबाद के स्टार हॉस्पिटल में 87 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वे 5 जून से ICU में भर्ती थे। रामोजी ईटीवी नेटवर्क के टेलीविजन चैनलों के भी प्रमुख थे। उन्हें 2016 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से भारत का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म विभूषण मिला था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामोजी राव के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा- रामोजी ने भारतीय मीडिया में क्रांति ला दी।
पढ़ें पूरी खबर…

8. दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फूड फैक्ट्री में आग लगी, 3 की मौत; 6 घायल
दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक फूड फैक्ट्री में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। छह घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, पता चला है कि मूंग को बर्नर पर भूनने के दौरान गैस की एक पाइपलाइन में लीकेज हो गया। इससे आग फैल गई और कंप्रेसर गर्म होकर फट गया। घटना के वक्त फैक्ट्री में नौ लोग फंसे थे।
पढ़ें पूरी खबर…

9. पाकिस्तान बोला- भारत से अच्छे रिश्ते चाहते हैं, कश्मीर मसला बातचीत से सुलझाने को तैयार
पाकिस्तान की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच ने कहा, हम भारत के साथ जम्मू-कश्मीर के विवाद समेत सभी मसलों को बातचीत के जरिए हल निकालने को तैयार हैं। हम शांतिपूर्ण तरह से साथ मिलकर आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं। हमें उम्मीद है कि दोनों देशों में शांति बनाए रखने के लिए भारत भी बातचीत से समस्याओं का हल निकालने की कोशिश करेगा।
पढ़ें पूरी खबर…

10. डेनमार्क की PM मेट फ्रेडरिक्सन पर हमला: आरोपी ने पीछे से धक्का दिया, गिरफ्तार
डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेट फ्रेडरिक्सन पर कोपेनहेगन में एक व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने पीछे से आकर फ्रेडरिक्सन को जोर से धक्का मारा। इससे वे लड़खड़ा गईं। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। यह हमला यूरोपियन यूनियन (EU) चुनाव से ठीक पहले हुआ है। EU के चुनाव 9 जून को होने हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *