55 देशों से 100 VVIP पहुंचेंगे अयोध्या, राम मंदिर में होगा मंगल ध्वनि भव्य वादन ayodhya ram mandir live updates 21st jan 2024 ram janmabhoomi udghatan ram temple photos and architecture details in hindi-uttar-pradesh news

 Ayodhya Ram Mandir live updates: राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर चल रहे अनुष्ठान की शृंखला में शनिवार को नव्य-दिव्य मंदिर में अर्श से फर्श तक 81 रजत कलशों के पवित्र जल का छिड़काव कर शुद्धीकरण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस क्रिया के बाद प्रासाद (राम मंदिर) का भी अधिवासन शुरू हो गया है।मंदिर के हर कण में देवताओं का वास: प्राण प्रतिष्ठा के आचार्य अरुणकांत दीक्षित ने कहा कि मंदिर के हर कण में देवताओं का वास होता है। उन देवताओं की दिव्य शक्ति के जागरण के लिए विग्रह के साथ-साथ भवन के अधिवास का भी विधान है। उधर 22 जनवरी के मुख्य पर्व को लेकर मंदिर के शिखर समेत पूरे परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित किया गया है।

रामलला के नव्य-भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के अंतिम चरण में विराजमान रामलला रविवार की शाम को राजाधिराज के रूप में प्रवेश करेंगे। इसके चलते आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन रोक दिया गया है जो अब 22 जनवरी के बाद शुरू होगा। सूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विराजमान रामलला को नए मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचाएंगे। मेक शिफ्ट स्ट्रक्चर में रामलला की शनिवार की रात आखिरी होगी। इसके पहले आम दिनों की तरह रामलला के पूजन -अर्चन का क्रम चलता रहा।

Sun, 21 Jan 2024 10:20 AM

Ayodhya Ram Mandir Live: राजा रामभद्र की रचना कर रजत विग्रह व यंत्र की स्थापना

 Ayodhya Ram Mandir Live: राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की कड़ी में पांचवें दिन यज्ञ मंडप में राजा रामभद्र की रचना कर रामलला के रजत विग्रह व यंत्र स्थापित कर राजोपचार पूजन कर महापूजा की गयी। इस पूजन में सर्वप्रथम यंत्र का वैदिक मंत्रोच्चार से पंचामृत अभिषेक और पवित्र नदियों के जल से स्नान कराया गया। इसी तरह भगवान के रजत विग्रह का भी अभिषेक पूजन किया गया और फिर आरती उतारी गयी। इसके उपरांत पुरुष सूक्त के मंत्रों से यज्ञकुंड में 1008 आहुतियां डाली गईं। इसके पूर्व प्रातः शर्कराधिवास, फलाधिवास, पिण्डिका अधिवासन, पुष्पाधिवास व सायंकालिक पूजन के साथ भी भगवान की गर्भगृह समेत यज्ञ मंडप में आरती की गयी।

Sun, 21 Jan 2024 10:10 AM

Ayodhya Ram Mandir Live:बाहरी वाहनों के आवागमन पर रोक, सीमाएं हुईं सील

 Ayodhya Ram Mandir Live: राम मंदिर में रामलला प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। बाहरी जिले के वाहन शनिवार रात आठ बजे से नही आ सकेंगे।  अयोध्या के निवासियों तथा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम मे सम्मलित होने वाले पासधारक को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों का सम्पूर्ण डायवर्जन रहेगा।

Sun, 21 Jan 2024 09:54 AM

Ayodhya Ram Mandir Live:महंत अवेद्यनाथ ने समझा-बुझाकर लौटा दिया था नागा साधुओं को

