मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव का प्रचार थम चुका है। इन दोनों राज्यों की जनता आज चुनावी रण में उतरे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेगी। वहीं राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होना है। राजस्थान में वर्तमान में अशोक गहलोत की सरकार है। वहीं बीजेपी उसे सत्ता से बेदखल करके अपनी सरकार बनाने के लिए पूरा ताकत झोंक रही है। राज्य में हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज है। ऐसे में कांग्रेस अपनी जननीति और लोकलुभावन योजनाओं के दम पर दोबारा वापसी की उम्मीद के दावे कर रही हैं। जबकि बीजेपी उसे महिलाओं के प्रति अत्यातार, अपराध जैसे मुद्दों पर घेर रही है। इसके अलावा काफी समय तक कांग्रेस के दिग्गजों गहलोत और सचिन पायलट के बीच खींचतान भी देखी गई है जिसका बीजेपी पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी।
कमलनाथ ने की बजरंग बली की पूजा
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में स्थित सिमरिया हनुमान मंदिर का दौरा और प्रार्थना करने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, “मैंने भगवान से आर्शीवाद मांगा है कि प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहे और हर व्यक्ति के लिए आर्शीवाद मांगा है।”
Madhya Pradesh Election : इंदौर में दिलचस्प मुकाबला
मध्य प्रदेश के इंदौर क्षेत्र क्रमांक 1 में 3,63805 मतदाता हैं। यहां से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को बीजेपी के प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतारा है। यहां से कांग्रेस के नेता संजय शुक्ला पिछली बार चुनाव जीते थे। संजय शुक्ला 2018 के चुनाव में विधानसभा क्रमांक-01 से पहली बार विधायक बने थे उन्होंने बीजेपी नेता सुदर्शन गुप्ता को 8163 वोटों से चुनाव हराया था। 2013 में यहां बीजेपी से सुदर्शन गुप्ता को 99558 वोट देकर मतदाताओं ने विजय दिलाई थी। वहीं निर्दलीय कमलेश खंडेलवाल को 54176 वोटों के अंतर से हराया था। जबकि कांग्रेस के दीपू यादव को 37595 मतों से ही संतोष करना पड़ा था।
Chhattisgarh Assembly Election 2023 : छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर मतदान
छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार को होगा। मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बताया जा रहा है कि 70 सीटों पर होने वाले चुनाव में कुल वोटरों की संख्या 1.63 करोड़ है। इसमें 81.42 लाख पुरुष वोटर और 81.72 लाख महिला वोटर शामिल हैं। चुनाव आयोग की तरफ से अंतिम चरण के लिए 18,806 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा प्रत्याशी 26 रायपुर पश्चिम विधानसभा सीट पर हैं, जबकि डौंडीलोहारा में सबसे कम 4 प्रत्याशी हैं।
कांग्रेस का पता लापता – नड्डा
राजस्थान के दौसा में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी का पता लापता है इनके राज में बिजली,सड़क, पानी, विकास लापता है…बस भ्रष्टाचार का पता है। जहां जाते हैं वहां भ्रष्टाचार करते हैं……..कांग्रेस आपको गरीबी की तरफ धकेलती है और प्रधानमंत्री मोदी देश की 80 करोड़ जनता को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से मुफ्त राशन देते हैं और साढ़े 13 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालकर विकास की ओर लेकर चलते हैं
OBC की जनसंख्या ना बताना एक साजिश – राहुल गांधी
Rajasthan Assembly Election : राजस्थान के नोहर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “मैंने संसद में कहा था कि देश में जातीय जनगणना होनी चाहिए। मैं पूछना चाहता हूं कि इस देश में ओबीसी की जनसंख्या कितनी है? कोई नहीं बता सकता। ये एक साजिश है, वो आपको आपकी असली आबादी के बारे में नहीं बताना चाहते हैं। इस देश में ओबीसी की आबादी कम से कम 50% है…”
Madhya Pradesh Assembly Election : मध्य प्रदेश में कल वोट की चोट, तैयारियां पूरी
मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने कहा, “कल मतदान है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। बालाघाट के 3 मतदान केंद्र, मंडला के 55 मतदान केंद्र और डिंडौरी के 40 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा क्योंकि ये तीनों जिले नक्सल प्रभावित हैं। मतदान से पहले सभी केंद्रों पर मॉक पोलिंग कराई जाएगी…”
