[ad_1]
नई दिल्ली. देव आनंद हिंदी सिनेमा का वो नाम हैं जिसे दर्शक चाहकर भी भूल नहीं सकते हैं. बॉलीवुड के सदाबहार एक्टर के तौर पर मशहूर देव आनंद ने अपनी दिल जीत लेने वाली मुस्कान से लाखों दिलों पर राज किया था. देव आनंद ने जब फिल्मी पर्दे का रुख किया तो उनकी जिंदगी में मल्लिका-ए- हुस्न कही जाने वाली एक्ट्रेस सुरैया ने दस्तक दी. इन दोनों की लव स्टोरी के बारे में बहुत कुछ कहा और लिखा जा चुका है. इसलिए आज हम आपको सदाबहार एक्टर देव आनंद की निजी जिंदगी के उन पहलुओं से वाकिफ कराने जा रहे हैं जिसके बारे में आप शायद ही जानते होंगे.
देव आनंद उर्फ धर्म देव किशोरीमल आनंद ने अपना नाम बदल फिल्मी दुनिया में कदम रखा था. उन्होंने अपने नाम से धर्म शब्द को हटा दिया था क्योंकि वह अपने आपको किसी धर्म और जाति की बेड़ियों में बंधा हुआ महसूस नहीं करना चाहते थे. देव आनंद ने अपनी किताब ‘रोमांसिंग विद लाइफ’ में अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव को दुनिया के सामने बड़ी खूबसूरती से पेश किया है. ‘रोमांसिंग विद लाइफ’ में उन्होंने अपने बचपन से लेकर जिंदगी के आखिरी पढ़ाव तक के अपने सफर को कुछ यूं बयां किया है कि पढ़ने वाले को भी जिंदगी से प्यार हो जाएगा.
12 साल की उम्र में छूटा मां का साथ
पर्दे पर हमेशा हंसते-खिलखिलाते और मुस्कुराते रहने वाले देव आनंद का बचपन काफी मुश्किलों भरा रहा था. उन्हें बचपन में ही अपने दिल-ए-अजीज को खोने का दुख और दर्द झेलना पड़ा था. देव आनंद महज 12-13 साल के थे जब उनकी मां का साथ छूट गया था. मां के गुजर जाने के बाद पिता संग उनके रिश्ते में तनाव बढ़ता गया और ये दोनों एक-दूसरे से और भी दूर होते चले गए.
पहली बार में किया इम्प्रेस
कहा जाता है कि देव आनंद जेब में महज 35 रुपये और आंखों में फिल्मों की दुनिया में कुछ कर दिखाने का सपना और दिल में जज्बा लिए आए थे. हर एक्टर की तरह ही मुंबई में उनके शुरुआती दिन बिल्कुल भी आसान नहीं थे, लेकिन डायरेक्टर पीएल संतोषी ने फिल्मों को लेकर उनके जुनून को देखते हुए उन्हें पर्दे पर आने का पहला मौका दिया. पहले ही मौके का सदुपयोग करते हुए उन्होंने अपने अभिनय कौशल से सबको इम्प्रेस कर डाला था.
धीरे-धीरे देव आनंद फिल्मी दुनिया में कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ते चले गए और उन्होंने अपने हुनर से दर्शकों पर कुछ ऐसा असर छोड़ा कि आज भी उनकी गिनती हिंदी सिनेमा के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में होती है.
.
Tags: Dev Anand, Entertainment, Entertainment Special
FIRST PUBLISHED : October 3, 2023, 18:18 IST
[ad_2]
Source link