Parliament Special Session Women Reservation Bill LIVE Updates: लोकसभा ने ऐतिहासिक महिला आरक्षण विधेयक को बुधवार को पारित करने के बाद आज इसे राज्यसभा में पेश किया गया। कल लोकसभा में विधेयक के पक्ष में 454 और विरोध में दो मत पड़े। विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। यह आरक्षण अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर भी लागू होगा। संसद के दोनों सदनों से पारित होने के बाद इस कानून को लागू कर दिया जाएगा, लेकिन प्रभावी होने के लिए जनगणना एवं उसके बाद परिसीमन तक इंतजार करना होगा। ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ के लोकसभा में पारित होने के बाद अब सबकी नजरें राज्यसभा पर लगी हैं। केंद्र सरकार को उम्मीद है कि राज्यसभा में भी सभी दलों के सहयोग से इसे पारित करा लिया जाएगा। संसद सत्र के सभी बड़े अपडेट्स के लिए हमारे साथ बने रहें…
राज्यसभा में भी पास हो जाएगा महिला आरक्षण बिल: जेपी नड्डा
राज्यसभा में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, ”कल लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास हुआ और मुझे आशा ही नहीं बल्कि विश्वास है कि आज यहां पर भी ये बिल किसी भी बाधा के बगैर सर्वसम्मति से पास हो जाएगा। मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं क्योंकि जो आरक्षण का विषय काफी लंबे समय से चल रहा था उन्होंने उसको निर्णायक मोड़ पर लाने का प्रयास किया है।”
OBC कोटा को लेकर सवाल जो उठा है वह गलत और निराधार नहीं है: अनुप्रिया
महिला आरक्षण बिल पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा, “मुझे लगता है कि कल का दिन एतिहासिक रहा और सभी दलों ने इस बिल को सर्वसम्मति से पारित किया है। आज राज्यसभा में भी सार्थक बहस होगी और बिल पास होगा और कानून का रूप लेगा। OBC कोटा को लेकर सवाल जो उठा है वह गलत, निराधार नहीं है, बल्कि सही है। जब हम महिलाओं के प्रतिनिधित्व की बात करते हैं तो यह बड़ा विषय है। इसमें कुछ गलत नहीं है।”
चंद्रयान की सफलता पर पूरे राष्ट्र को अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है: राजनाथ सिंह
लोकसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ”चंद्रयान-3 की सफलता हमारे लिए निश्चित रूप से एक बहुत बड़ी उपलब्धि है क्योंकि एक तरफ दुनिया के अधिकांश विकसित देश हैं, जो हमसे कहीं अधिक संसाधन-संपन्न होते हुए भी चांद पर पहुंचने के लिए अब भी प्रयासरत हैं, तो वहीं दूसरी तरफ हम बेहद सीमित संसाधनों से चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाले दुनिया के पहले देश बन गए हैं। मैं सबसे पहले ISRO के वैज्ञानिक और व्यापक भारतीय वैज्ञानिक समुदाय को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।आज केवल मुझे ही नहीं, सरकार को ही नहीं, इस सदन को ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र को अपने इन वैज्ञानिकों पर गर्व है।”
Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल पर बोलीं पीटी उठा- यह महिलाओं के लिए असल अमृतकाल
महिला आरक्षण बिल पर राज्यसभा सांसद पी. टी. उषा ने कहा, ”यह महिलाओं के लिए असल में ‘अमृतकाल’ है और हमें सम्मानित महसूस हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि यह राज्यसभा से भी पारित होगा।”
महिला आरक्षण बिल के लिए जेपी नड्डा ने जताया पीएम मोदी का आभार
महिला आरक्षण बिल पर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जेपी नड्डा ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने गणेश चतुर्थी का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि यह बिल बिना किसी विरोध के राज्यसभा से भी पास होगा। उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा ‘नारी शक्ति वंदन’ विधेयक हमारी पार्टी का महिलाओं को लेकर जो दृष्टिकोण है उसे स्पष्ट करता है।
एनसीपी ने महिला आरक्षण बिल के तरीके पर उठाया सवाल, लेकिन RS में भी समर्थन का ऐलान
एनसीपी (शरद पवार गुट) वंदना चव्हाण ने कहा, “हम खुश हैं कि महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पारित हुआ है लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह कुछ शर्तों के साथ आ रहा है। यह कहता है कि यह जनगणना और परिसीमन के बाद आएगा… अगर हमें सच में महिलाओं को आरक्षण देना है और निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल करना है तो वह अभी भी हो सकता है। किसी को नहीं पता कि जनगणना कब होगी और परिसीमन की प्रक्रिया भी 2-3 साल लेगी… लेकिन हम इसके लिए बिल का विरोध नहीं करेंगे। यह एक तरह से ‘जुमला’ है।”
परिसीमन से कुछ लेना-देना नहीं, महिला आरक्षण बिल पर बोलीं कांग्रेस सांसद
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस सांसद जोतिमानी ने कहा, “लोकसभा में यह पारित हुआ है जो एक खुशी की बात है लेकिन यह तत्काल लागू नहीं होगा उसका हमें दुख है। लोग कह रहे हैं कि यह अगले 10 सालों में लागू होगा जो दुखद है। यह अनावश्यक है क्योंकि इसका परिसीमन से कुछ लेना-देना नहीं है। इसके लिए सरकार को सटीक जानकारी की जरूरी नहीं है क्योंकि मतदाता सुची में आप देखकर पता लगा सकते हैं कि 50% महिला मतदाता ही होती हैं। सरकार इस बिल को लागू नहीं करना चाहती वे बस इसको एक राजनीति हथकंडे की तरह इस्तेमाल करना चाहती है।”
Women Reservation Bill: कांग्रेस की तरफ लोकसभा में पक्ष रख रही हैं रंजीत रंजन
Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल पर राज्यसभा में बहस जारी है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे आज राज्यसभा में पेश किया। कांग्रेस की तरफ से बहस की शुरुआत सांसद रंजीत रंजन ने की। उन्होंने इस दौरान मणिपुर घटना का जिक्र किया।
महिला आरक्षण बिल पर क्या बोले पीएम मोदी
राज्यसभा में बिल पेश होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ”कल भारत की संसदीय यात्रा का स्वर्णिम पल था। इस सदन के सभी सदस्य उस स्वर्णिम पल के हकदार हैं…कल का निर्णय और आज जब हम राज्यसभा (बिल पारित होने) के बाद आखिरी पड़ाव पार कर लेंगे, तो देश की मातृशक्ति का जो मिजाज बदलेगा और जो विश्वास पैदा होगा वो देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली अकल्पनीय शक्ति बनकर उभरेगा। ये मैं अनुभव करता हूं।”
Women Reservation Bill: राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पेश कर रहे हैं कानून मंत्री
केंद्रीय कानून मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल आज महिला आरक्षण बिल को राज्यभा में पेश कर रहे हैं। आज इस विषय पर चर्चा होनी है। कई दलों ने इसके लिए अपने सभी सांसदों के लिए व्हीप जारी किया है।
Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल के लोकसभा से पास होने पर PM मोदी ने जताया सांसदों का आभार
Women Reservation Bill: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा से महिला आरक्षण बिल के पास होने पर लोकसभा के सभी सांसदों का आभार जताया। उन्होंने लोकसभा में बोलते हुए कहा कि संसदीय यात्रा का काल स्वर्णिम दिन था।
Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल का विरोध करने पर शिवसेना ने ओवैसी को घेरा
Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुवेर्दी ने कहा, ”खुशी की बात है कि इसे एआईएमआईएम को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों का सर्वसम्मति से समर्थन मिला है। वे अधिकारों की बात करते हैं लेकिन जब अधिकारों की बात आती है, तो वे इसके खिलाफ मतदान करते हैं। खुशी इस बात की है कि सभी ने इसके लिए मतदान किया। यह एक ऐतिहासिक क्षण है। मैं इस बात से बहुत खुश नहीं हूं कि इसे 2024 के चुनावों से नहीं, बल्कि किसी भविष्य की तारीख से लागू किया जाएगा। लेकिन मैं कहूंगी कि ‘श्री गणेश’ हो गया है।”
Women Reservation Bill: बीजेडी ने जारी किया व्हिप, महिला आरक्षण बिल पर आज राज्यसभा में चर्चा
Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल को आज राज्यसभा में पेश जिया जाएगा। नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (BJD) ने अपने राज्यसभा सांसदों को व्हिप जारी किया है। आज राज्यसभा में बीजेडी की पांच सांसद राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पर बोलेंगी।
Women Reservation Bill: 24 के लोकसभा चुनाव में लागू किया जाए महिला आरक्षण
Women Reservation Bill: छत्तीसगढ़ के सीएम भुपेश बघेल ने रायपुर में कहा, ”जो महिला आरक्षण बिल लाया गया है उसका कांग्रेस ने समर्थन किया है लेकिन इसे जनगणना और परिसीमन होने के बाद लागू किया जाएगा। इसमें वर्षों लग जाएंगे जबकि सोनिया गांधी ने स्पष्ट कहा कि इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। लेकिन हमें ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा। इसे 2024 के चुनाव में लागू किया जाना चाहिए।”
आइए खुशियां मनाएं… महिला आरक्षण बिल पर बोले रविशंकर प्रसाद