राहुल गांधी ने जातीय गणना को बताया जरूरी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो वह मौजूदा कांग्रेस सरकार द्वारा चलायी जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर देगी और अरबपतियों की मदद करेगी। कांग्रेस नेता ने जातिगत जनगणना को क्रांतिकारी फैसला बताते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही जातिगत सर्वे करवाया जाएगा और केंद्र में भी कांग्रेस की सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराई जाएगी। राहुल ने अपने भाषण राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जातिगत जनगणना पर केंद्रित रखा। उन्होंने पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए मतदाताओं को आगाह किया कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो वह मौजूदा कांग्रेस सरकार की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं को बंद कर देगी।
राहुल का विरोधियों पर निशाना
राजस्थान के श्रीगंगानगर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी स्वास्थ्य बीमा योजना के बारे में बार-बार बोलते रहते हैं। मैं आज आपको उनकी स्वास्थ्य बीमा योजना समझता हूं इसके लिए पैसा GST से आता है और ये पैसा गरीब जनरल कास्ट, दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग के लोग देते हैं…”
चुनाव सलमान खान के नाम होता है क्या, प्रियंका पर शिवराज का निशाना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “प्रियंका गांधी इतना नीचे उतर सकती हैं ये मेरी कल्पना नहीं थी। अभिनेता बोलना फिल्मों के नाम लेना, चुनाव एक्टिंग के लिए होता है क्या? चुनाव फिल्मों के लिए होता है क्या? चुनाव सलमान खान के नाम पर होता है क्या? चुनाव जनता के मुद्दों पर होते हैं… इससे पता चलता है कि कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं हैं। कांग्रेस गंभीर नहीं है कांग्रेस निम्न स्तर पर उतर आई है। कांग्रेस बौखलाई हुई है इसलिए इस प्रकार के काम कर रही है।”
कार्यकर्ताओं की निष्ठा पर भरोसा, पहला चुनाव लड़ रही सुशीला डूडी ने जताया भरोसा
राजस्थान की नोखा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुशीला डूडी का यह पहला चुनाव है लेकिन उन्हें भरोसा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और अपने पति रामेश्वर डूडी द्वारा इलाके में किए गए काम के बलबूते पर वह अपनी पहली राजनीतिक परीक्षा में सफल होंगी। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 25 नवंबर को होना है जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी। नोखा के पूर्व विधायक रामेश्वर डूडी ब्रेन हेमरेज के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। कांग्रेस ने उनकी जगह उनकी पत्नी सुशीला डूडी को अपना उम्मीदवार बनाया है। सुशीला मानती हैं कि उन्हें राजनीति का बहुत कम अनुभव है। लेकिन उन्हें विश्वास है कि उनके पति रामेश्वर डूडी से इलाके के मतदाताओं के लगाव के बलबूते पर वह इस चुनाव में दूसरे प्रत्याशियों को टक्कर दे पाएंगी। इस सीट पर उनका मुख्य मुकाबला मौजूदा भाजपा विधायक बिहारीलाल बिश्नोई और निर्दलीय उम्मीदवार कन्हैया लाल झावर से है।
केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देंगे – नड्डा
राजस्थान बीजेपी ने अपना घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि जिन किसानों की जमीन कुर्क हो गई है, उन्हें मुआवजा देने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी वहीं गेहूं की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के ऊपर बोनस देते हुए 2700 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदी जाएगी। छात्राओं को स्कूटी जैसी सुविधाएं देने का वादा किया गया है वहीं आमजन को महंगाई से राहत देने के लिए 450 रुपए में रसोई गैस देने का वादा किया गया है। केजी से पीजी तक पढ़ाई निःशुल्क करने का वादा भी घोषणा पत्र में किया गया है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के लिए वत्तिीय सहायता को बढ़ाकर 12 हजार रुपए प्रतिवर्ष किया जायेगा।
Rajasthan Election: मोदी जी ने पुरानी पेंशन बंद कर दी
कोरोना के समय नरेंद्र मोदी जी ने कहा कि मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाओ, थाली बजाओ। देश में ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं था, दवाएं नहीं थी। राजस्थान में घर में फूड पैकेट मिल रहा था, गरीबों की रक्षा हो रही थी क्योंकि हम गरीबों की सरकार चलाते हैं। मोदी जी ने पुरानी पेंशन बंद कर दी। महंगाई राहत कैंप से डेढ़ करोड़ लोगों को फायदा मिला। गरीबों की जेब में हम पैसा ट्रांसफर करते हैं।
Rajasthan Election: जितना पैसा अमीरों को दिया उतना गरीब-किसान को भी दें
तारानगर में राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने जितना पैसा अमीरों की जेब में डाला है, हमारे राजस्थान के गरीबों-किसानों को देना पड़ेगा। अगर अडाणी को एक रुपया दिया तो किसान-गरीब को भी एक रुपया देना होगा। नरेंद्र मोदी जी स्कूल-कॉलेज, अस्पतालों को प्राइवेटाइज करते हैं और पूरा फायदा अरबपतियों को देते हैं।
Rajasthan Election: कांग्रेस में शामिल हुए अमीन पठान
बीजेपी नेता अमीन पठान ने बीजेपी से इस्तीफा देकर कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। उन्हें सीएम अशोक गहलोत ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। अमीन को पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का करीबी माना जाता था। हज कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अमीन पठान कामां विधानसभा सीट से टिकट मांग रहे थे। टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने बीजेपी छोड़ दी।
Rajasthan Election: कांग्रेस सरकार चुप क्यों है
स्मृति ईरानी ने अशोक गहलोत की सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज कौन ऐसा व्यक्ति हैं जो यह गारंटी दे सके कि अगर उसकी बेटी-पत्नी घर की चौखट से पैर बाहर निकालती है तो सम्मान के साथ वापस लौटेगी। कांग्रेस की सरकार महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर चुप क्यों है?
Rajasthan Election: हमें लोगों को सही बात बताना है, बीजेपी को जिताना है
नितिन गडकरी ने चुनावी जनसभा में कहा कि हमें लोगों को सही बात बताना है, बीजेपी को जिताना है। कार्यकर्ता होम टू होम जा सकते हैं। वे लोगों को सही बात बता सकते हैं। हमे राजस्थान में बीजेपी की सरकार बनानी है।
Rajasthan Election: राजस्थान दोरे पर नितिन गडकरी
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी राजस्थान के दौरे पर हैं। वे कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के लिए जयपुर एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। गडकरी जयपुर, विद्याधर नगर, आरसी पैराडाइज, विद्याधर नगर नमे चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
Rajasthan Election: देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनेगा राजस्थान
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हमने इस घोषणा पत्र को लोगों से बात करके बनाया है। राजस्थान देश के विकास में ग्रोथ इंजन बने इस दृष्टिकोण से इसे बनाया गया है।
Rajasthan Election: पेपर लीक पर SIT का करेंगे गठन
मेरिटोरियस लड़कियों को 12वीं के बाद फ्री में स्कूटी दी जाएगी। लखपति दीदी योजना के जरिए छह लाख ग्रामीण महिलाओं को ट्रेनिंग देंगे और वित्तीय सहायता देंगे ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। महिलाओं को मुख्यधारा सो जोड़ा जाएगा। अगर हमारी सरकार आती है तो हम एसआईटी बैठाएंगे। जिन लोगों ने माइनिंग में , पेपर लीक में, पीएम आवास योजना में घोटाला किया है उनके खिलाफ जांच होगी। दोषियों पर एक्शन होगा। टूरिज्म से जुड़े लोगों को स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी। एम्स और आईआईटी की तर्ज पर राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और राजस्थान मेडिकल साइंसेज बनाया जाएगा।
Rajasthan Election: हर जिले में खुलेगा महिला थाना
जेपी नड्डा ने कहा कि हम डबल इंजन की सरकार चाहते हैं। वो इसलिए ताकि जनता को सीधे लाभ हो। केंद्र सरकार ने प्रदेश को 29 अस्पताल दिए हैं। भ्रष्टाचारी सरकार को हटाकार जनता के हित वाली सरकार को लाना जरूरी है। हमारा घोषणा पत्र तीन चीजों पर निर्भर है- सबका साथ, सबका विकास, गरीब, महिलाओं को सशक्तिकरण तीसरा है इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर देना। गेहूं की खरीद पर किसानों को बोनस दिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर जिले में महिला थाना खोला जाएगा। हर थाने में महिला डेस्क होगी। हर जिले में एंटी-रोमियो स्कवॉड होगा। हर गर्ल चाइल्ड के लिए दो लाख का सेविंग बॉन्ड दिया जाएगा।