Ayodhya Ram Mandir Live: अयोघ्या राममंदिर को लेकर छिड़ी इस जंग को गोरक्षपीठाधीश्वर रहे महंत अवेद्यनाथ वैध तरीके से जीतना चाहते थे। यही वजह है कि 1990 में हजारों की संख्या में तीर-धनुष लेकर अयोध्या की तरफ कूच करने वाले नागा साधुओं को उन्होंने समझाकर रोक लिया था। गोरक्षनाथ मंदिर ने नागा साधुओं की सेवा कर उन्हें अयोध्या जाने देने के बजाए लौटा दिया था। अयोध्या में विवादित ढांचे को लेकर 100-200 नहीं बल्कि तकरीबन 500 साल से जंग चल रही थी। राममंदिर निर्माण के लिए एक-दो नहीं कई बार जंग हुई। तमाम लोगों ने कुर्बानियां दी। अयोध्या की इस जंग को जीतने के लिए 80-90 के दशक में तमाम ऋषियों-मनीषियों, साधु-संतों तथा महंतों-पीठाध्सीश्वरों ने खुद को आगे किया। तत्कालीन गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ एक मजबूत कड़ी रहे।

Sun, 21 Jan 2024 09:18 AM

Ayodhya Ram Mandir Live:राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह में ‘मंगल ध्वनि’ का भव्य वादन

 Ayodhya Ram Mandir Live:अयोध्या राम मंदिर में श्रीराम जन्मभूमि पर होने वाली प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रातःकाल 10 बजे से ‘मंगल ध्वनि’ का भव्य वादन होगा। 50 से अधिक मनोरम वाद्ययंत्र, विभिन्न राज्यों से, लगभग 2 घंटे तक इस शुभ घटना का साक्षी बनेंगे। अयोध्या के यतीन्द्र मिश्र इस भव्य मंगल वादन के परिकल्पनाकार और संयोजक हैं, जिसमें केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली ने सहयोग किया है। यह भव्य संगीत कार्यक्रम हर भारतीय के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर का प्रतीक है, जो प्रभु श्री राम के सम्मान में विविध परंपराओं को एकजुट करता है।

Sun, 21 Jan 2024 09:02 AM

Ayodhya Ram Mandir Live: रामलला को भगवान विष्णु का स्वरूप मानते हुए चार परिक्रमा:

Ayodhya Ram Mandir Live:  राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के दौरान भगवान के रजत विग्रह की पालकी यात्रा भी धूमधाम से हर्षोल्लास के वातावरण में निकाली गयी। सबसे पहले यज्ञ मंडप में पूजन के बाद भगवान के उत्सव विग्रह स्वरूप को पालकी में विराजित कर यज्ञ मंडप की चार परिक्रमा कराई गयी। पुनः पालकी का मंदिर की परिधि में चार बार परिभ्रमण कराया गया। यज्ञाचार्य अरुणकांत दीक्षित ने बताया कि शास्त्रों में अलग-अलग देवी-देवताओं की परिक्रमा का विधान तय है। इसी क्रम में भगवान विष्णु की चार परिक्रमा का विधान है। रामलला को भगवान विष्णु का ही स्वरूप माना गया है, इसके चलते उनकी भी चार परिक्रमा की गयी। इस परिक्रमा के दौरान वैदिक आचार्य गण यजुर्वेद के मंत्रों का उच्चारण कर रहे थे जबकि अन्य श्रद्धालु राम नाम का जप कर रहे थे। इस पूजन प्रमुख यजमान डा अनिल मिश्र व उनकी पत्नी उषा मिश्रा के अलावा अशोक सिंघल फाउंडेशन के संस्थापक महेश चंद्र भागका व विहिप के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार अतिरिक्त यजमान के रूप में शामिल हुए।

Sun, 21 Jan 2024 08:44 AM

Ayodhya Ram Mandir Live: अयोध्या फोरलेन बंद, पैदल जाने पर भी पाबंदी

Ayodhya Ram Mandir Live: 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर शनिवार की रात आठ बजे से ही अयोध्या जाने पर रोक लगा दी गई है। यह रोक 23 जनवरी तक रहेगी। उधर, आम लोगों ने पैदल ही अयोध्या की तरफ का रुख कर दिया है। यह सब देखकर पुलिस को अपील करना पड़ रही है कि 23 जनवरी तक कोई अयोध्या न जाएं। जो लोग निकल गए हैं उन्हें जगह-जगह रोक कर लौटाया जा रहा है। एडीजी जोन डा. केएस प्रताप कुमार पूरे मामले पर निगरानी रखे हुए हैं।

Sun, 21 Jan 2024 08:30 AM

Ayodhya Ram Mandir Live: राम मंदिर में आज का अनुष्ठान

राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए अनुष्ठान जारी है।  रविवार 21 जनवरी को स्थापित देवताओं का दैनिक पूजन, हवन, पारायण, आदि कार्य, प्रातः मध्वाधिवास, मूर्ति का 114 कलशों के विविध औषधीयुक्त जल से स्नपन, महापूजा, उत्सवमूर्ति की प्रासाद‌ परिक्रमा, शय्याधिवास, तत्लन्यास, महान्यास आदिन्यास, शान्तिक-पौष्टिक – अघोर होम, व्याहति होम, रात्रि जागरण, सायं पूजन एवं आरती होगी।
 

Sun, 21 Jan 2024 08:13 AM

Ayodhya Ram Mandir Live: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा प्रसाद के नाम पर धोखा देने वाला साइबर ठग गिरफ्तार

Ayodhya Ram Mandir Live: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर साइबर ठग सक्रिय हो गये है। वीवीआईपी पास, प्रसाद की होम डिलीवरी व अन्य चीजों की बात कहकर एक लिंक मोबाइल पर भेजा जा रहा है। इस लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल का डाटा चोरी हो जाता है। पुलिस ने एक साईबर ठग को गिरफ्तार किया है। जिस पर प्रसाद व रामनाम प्रिंटेड टी-शर्ट व अन्य वस्तुओं के नाम पर ठगी का आरोप है। 

Sun, 21 Jan 2024 07:52 AM

Ayodhya Ram Mandir Live: मुक्ति के लिए 500 वर्ष तो राम मंदिर निर्माण के लिए 3 वर्ष हमने किया संघर्ष

Ayodhya Ram Mandir Live: राम मंदिर में पिछले तीन वर्षों से निर्माण कार्य में लगे दो दर्जन एलएनटी के इंजीनियरों ने जुलूस निकाला। उनका कहना था जिस प्रकार 500 वर्षों के संघर्ष बाद भगवान राम का मंदिर बन रहा है उसी प्रकार हमने भी पिछले तीन वर्षों से संघर्ष किया है। मंदिर की नींव स्थापना से लेकर शिखर तक बनाने में अपने तन मन धन को लगाया है। भारत के विभिन्न कोनों से आकर हम लोगों ने अनवरत दिन-रात एक कर इस निर्माण कार्य को पूरा किया है, जिसको लेकर आज भारत ही नहीं संपूर्ण विश्व में खुशी का माहौल है। शोभायात्रा में विनोद सिंह, राम प्रताप सिंह, अंजलि, निधि, विनोद मेहता, विनोद सिंह, संतोष बोरे, प्रफुल्ल पटनायक, संतोष राउत, गौरव, अजय सिंह तरुण सोलंकी व अन्य इंजीनियर शामिल रहे।

Sun, 21 Jan 2024 07:23 AM

Ayodhya Ram Mandir Live: अयोध्या पहुंची मेनका गांधी ने जगत गुरु रामभद्राचार्य का लिया आशीर्वाद

Ayodhya Ram Mandir Live: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले सुल्तानपुर की सांसद मेनका गांधी शनिवार को अयोध्या पहुंची। वह जगतगुरु रामभद्राचार्य के कथा स्थल पर पहुंचकर कथा का श्रवण किया और उनसे मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा सुनने के बाद वह हनुमानगढ़ी पहुंची और हनुमान जी महाराज का दर्शन किया। हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद रामलला मंदिर परिसर में भी गई और वहां पर हो रहे कार्य आदि को देखने के बाद वापस लौट गई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *