माफिया डॉन मुख्तार अंसारी का शव रात एक बजकर दस मिनट पर गाजीपुर स्थित घर पहुंच गया। कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्तार अंसारी का काफिला प्रयागराज के रास्ते भदोही और वहां से वाराणसी होते हुए चौबेपुर से गाजीपुर में पौने बारह बजे प्रवेश किया। शव पहुंचने से पहले घर के आसपास का इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गाजीपुर के एसपी ओमवीर सिंह ने कहा है कि मुख्तार को शनिवार को सुबह की नमाज के बाद गाजीपुर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इससे पहले बांदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद पौने पांच बजे शव के साथ काफिला रवाना हुआ था। कागजी औपचारिकता पूरी करने के बाद लगभग 4.30 बजे परिवार को शव सौंपा गया। मुख्तार के शव के साथ 26 वाहनों का काफिला भी गाजीपुर आया।
मुख्तार की गुरुवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई थी जबकि परिवार वाले धीमा जहर देकर मारने का आरोप लगा रहे हैं। इससे पहले मुख्तार के शव का पोस्टमार्टम काफी इंतजार के बाद दोपहर 2 बजे शुरू हुआ था।डॉक्टरों ने कैमरे के सामने शव का पोस्टमार्टम किया।मुख्तार अंसारी ने खुद पिछले हफ्ते 21 मार्च को बाराबंकी की अदालत में जज से कहा था कि उन्हें जेल में जहर दिया जा रहा है और उनकी मौत कभी भी हो सकती है। मुख्तार की मौत के बाद मऊ, गाजीपुर और बांदा में चौकसी बढ़ा दी गई है और पूरे राज्य में पुलिस को अलर्ट रहने कहा गया है।
जेल में बंद मुख्तार के दूसरे बेटे अब्बास अंसारी की पैरोल की अर्जी हाईकोर्ट ने सुनने से मना कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट में भी अपील नहीं सुनी गई है। ऐसे में अब्बास जनाजे में नहीं पहुंच सकता है। मुख्तार की पत्नी अफशां अंसारी भी फरार हैं। सबकी नजर इस बात पर होगी कि अफशां जनाजा निकलने से पहले मुख्तार को आखिरी बार देख पाएगी या नहीं।
गाजीपुर में अपने घर पहुंचा मुख्तार अंसारी का शव
मुख्तार अंसारी का शव शनिवार की आधी रात के बाद 1.12 पर गाजीपुर स्थित अपने घर पहुंच गया। इस दौरान पहले से गाजीपुर के डीएम-एसपी के साथ ही भारी पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। बांदा से गाजीपुर की 400 किलोमीटर की दूरी काफिले ने करीब नौ घंटे में बिना कहीं रुके पूरी की। रात करीब पौने 12 बजे वाराणसी से गाजीपुर की सीमा में काफिला प्रवेश करते ही मुख्तार के घर पर हलचल बढ़ गई। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील करने के साथ ही लोगों को हटाना शुरू करा दिया गया।
मुख्तार अंसारी के घर के पास हलचल बढ़ी, डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा
मुख्तार अंसारी का शव गाजीपुर सीमा में पहुंचते ही उसके युसुफपुर दर्जी टोला स्थित घर पर हलचल बढ़ गई है। पहले से मौजूद भीड़ को अपने अपने घरों को लौट जाने की अपील की जा रही है। खुद डीएम और एसपी ने मोर्चा संभाल लिया है। लोगों से कहा जा रहा है कि परिवार को संवेदना जता दी गई है तो अपने अपने घरों को अब लौट जाएं। काफी लोग लौट भी गए हैं। मुख्तार के घर के पास अब केवल पुलिस फोर्स और मीडिया के लोग ही दिखाई दे रहा हैं।
गाजीपुर की सीमा में पहुंचा मुख्तार अंसारी का शव
मुख्तार अंसारी का शव लेकर बेटा उमर अंसारी और बहू निखत बांदा से गाजीपुर की सीमा में पहुंच गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्तार अंसारी का काफिला प्रयागराज के रास्ते भदोही और वहां से वाराणसी होते हुए चौबेपुर से गाजीपुर में प्रवेश कर चुका है। कुछ देर में मुख्तार अंसारी के युसुफपुर दर्जी टोला में स्थित घर शव पहुंचेगा। शव पहुंचने से पहले घर के आसपास का इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गाजीपुर के एसपी ओमवीर सिंह ने कहा है कि मुख्तार को शनिवार को सुबह की नमाज के बाद गाजीपुर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इससे पहले बांदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद पौने पांच बजे शव के साथ काफिला रवाना हुआ था। कागजी औपचारिकता पूरी करने के बाद लगभग 4.30 बजे परिवार को शव सौंपा गया। मुख्तार के शव के साथ 26 वाहनों का काफिला चल रहा है। इसमें 2 वज्र वाहन भी हैं।
