19th Asian Games 2023 Live Updates Day 13 India vs Bangladesh LIVE Score Cricket match India Schedule and Medials Tally 6th OCT Online in Hindi – Asian Games Live Day 13

19th Asian Games 2023 Live Updates Day 13: 19वें एशियन गेम्स के 13वें दिन भारत की झोली में अभी तक दो मेडल आए हैं। वुमेंस रिकर्व तीरंदाजी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। अंकिता भकत, भजन कौर और सिमरनजीत कौर ने वियतनाम के खिलाफ 6-2 से जीत दर्ज कर मेडल अपने नाम किया। वहीं बैडमिंटन सिंगल्स में प्रणॉय एचएस को सेमीफाइनल में हारकर ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा। इसी के साथ भारत के खाते में अब 21 गोल्ड, 32 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज मेडल समेत कुल 88 पदक हो गए हैं। इसके अलावा वुमेंस कबड्डी टीम और मेंस क्रिकेट टीम ने फाइनल में जगह बनाकर कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है। रेस्लिंग में भी भारतीय पहलवानों द्वारा शानदार प्रदर्शन जारी है। 

India Asian Games Medals Tally LIVE-

कुल मेडल: 89| गोल्ड- 21, सिल्वर-32, ब्रॉन्ज 36

ब्रॉन्ज- वुमेंस रिकर्व तीरंदाजी (अंकिता भकत, भजन कौर और सिमरनजीत कौर)

ब्रॉन्ज- मेंस सिंगल्स बैडमिंटन (प्रणॉय एचएस)

ब्रॉन्ज- सेपक टकरा 

Asian Games Live Day 13 in Hindi

2:05 PM Asian Games Live Day 13- इंडिया मेंस रिकर्व टीम का गोल्ड मेडल मैच साउथ कोरिया से दो सेट के बाद 3-1 से पिछड़ते हुए। क्या भारत यहां से कमाल कर पाएगा या सिल्वर मेडल से संतोष करना होगा।

1:57 PM Asian Games Live Day 13- इंडिया मेंस रिकर्व टीम का गोल्ड मेडल मैच साउथ कोरिया से जारी है। क्या सोने के तमगे पर निशाना लगा पाएंगे अतनु दास, धीरज बोम्मदेवरा और तुषार शेल्के।

1:52 PM Asian Games Live Day 13- वुमेंस सेपक टकरा वुमेंस रेगु सेमीफाइनल में भारत को थाईलैंड से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ भारत ने इस गेम में एतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

1:37 PM Asian Games Live Day 13- भारतीय कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 61-14 से रौंदते हुए फाइनल में जगह बनाई। इसी के साथ भारत का कम से कम सिल्वर मेडल कन्फर्म हो गया है। 

1:31 PM Asian Games Live Day 13- इंडिया मेंस रिकर्व टीम ने बांग्लादेश को सेमीफाइनल में 5-2 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। अतनु दास, धीरज बोम्मदेवरा और तुषार शेल्के की इस जीत के साथ भारत का तीरंदाजी में एक और सिल्वर मेडल कन्फर्म हो गया है।

1:26 PM Asian Games Live Day 13- इंडिया मेंस रिकर्व टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश पर 4-2 की बढ़त बना ली है। भारत जीत के बेहद करीब है।

1:20 PM Asian Games Live Day 13- दूसरे हाफ में भारत मेंस कबड्डी टीम ने अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया है। फिलहाल भारत 42-8 से लीड कर रहा है। पाकिस्तान बुरी तरह सेमीफाइनल में पिछड़ रहा है।

1:13 PM Asian Games Live Day 13- इंडिया मेंस रिकर्व टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार शुरुआत की। अतनु दास, धीरज बोम्मदेवरा और तुषार शेल्के ने पहला सेट 58-51 से जीतकर 2-0 बढ़त बना ली है।

1:06 PM Asian Games Live Day 13- कबड्डी सेमीफाइनल में भारत ने पहले हाफ के बाद पाकिस्तान पर 30-5 की बड़ी बढ़त बना रही है। भारत की स्थिति काफी मजबूत है।

12:35 PM Asian Games Live Day 13- इंडिया वर्सेस पाकिस्तान कबड्डी सेमीफाइनल शुरू हो चुका है। देखें भारत की लाइन अप-

भारत: नितेश कुमार, परवेश, सुरजीत, विशाल भारद्वाज, नवीन कुमार, पवन कुमार सहरावत (कप्तान), असलम मुस्तफा इनामदार

पाकिस्तान: मुदस्सर अली, आदिल हुसैन, अखलाक अहमद, मुजम्मिल जफर, उमैर खान, वकार अली, इकबाल मजहर, मुहम्मद इमरान (कप्तान)