भाजपा के सांसद रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बाद कहा,‘आइए खुशी मनाएं’। प्रसाद ने कहा,‘यह एक ऐतिहासिक क्षण है। इससे पता चलता है कि भारत लोकतंत्र के माध्यम से कैसे बदलाव की राह पर है।’ जब किसी सरकार की मंशा और नीतियां स्पष्ट होती हैं और हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा मजबूत नेता होता है, तो जो चीजें लंबे समय से अधर में लटकी हुई थीं, उनका समाधान हो जाता है। यह अच्छा है कि सभी ने हमारे कदम में हमारा समर्थन किया।’ उन्होंने कहा,‘यह देश में एक बड़े बदलाव का दिन है। आइए खुशियां मनाएं।’
Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल के लिए राष्ट्र सेविका समिति ने केंद्र सरकार की सराहना की
राष्ट्र सेविका समिति ने नारी शक्ति वंदन विधेयक के लोकसभा में पारित होने पर मोदी सरकार की सराहना की और इसे ऐतिहासिक बताया। आरएसएस की महिला शाखा ने कहा कि यह देश के लिए गर्व का क्षण है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई। उन्होंने कहा कि आरक्षण हर मुद्दे का समाधान नहीं है, फिर भी सशक्तिकरण के लिए कुछ समय के लिए इसकी जरूरत है।
Women Reservation Bill: राज्यसभा में विपक्ष बना सकता है संसोधन का दबाव
Women Reservation Bill: विपक्ष नारी शक्ति वंदन विधेयक संशोधन का दबाव भी डाल सकता है। लेकिन सरकार मौजूदा स्वरूप में ही विधेयक को पारित कराना चाहती है। इसलिए इन मुद्दों को दरकिनार करके ही सरकार इसे पारित कराने की कोशिश करेगी। सरकार को लगता है कि राजनीतिक नुकसान के डर से विपक्ष विधेयक की राह में रोड़े नहीं अटकाएगा। बता दें कि राज्यसभा में इंडिया के खेमे में 96 सांसद हैं। 28 सांसद बीजद, वाईएसआर तथा अन्य छोटे तटस्थ दलों में हैं। जबकि तीन निर्दलीय हैं जिनका रुख स्पष्ट नहीं है।
महिला आरक्षण बिल के पास होने पर मैं खुश: प्रधानमंत्री मोदी
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के पास होने पर मैं खुश हूं। नारी शक्ति वंदन विधेयक से भविष्य की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। बिल का समर्थन करने वाले सभी सांसद सदस्यों का धन्यवाद।
Women Reservation Bill: राज्यसभा में भी उठेंगे कई मुद्दे
Women Reservation Bill: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पूर्व ही राज्यसभा में इस विधेयक को पारित करने के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठने की अपील की थी और कहा था कि पूर्व में ऐसे मौकों पर सदन ने ऐसा किया भी है जिससे सदन की गरिमा बढ़ी है। जिस प्रकार लोकसभा में विधेयक के खिलाफ सिर्फ दो मत पड़े हैं, उससे सरकार राज्यसभा में विधेयक को सभी का समर्थन मिलने को लेकर आश्वस्त है। हालांकि लोकसभा में ज्यादातर दलों ने इसमें ओबीसी आरक्षण जोड़ने, जल्दी लागू करने और जातीय जनगणना किए जाने जैसे मुद्दे उठाए हैं। ये मुद्दे राज्यसभा में भी उठेंगे।
Women Reservation Bill: 2029 के आम चुनावों से पहले लागू होने की संभावना
नारी शक्ति वंदन विधेयक के कानून बन जाने के बाद 543 सदस्यों वाली लोकसभा में महिला सदस्यों की संख्या मौजूदा 82 से बढ़कर 181 हो जाएगी। राज्य विधानसभाओं में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित हो जाएंगी। विधेयक में फिलहाल 15 साल के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया है और संसद को इसे बढ़ाने का अधिकार होगा। दोनों सदनों की मंजूरी के बाद यह कानून का रूप लेगा। इसके बाद महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में आरक्षण सुनिश्चित करेगा। हालांकि, इस पर प्रभावी अमल के लिए कुछ इंतजार करना होगा। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद जनगणना होगी और उसके आधार पर परिसीमन आयोग आरक्षण के लिए सीटों का निर्धारण करेगा। इसके 2029 के लोकसभा चुनावों के पहले लागू हो जाने की संभावना है।
Women Reservation Bill: सिर्फ ओवैसी की पार्टी ने किया बिल का विरोध
Women Reservation Bill: लोकसभा ने बुधवार देर रात 128वें संविधान संशोधन के रूप में नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक-2023 को पारित कर दिया। भाजपा, कांग्रेस समेत अधिकांश दलों ने विधेयक का समर्थन किया। विरोध केवल एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने किया। इसके दो सांसद हैं। विधेयक पर लोकसभा में करीब आठ घंटे की चर्चा चली। कुल 60 सदस्यों ने इस विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लिया। इनमें 27 महिला सदस्य शामिल हैं। इसके बाद सदन के दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता से ज्यादा के समर्थन से इसे पारित कर दिया गया।