मुख्तार का काफिला पहुंचने से पहले वाराणसी-भदोही बॉर्डर पर पीएसी तैनात
प्रयागराज के रास्ते भदोही जिले में मुख्तार अंसारी का का काफिला प्रवेश कर चुका है। एंबुलेंस मुख्तार के शव को लेकर गाजीपुर की तरफ तेजी से बढ़ रही है। कुछ देर बाद मुख्तार के शव के साथ काफी वाराणसी जिले में प्रवेश कर जाएगा। सुरक्षा को देखते हुए वाराणसी-भदोही बॉर्डर स्थित मिर्जामुराद गुड़िया बॉर्डर पर पीएसी को तैनात कर दिया गया है। एसीपी राजातालाब, एसओ मिर्जामुराद भी मुख्तार के शव का आने का इंतजार कर रहे हैं।
भदोही जिले में पहुंचा मुख्तार का काफिला
चित्रकूट-प्रयागराज के रास्ते मुख्तार अंसारी का काफिला भदोही जिले में प्रवेश कर चुका है। प्रयागराज से ऊंज होते हुए जीडी रोड पर आगे बढ़ रहा है 26 वाहनों का मुख्तार का काफिला रात करीब 10 बजे के आसपास में भदोही जिले में घुसा। माना जा रहा है कि यहां से एक घंटे में मुख्तार का काफिला वाराणसी की सीमा में प्रवेश कर जाएगा। रात 12 बजे के आसपास गाजीपुर पहुंचने की संभावना है। रात हो जाने के कारण मुख्तार को कल सुबह नमाज के बाद सुपुर्दे-खाक किया जाएगा।
प्रयागराज पहुंचा मुख्तार अंसारी का शव
बांदा से निकलकर चित्रकूट और कौशांबी के रास्ते मुख्तार अंसारी के शव का काफिला प्रयागराज पहुंचा चुका है। 26 वाहनों के साथ चल रहा मुख्तार का काफिला देर रात तक गाजीपुर पहुंचा है। कल सुबह नमाज के बाद मुख्तार अंसारी को सुपुर्दे-खाक कर दिया जाएगा।
राजापुर के रास्ते रवाना हुआ मुख्तार का काफिला
माफिया मुख्तार अंसारी के पोस्टमार्टम के बाद उनका शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजन मुख्तार के शव को एंबुलेंस से लेकर गाजीपुर के लिए शुक्रवार की शाम को ही रवाना हो गए। मुख्तार का काफिला बांदा से निकलकर चित्रकूट पहुंचा। यहां राजापुर के रास्ते मुख्तार का काफिला गाजीपुर के लिए रवाना हो गया। माना जा रहा है कि देर रात तक मुख्तार का शव गाजीपुर पहुंच सकता है। कल मुख्तार अंसारी को नमाज के बाद सुपुर्दे-खाक कर दिया जाएगा।
परिजनों को सौंपा गया मुख्तार अंसारी का शव, गाजीपुर के लिए निकला काफिला
बांदा मेडिकल कॉलेज में हुए पोस्टमार्टम के बाद माफिया मुख्तार अंसारी का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। करीब पौने पांच बजे शव को परिजनों को दिया गया। इसके बाद परिजन मुख्तार के शव को लेकर गाजीपुर के लिए निकल गए। मुख्तार के शव के काफिले में करीब 26 गाड़ियां शामिल हैं, जिसमें दो वज्र वाहन भी मौजूद हें। चित्रकूट, कौशांबी, भदौही के रास्ते ये काफिला आठ से नौ घंटे में गाजीपुर पहुंचेगा।
कल नमाज के बाद सुपुर्द-ए-खाक होगा मुख्तार अंसारी, मॉर्च्युरी में रखा शव
बांदा जेल में हार्ट अटैक से हुई माफिया मुख्तार अंसारी के शव का बांदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम हो गया है। शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। कानूनी प्रक्रिया के बाद मुख्तार के शव को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। गाजीपुर के एसपी ओमवीर सिंह ने प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान कहा है कि कल सुबह नमाज के बाद मुख्तार को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।, इसलिए शव छह सात बजे के पहले नहीं निकलेगा।
Mukhtar Ansari Death: मुख्तार अंसारी का पोस्टमार्टम खत्म, शाम 3 बजे शव के साथ गाजीपुर रवाना होंगे परिजन
Mukhtar Ansari Death: मुख्तार अंसारी का पोस्टमार्टम खत्म। तीन बजे परिजन शव लेकर गाजीपुर निकलेंगे। बांदा मेडिकल कॉलेज में मुख्तार के शव का पोस्टमार्टम पूरा हुआ। शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू। 26 वाहनों का काफिला बांदा से गाजीपुर तक शव लेकर जाएगा।
Mukhtar Ansari Death: मुख्तार अंसारी मौत मामले में डीएम ने सौंपी जांच
मुख्तार अंसारी की मौत मामले में डीएम बांदा दुर्गा शक्ति नागपाल ने जेल मैनुअल के प्रावधान के तहत एडीएम बांदा को जांच सौंपी है। मुख्तार के परिवार ने बांदा जेल में मुख्तार को जहर दिए जाने के आरोप लगाए हैं।
Mukhtar Ansari Death: बांदा से मुख्तार अंसारी को गाजीपुर ले जाने का रूट तय, भदोही-वाराणसी होते जाएगा शव
Mukhtar Ansari Death: बांदा से मुख्तार अंसारी का शव गाजीपुर ले जाने के लिए प्रशासन ने रूट प्लान तैयार कर लिया है। 400 किमी के सफर में 26 गाड़ियों का काफिला रहेगा। बांदा से कोखराज हंडिया बाईपास से भदोही और भदोही से वाराणसी होते हुए गाजीपुर जाने का रूट तैयार किया गया है। एम्बुलेंस के साथ पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी रहेंगे। परिवार के लोगों की गाड़ियां काफिले के बीच में चलेंगी। मुख्तार को आज ही गाजीपुर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
Mukhtar Ansari Death: शाम 3.30 बजे बांदा से गाजीपुर रवाना होगा मुख्तार अंसारी का शव
Mukhtar Ansari Death: बांदा में मुख्तार अंसारी का पोस्टमार्टम चल रहा है। शव का पोस्टमार्टम तीन बजे तक खत्म होगा और 3.15 बजे शव परिवार के हवाले कर दिया जाएगा। 3.30 बजे शव को मेडिकल कॉलेज से गाजीपुर के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
Mukhtar Ansari Death: प्रशासन ने नहीं मानी एम्स के डॉक्टरों से मुख्तार अंसारी के पोस्टमार्टम की मांग
Mukhtar Ansari Death: बांदा मेडिकल कॉलेज के पास मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद पोस्टमार्टम हाउस लौटते हुए उमर अंसारी ने मीडिया से कहा कि हमने पिता का एम्स के डॉक्टरों से पोस्टमार्टम कराने की गुजारिश की थी लेकिन प्रशासन ने नहीं माना।
Mukhtar Ansari Death: 26 गाड़ियों का काफिला ले कर जाएगा शव, ये होगा रूट प्लान
बांदा से मुख्तार अंसारी का शव गाजीपुर ले जाने के लिए प्रशासन ने रूट प्लान तैयार कर लिया है। 400 किमी के सफर में एंबुलेंस के साथ 26 गाड़ियों का काफिला रहेगा। जिसमें प्रशासन, पुलिस और परिवार के सदस्य रहेंगे। काफिला बांदा से कोखराज हंडिया बाईपास से भदोही और भदोही से वाराणसी होते हुए गाजीपुर जाएगा। आज ही गाजीपुर के कालीबाग मेें मुख्तार को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
Mukhtar Ansari Death: बेटे उमर अंसारी ने एम्स के डॉक्टरों से की मुख्तार के पोस्टमार्टम की मांग
Mukhtar Ansari Death: मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी ने बांदा के डीएम को एक आवेदन देकर मुख्तार के शव का पोस्टमार्टम एम्स के डॉक्टरों से कराने की मांग की है। पत्र में जहर देकर मारने की साजिश के आरोपों का जिक्र करते हुए उमर ने कहा है कि उसे राज्य की चिकित्सा व्यवस्था पर भरोसा नहीं है।
Mukhtar Ansari Death: बीजेपी विधायक पंकज सिंह बोले- पोस्टमार्टम होने दें, सब साफ होगा
यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष और विधायक पंकज सिंह ने कहा कि विपक्ष बातें कहता रहता है। विपक्ष को कोई गंभीरता से नहीं लेता। पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। सबकुछ साफ हो जाएगा।
Mukhtar Ansari Death: पोस्टमार्टम हाउस से एंबुलेंस के साथ निकलेगा 26 गाड़ियों का काफिला
पोस्टमार्टम हाउस से मुख्तार अंसारी का शव ले जाने वाली एंबुलेंस के साथ 26 गाड़ियों का काफिला निकलकर गाजीपुर जाएगा। पोस्टमार्ट के दौरान उमर अंसारी, मुख्तार के भतीजे शव के साथ मौजूद हैं। एंबुलेंस में शव को रखा जाएगा और पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद काफिला रवाना होगा। काफिले में परिवार और पुलिस-प्रशासन के अफसरों की गाड़ियां रहेंगी।
Mukhtar Ansari Death: मुख्तार अंसारी के शव का पोस्टमार्टम जारी
मुख्तार अंसारी के शव का पोस्टमार्टम खत्म हुआ। बांदा मेडिकल कॉलेज में 5 डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्ट कर रहे हैं। मुख्तार के बेटे उमर अंसारी की मौजूदगी में पोस्टमार्टम जारी है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही। पोस्टमार्टम के दौरान कुल 9 लोग मौजूद हैं। एक मजिस्ट्रेट, 5 डॉक्टर, पुलिस कर्मी और फोटोग्राफर भी मौजूद हैं।
Mukhtar Ansari Death: शिवपाल सिंह ने कहा मुख्तार की मौत संदिग्ध है
शिवपाल सिंह यादव का कहना है कि इस परिवार से हमारे बहुत अच्छे संबंध थे। उनकी मौत संदिग्ध घेरे में है। इसलिए कोर्ट को स्वत: संज्ञान लेना चाहिए। अगर जेल में किसी की मौत होती है तो जिम्मेदारी सबकी बनती है। जेल प्रशासन से लेकर राज्य सरकार तक।