12:25 PM Asian Games Live Day 13- मेंस रिकर्व तीरंदाजी टीम सेमीफाइनल में पहुंची। मंगोलिया को उन्होंने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में 5-4 से हराया।

12:11 PM Asian Games Live Day 13- बैडमिंटन के मेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में प्रणाय को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। पहला सेट 16-21 से हारने के बाद दूसरा सेट उन्होंने 9-21 से गंवाया। चीन के ली शिफेंग ने इसी के साथ फाइनल में जगह बनाई वहीं प्रणॉय को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

11:47 AM Asian Games Live Day 13- 16-21 से पहला सेट हारे प्रणॉय। 11-10 की बढ़त के बावजूद पहले सेट के दूसरे हाफ में भारतीय शटलर का निराशाजनक प्रदर्शन रहा। दूसरे सेट में प्रणॉय से बेहतर वापसी की उम्मीद रहेगी।

11:35 AM Asian Games Live Day 13- बैडमिंटन के मेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में एचएस प्रणय का मुकाबला चीन के ली शिफेंग से जारी है। पहले सेट में भारतीय शटलर ने 11-10 की बढ़त बनाई हुई है।

10:52 AM Asian Games Live Day 13- बजरंग पुनिया मेंस फ्रीस्टाइल 65 किग्रा सेमीफाइनल मुकाबले में ईरान के अमौजादखाली रहमान से 8-1 से हारे। अभी तक कोई भी भारतीय पहलवान फाइनल में जगह नहीं बना पाया है। अमन और सोनम की तरह बजरंग भी अब ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेंगे।

10:36 AM Asian Games Live Day 13- सोनम अपना वुमेंस फ्रीस्टाइल 62 किग्रा मुकाबला साउथ कोरिया की ह्योंगयोंग मुन से 0-7 से हारकर हार गईं। वह रेपेचेज विजेता के खिलाफ ब्रॉन्ज मेडल मैच में उतरेंगी।

10:28 AM Asian Games Live Day 13- मेंस फ़्रीस्टाइल 57 किग्रा सेमीफ़ाइनल बाउट में हारे भारतीय पहलवान अमन। वह अब ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए मैट पर उतरेंगे। जापान के तोशीहिरो हसेगावा के खिलाफ हुए कड़े मुकाबले में उन्हें 10-12 से करीबी हार मिली।

10:05 AM Asian Games Live Day 13- भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया ने मेंस 65 किग्रा क्वार्टर फाइनल में बहरीन के अलीबेग अलीबेघोव को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

9:50 AM Asian Games Live Day 13- भारत ने वुमेंस वॉलिबॉल के 9वीं-12वीं क्लासिफिकेशन मैच में मंगोलिया के खिलाफ 25-16 25-20 25-17 से जीत दर्ज की और 9वीं-10वीं क्लासिफिकेशन मैच में उसका सामना हांगकांग से होगा।

9:37 AM Asian Games Live Day 13- राधिका वुमेंस फ्रीस्टाइल 68 किग्रा के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मंगोलिया की डेलगेरमा एनखसाईखान से 5-10 से हारीं।

9:31 AM Asian Games Live Day 13- अमन ने मेंस फ्रीस्टाइल 57 किग्रा क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ईरान के इब्राहिम खारी के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 19-8 से जीत दर्ज की।

9:12 AM Asian Games Live Day 13- भारतीय मेंस क्रिकेट टीम ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से रौंदकर फाइनल में प्रवेश किया। इसी के साथ पुरुष टीम ने कम से कम सिल्वर मेडल कन्फर्म कर लिया है। भारत का गोल्ड मेडल मैच कल यानी 7 अक्टूबर को पाकिस्तान वर्सेस अफगानिस्तान दूसरा सेमीफाइनल जीतने वाली टीम से होगा।

9:08 AM Asian Games Live Day 13-  भारत ने वुमेंस रिकर्व तीरंदाजी इवेंट में वियतनाम को 6-2 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता है।

8:52 AM Asian Games Live Day 13- बजरंग पुनिया मेंस फ्रीस्टाइल 65 किग्रा क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फिलीपींस के रोनिल टुबोग को तकनीकी श्रेष्ठता के साथ 10-0 से हराया।

8:38 AM Asian Games Live Day 13- सोनम ने तकनीकी श्रेष्ठता से हासिल की जीत। उन्होंने वुमेंस फ्रीस्टाइल 62 किग्रा क्वार्टर फाइनल बाउट में कंबोडिया की नोएर्न सोएर्न को 10-0 से हराया।

8:27 AM Asian Games Live Day 13- महिला रिकर्व सेमीफाइनल में भारत को साउथ कोरिया के खिलाफ 2-6 से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ भारत की गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। भारतीय वुमेंस टीम अब ब्रॉन्ज मेडल मैच में वियतनाम या चीन से भिड़ेगी।

8:20 AM Asian Games Live Day 13- सोनम ने वुमेंस फ्रीस्टाइल 62 किग्रा में नेपाल की सुशीला चंद को 10-0 से हराया और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

8:07 AM Asian Games Live Day 13- अमन ने साउथ कोरिया के किम सुंगवोन को 6-1 से हराकर पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है।

8:02 AM Asian Games Live Day 13- वुमेंस रिकर्व तीरंदाजी के सेमीफाइनल में भारत का सामना साउथ कोरिया से है। अंकिता भकत, भजन कौर और सिमरनजीत कौर की नजरें इस मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन कर फाइनल का टिकट हासिल करने पर होगी।

7:55 AM Asian Games Live Day 13- भारत ने नेपाल को 61-17 से हराकर वुमेंस कबड्डी के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसी के साथ महिला टीम ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया। यह भारतीय महिला कबड्डी टीम द्वारा एशियन गेम्स में हासिल किया गया सर्वोच्च स्कोर है। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दक्षिण कोरिया के खिलाफ 56 अंक था। खिताबी जंग में भारत का सामना ईरान या चीनी ताइपे से होगा जिनके बीच दूसरा सेमीफाइनल मैच है।

7:29 AM Asian Games Live Day 13- बांग्लादेश पर भारत ने कसा शिकंजा, 10 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 40 रन है।

6:58 AM Asian Games Live Day 13- वुमेंस कबड्डी के सेमीफाइनल में भारत का सामना नेपाल से। देखें लाइनअप-

भारत: साक्षी कुमारी, पुष्पा, निधि शर्मा, प्रियंका, रितु नेगी, पूजा हथवाला, ज्योति

नेपाल: मानमती बिस्ट, मेनुका कुमारी राजबंशी, जयंती बडू, सुनीता थापा, रबीना चौधरी, अनुजा कुलुंग राय, गंगा घिमिरे

6:58 AM Asian Games Live Day 13- भारत ने जापान को तीरंदाजी के रिकर्व वुमेंस क्वार्टरफाइनल में 6-2 से हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। भारत ने अंतिम सेट 54-51 से जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

6:45 AM Asian Games Live Day 13- भारतीय तीरंदाजों का शानदार प्रदर्शन। उन्होंने दो अंकों की बढ़त (56-54) के साथ दूसरा सेट अपने नाम कर लिया है। महिला रिकर्व तीरंदाजी क्वार्टर फाइनल में भारत  जापान से 4-0 से आगे चल रहा है।

6:28 AM Asian Games Live Day 13- इंडिया वर्सेस बांग्लादेश क्रिकेट मैच का टॉस हो चुका है और भारतीय कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है।

6:16 AM Asian Games Live Day 13- इंडिया वर्सेस बांग्लादेश क्रिकेट मैच के टॉस में देरी हो रही है। बताया जा रहा है कि आज सुबह वहां बारिश हुई थी जिस वजह से मैदान थोड़ा गीला है। हालांकि अब कवर्स हट चुके हैं और कुछ ही देर में टॉस हो सकता है।

6:12 AM Asian Games Live Day 13- एशियन गेम्स 2023 को लाइव कहां देखें? आप टीवी पर भारतीय इवेंट्स का लुत्फ सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क चैनल- सोनी स्पोर्ट्स टेन 1, सोनी स्पोर्ट्स टेन 2, सोनी स्पोर्ट्स टेन 3, सोनी स्पोर्ट्स टेन 4, और सोनी स्पोर्ट्स टेन 5- पर उठा सकते हैं। वहीं ऑनलाइन इन इवेंट्स को देखने के लिए आपको SonyLIV ऐप डाउनलोड करना होगा।

6:07 AM Asian Games Live Day 13- एशियन गेम्स 2023 में भारत अब तक का अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 21 गोल्ड, 32 सिल्वर और 33 ब्रॉन्ज सहित कुल 86 मेडल जीत चुका है। ऑलओवर टैली में भारत चौथे पायदान पर है।

5:55 AM Asian Games Live Day 13- इंडिया वर्सेस बांग्लादेश क्रिकेट मैच का टॉस कुछ ही देर में होने वाला है। इस मैच को जीतकर ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली टीम इंडिया की नजरें गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाने पर होगी।

5:40 AM Asian Games Live Day 13- एशियन गेम्स के 13वें दिन का आगाज भारत तीरंदाजी से करेगा, वहीं क्रिकेट में पुरुष टीम का सामना बांग्लादेश से सेमीफाइनल में होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *